समर्पण और सम्मान: किसी मरीज को निराश न करें, ईश्वर की मदद मानकर करें इलाज; ब्रजेश पाठक ने डॉक्टरों से की अपील
Varanasi News: अमर उजाला की ओर से आयोजित समर्पण और सम्मान कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने डॉक्टरों को सम्मानित किया। उन्होंने अपील की कि आप किसी भी मरीज को निराश न करें।
विस्तार
चिकित्सक भगवान का स्वरूप होते हैं। आपके पास हर प्रकार के मरीज आते होंगे। मेरी अपील है कि आप किसी भी मरीज को निराश न करें। सेवा भाव से उनका इलाज करें और यह विश्वास रखें कि ईश्वर आपकी मदद करेंगे। ये बातें प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को अमर उजाला की ओर से आयोजित समर्पण और सम्मान कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कहीं। कार्यक्रम का आयोजन छावनी स्थित होटल सूर्या कैसर पैलेस में हुआ। इस दौरान उन्होंने वाराणसी समेत आठ जिलों के 20 चिकित्सकों को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि चिकित्सकों का सम्मान भगवान के सम्मान के समान है। चिकित्सक मरीजों का उपचार कर उन्हें स्वस्थ जीवन प्रदान करते हैं। आप सभी चिकित्सकों ने समाज के प्रति विशिष्ट योगदान दिया है, इसलिए आज इस मंच पर आपका सम्मान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन हुए हैं। पहले निजी अस्पतालों को हर वर्ष नवीनीकरण कराना पड़ता था, लेकिन अब इसकी अवधि बढ़ाकर पांच वर्ष कर दी गई है। प्रदेशभर में पीपीपी मॉडल के माध्यम से स्वास्थ्य अवसंरचना और व्यवस्थाओं के विकास के लिए चिकित्सकों का स्वागत है। इन्वेस्टर्स समिट के जरिए भी प्रदेश में सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों के निर्माण के लिए निवेश को बढ़ावा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 25,000 स्वास्थ्य उपकेंद्र, 3,500 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 950 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), 85 से अधिक जिला अस्पताल तथा 200 से अधिक मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल हैं। सरकार ‘’वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज' बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं। 2017 तक सिर्फ 17 मिडिकल कॉलेज थे जो अब बढ़ कर 80 हो गए हैं। अभी रायबरेली और गोरखपुर में दो एम्स अस्पताल संचालित हैं। अन्य मेडिकल कॉलेज को पीपीपी मॉडल पर बना रहे हैं। उन्हाेंने बताया कि कैंसर मरीजोंं के लिए 6-7 जिले में कैंसर डे केयर सेंटर खोले जा रहे हैं। इसके लिए हर जिले में विशेषज्ञों की तैनाती की जाएगी। 18 मंडलों में कैंसर के नए अस्पताल खोले जाएंगे जिसमें सहयोग के लिए उप मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को आगे आने की अपील की।
आठ जिलों के इन 20 चिकित्सकों का हुआ सम्मान
- वाराणसी से - डॉ. रामपाल सिंह, डॉ. विवेक त्रिपाठी, डॉ. दिव्या सिंह व केके सिंह
- बलिया से - डॉ. अनिल सोनी और डॉ. वीरेंद्र कुमार गुप्ता
- भदोही से - डॉ. एसपी गुप्ता, डॉ. ए रहमान, डॉ. सीताराम मिश्रा और डॉ. प्रतीक मौर्य
- चंदौली से - डॉ. कलीम और डॉ. विजय लक्ष्मी पांडेय
- गाजीपुर से - डॉ. बीति सिंह और डॉ. सत्यम मणि
- जौनपुर से - डॉ. एन के सिंह, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. अवधेश यादव और डॉ. लाल बहादुर सिद्धार्थ
- मऊ से - डॉ. प्रमोदिता सिंह
- सोनभद्र से - डॉ. जे एन सिंह और डॉ. ए के यादव
कजरी, गजल और भजन से अनाहत फ्यूजन ने बांधा समा
समर्पण और सम्मान समारोह में देर शाम अनाहत फ्यूजन ने अद्भुत प्रस्तुति दी। टीम ने घुंघरू टूट गए, चांदी जैसा रंग है तेरा, चांद अंगड़ाइयां ले रहा है, राम भजन, सूफ़ी कलाम - बरसों के इंतजार का, लाल मेरी दमादम मस्त कलंदर, केसरी बालम, बनारसी कजरी- कचौड़ी गली आदि की प्रस्तुति देकर सभी को मोहित कर दिया। टीम में गायन राघवेंद्र शर्मा और तरुण सिंह, तबले पर स्वपनिल रावल, गिटार पर विवेक कुमार, कीबोर्ड पर सजल कश्यप, वॉयलिन पर हेमंत कुमार ने संगत की।