वाराणसीः फूलन देवी के शहादत दिवस पर गरमाई सियासत, मुकेश सहनी को एयरपोर्ट पर रोका गया
बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बिहार सरकार के पशु एवं मत्स्य मंत्री मुकेश सहनी को पुलिस ने रोक दिया। इसके अलावा पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को कैंटोमेंट स्थित होटल डी पेरिस में नजरबंद कर दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फूलन देवी के शहादत दिवस पर रविवार को वाराणसी में सियासत गरमा गई। दोपहर में बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बिहार सरकार के पशु एवं मत्स्य मंत्री मुकेश सहनी को पुलिस ने रोक दिया। इसके अलावा पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को कैंटोमेंट स्थित होटल डी पेरिस में नजरबंद कर दिया गया।
शहर भर में लगे बैनर, पोस्टर और होर्डिंग उतार दिए गए। रमाडा होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता को रोकने का भी पुलिस ने प्रयास किया। शाम को मंत्री मुकेश सहनी विमान से कोलकाता रवाना हो गए। पत्रकारों से हुई बातचीत में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव मिश्रा, युवा विंग के अध्यक्ष संतोष सहनी, अंकुर सिंह ठाकुर, आनंद मधुकर यादव, देव ज्योति ने यूपी सरकार पर निशाना साधा।
कहा कि उनकी पार्टी यूपी के 18 मंडलों में फूलन देवी की प्रतिमा लगाना चाहती थी। इसे प्रशासन ने अस्वीकृत कर प्रतिमाओं को जब्त कर लिया। हम लोगों ने अपने सारे कार्यक्रम स्थगित कर दिए। केवल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को रमाडा होटल में पत्रकार वार्ता करनी थी। लेकिन एयरपोर्ट पर पहुंचते ही उन्हें रोक लिया गया।
सैकड़ों कार्यकर्ताओं को जगह-जगह रोक दिया गया। बैनर पोस्टर फाड़े गए। पार्टी की लोकप्रियता से सरकार डरी है। यूपी में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। इसका जवाब विधानसभा चुनाव में दिया जाएगा।
संसद भवन के सामने फूलने देवी की प्रतिमा लगाई जाए
निषादराज कल्याण समिति की ओर से पूर्व सांसद फूलन देवी का 20 वां शहादत दिवस राजघाट पर मनाया गया। रविवार को उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। निषाद समाज की ओर से संसद भवन के सामने फूलन देवी की प्रतिमा लगाने की मांग की गई।
मुख्य अतिथि मुरारी लाल कश्यप ने कहा कि फूलन देवी निषाद समाज से थीं। उनके शहादत को भूला नहीं जा सकता है। विशिष्ट अतिथि सपा महिला सभा की महानगर अध्यक्ष पूजा यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने फूलन देवी को संसद तक पहुंचाया। वह हमेशा जुल्म के खिलाफ आवाज उठाती रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे किशन जायसवाल ने कहा कि फूलन देवी के जीवन से जुल्म के खिलाफ लड़ने की सीख मिलती है।