मऊ: भाजपा के मनोनीत सभासद का भाई निकला अवैध पटाखा कारोबारी, साढ़े तीन लाख का माल बरामद; प्राथमिकी दर्ज
कोपागंज पुलिस ने एक मकान पर छापा मारकर साढ़े तीन लाख रुपये के पटाखे बरामद किए। पुलिस ने नंदन गुप्ता को हिरासत में लेकर प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी का बड़ा भाई अदरी नगर पंचायत में भाजपा का मनोनीत सभासद बताया जा रहा है।
विस्तार
कोपागंज थाना क्षेत्र के इंदारा जंक्शन के पास स्थित इंदारा बाजार में मंगलवार देर शाम पुलिस ने एक मकान में छापेमारी कर अवैध रूप से रखे गए पटाखों की खेप बरामद की। बरामद पटाखों की अनुमानित बाजार कीमत साढ़े तीन लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से कथित विक्रेता नंदन गुप्ता (34) पुत्र मुन्ना गुप्ता को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी का बड़ा भाई अदरी नगर पंचायत में भाजपा का मनोनीत सभासद है। इस संबंध में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कोपागंज थानाध्यक्ष रोहन राकेश के अनुसार, मंगलवार की देर शाम करीब आठ बजे मुखबिर से सूचना मिली कि इंदारा कस्बे के एक मकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर उनकी बिक्री की जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। तलाशी के दौरान मकान से 18 गत्तों और पांच बोरों में भरे पटाखे बरामद किए गए। पुलिस ने पटाखों की कीमत करीब 3.50 लाख रुपये आंकी है।
पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई है। आरोपी के भाई के भाजपा का मनोनीत सभासद होने की बात सामने आने के बाद मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री की सूचना के आधार पर की गई।
बताया गया कि नंदन गुप्ता को पूर्व में रेलवे का टिकट ब्लैक करने के आरोप में रेलवे पुलिस भी पकड़ चुकी है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी की पुष्टि पुलिस रिकॉर्ड से की जानी बाकी है।
गौरतलब है कि जिले में अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ दस दिन के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले 18 अक्तूबर की शाम चिरैयाकोट बाजार में एक मकान से करीब तीन लाख रुपये के पटाखे बरामद किए गए थे। पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध पटाखा कारोबार पर निगरानी बढ़ने के संकेत मिले हैं।