भैंस चोरों ने पुलिस टीम पर झोंका फायर: मुठभेड़ में एक घायल, चार बदमाश गिरफ्तार; 62 हजार रुपये बरामद
गाजीपुर के रकसहा में भैंस चोरी के आरोपियों की घेराबंदी के दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से तमंचा-कारतूस, पिकअप, स्कार्पियो, चोरी की भैंस और 62 हजार रुपये बरामद किए गए। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
विस्तार
गाजीपुर के दिलदारनगर थानाक्षेत्र के रकसहा कांशीराम आवास योजना में भैंस चोरी करने वाले संदिग्धों की घेराबंदी करने पहुंची दिलदारनगर और जमानियां पुलिस की संयुक्त टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि चार अन्य को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, खोखा व जिंदा कारतूस, पिकअप, स्कार्पियो, चोरी की एक भैंस और 62 हजार रुपये बरामद किए हैं।
थानाध्यक्ष दिलदारनगर संतोष कुमार राय ने बताया कि बृहस्पतिवार रात वह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान फुल्ली मोड़ पर मुखबिर से सूचना मिली कि रकसहा कांशीराम आवास योजना में कुछ संदिग्ध भैंस चोर मौजूद हैं। सूचना को सही मानते हुए प्रभारी निरीक्षक जमानियां योगेंद्र सिंह की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई।
पुलिस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। थानाध्यक्ष के अनुसार, पुलिस ने आत्मरक्षा में संतुलित फायरिंग की। इसमें रामकुमार (25) निवासी बेलहरी, थाना मोहनिया, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल को तत्काल सीएचसी भदौरा भेजा गया।
पुलिस ने मौके से रिफान शेख (33) निवासी जे.डी. नगर कॉलोनी पहाड़िया, थाना सारनाथ, वाराणसी, बिमेलश नट (35) निवासी बेलहरी, थाना मोहनिया, कैमूर (भभुआ), बिहार, शबी हैदर उर्फ गुड्डू (36) निवासी पड़ाव सब्जी मंडी, थाना मुगलसराय, चंदौली और मु. आरिफ (40) निवासी कांशीराम आवास, मुगलसराय, थाना अलीनगर, चंदौली को भी गिरफ्तार किया है।