बीएचयू में टकराईं बाइकें, हादसे में घायल आजमगढ़ के छात्र की इलाज के दौरान मौत
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू ) परिसर में एलडी गेस्ट हाउस के सामने दो बाइक की टक्कर में घायल हुए छात्र चंद्रभूषण दूबे (23) की उपचार के दौरान बुधवार को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। साथी की मौत की सूचना पाकर बीएचयू पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे छात्रों ने डॉक्टरों के आने में देरी और उपचार में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को समझाबुझाकर शांत कराया।
आजमगढ़ जिले के देवगांव निवासी संपूर्णानंद दूबे बीएचयू में नौकरी करते हैं और परिवार के साथ परिसर में रहते हैं। उनके तीन बेटों में सबसे बड़ा चंद्रभूषण एमए द्वितीय वर्ष का छात्र था। बीती 29 जनवरी की रात चंद्रभूषण अपने दोस्त नवीन कुमार के साथ लंका में चाय पीने के बाद बाइक से वापस लौट रहा था।
दोनों एलडी गेस्ट हाउस के समीप पहुंचे थे, तभी उनकी बाइक एक अन्य बाइक सवार युवकों ने टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद प्राक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों ने टक्कर मारने वाली बाइक पर सवार दो युवकों को पकड़ कर लंका थाने की पुलिस को सौंप दिया था।