Budget 2024: बनारस की 2.50 लाख किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाएगी वैक्सीन, तैयारी में जुटा स्वास्थ्य विभाग
बजट में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए वैक्सीन की घोषणा के बाद स्वास्थ्य विभाग तैयारी में जुट गया है। इसका लाभ 9 से 14 साल की उम्र तक की किशोरियों को मिलेगा।
विस्तार
किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से सरकार ने अंतरिम बजट में टीकाकरण कराने का एलान किया है। घोषणा के बाद स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण से जुड़ी तैयारियों में जुट गया है। जिले में ऐसी करीब ढाई लाख किशोरियां हैं, जिनको इसका लाभ मिलेगा।
सर्वाइकल कैंसर को आम बोल चाल में गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर भी कहा जाता है। यह एचपीवी यानी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस के संक्रमण से होता है। चिकित्सकों के अनुसार यह बीमारी युवावस्था में होती है, लेकिन किशोरावस्था से स्क्रीनिंग और जागरूकता जरूरी है। ताकि आगे चलकर यह बीमारी न हो। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एके मौर्या ने बताया कि वैक्सीन आने से इसका लाभ किशोरियों को होगा। जिले में 9 से 14 साल तक की करीब ढाई लाख किशोरियों को सरकार की इस घोषणा का लाभ होगा।
किशोरियों की ब्लॉकवार सूची तैयार करवाई जाएगी। वैक्सीन मिलने के बाद शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कैंप लगवाकर टीकाकरण कराया जाएगा। - डॉ. संदीप चौधरी, सीएमओ
शुरुआती दौर में ही जांच और टीकाकरण कराए जाने से किशोरियों, महिलाओं को इसके संक्रमण से बचाया जा सकेगा। - डॉ. फाल्गुनी गुप्ता, अधीक्षक, सीएचसी चौकाघाट
एक लाख और बनेंगी लखपति दीदी
वित्त मंत्री ने तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का ऐलान किया है। वाराणसी में ड्रोन, लघु व कुटीर उद्योग और स्वयं सहायता समूह से पांच हजार महिलाएं लखपति बन चुकी हैं। इसमें 15 से 20 हजार महिलाएं लखपति बनने से चंद कदम की दूरी पर हैं। इस एलान के बाद शादी समारोह में भोजन परोसने का प्रशिक्षण, अचार-मुरब्बा तैयार करने के स्वयं सहायता समूह के जरिये एक लाख लखपति दीदी बनारस में और बनाई जाएंगी।
2600 आशा और सात हजार आंगनबाड़ी को आयुष्मान की सौगात
आयुष्मान भारत योजना में आशा और आंगनबाड़ी को शामिल करने से वाराणसी में 10 हजार कार्यकर्ताओं को लाभ मिलेगा। वाराणसी में 2600 आशा और सात हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को आयुष्मान योजना का लाभ मिलेगा।