ठेकेदार की दबंगई, आरईएस के अभियंता को दिखाया तमंचा, कहा-बिल का भुगतान करो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भदोही जिले में पैसे के भुगतान को लेकर शनिवार की सुबह 11 बजे एक ठेकेदार ने ग्रामीण अभियंत्रण सेवा (आरईएस) के अधिशासी अभियंता केसी श्रीवास्तव के आगे तमंचा लहरा दिया। यही नहीं अभियंता को बिल भुगतान जल्द करने को लेकर धमकी भी दी। इससे दफ्तर में खलबली मच गई। मामले में अब तक थाने में तहरीर नहीं पड़ी है, लेकिन दफ्तर के कर्मचारी भयभीत हो गए हैं।
अधिशासी अभियंता केसी श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को वह दफ्तर का काम निपटा रहे थे। उसी समय ज्ञानपुर नगर से सटे एक गांव का एक ठेकेदार पहुंचा और रोके गए भुगतान कराने के लिए दबाव बनाने लगा, जबकि उक्त ठेकेदार की ओर से कराया गया काम निम्न स्तर का था। जांच के बाद भुगतान की बात की तो कमर में हाथ डालकर तमंचा निकालकर दिखाने लगा। इससे दफ्तर में बैठे अन्य कर्मी समेत वह खुद सहम गए, हालांकि बिना जांच भुगतान में असमर्थता जताई। उक्त ठेकेदार ने धमकी दी कि भुगतान न करने पर अंजाम बुरा होगा। उक्त घटना से दफ्तर में हड़कंप मच गया।
अभियंता ने बताया कि उक्त ठेकेदार के साथ वेदपुर और घरांव का भी एक ठेकेदार था। उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया है। उच्चाधिकारियों का निर्देश मिलने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। सीडीओ विवेक त्रिपाठी ने कहा कि उनके संज्ञान में भी मामला आया है। ठेकेदार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।