एक क्लिक में वाराणसी की बड़ी खबरें : रिटायर्ड मेजर से डेढ़ लाख की ठगी, दूसरी शादी करने वाली विवाहिता को सजा
Varanasi News : कैंट रेलवे स्टेशन पर शातिरों ने रिटायर्ड मेजर का मोबाइल और डेबिट कार्ड चोरी कर लिया। जालसाजों ने डेढ़ लाख रुपये की निकासी कर ली। पीड़ित ने इस बाबत मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, पहले पति के होते हुए दूसरी शादी करने वाली शिवपुर निवासी वंदना गुप्ता को छह माह के कारावास और दो हजार रुपये जुर्माना की सजा सुनाई गई है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कैंट रेलवे स्टेशन पर रिटायर्ड मेजर का मोबाइल और डेबिट कार्ड चोरी हो गया। इस दौरान मोबाइल और डेबिट कार्ड से जालसाजों ने डेढ़ लाख रुपये की निकासी कर ली। पीड़ित ने कैंट जीआरपी में केस दर्ज कराया है। नागपुर के कारोल जिले के मलकापुर निवासी पाराशर रमन ने बताया कि वह सेना से रिटायर्ड मेजर हैं। कैंट स्टेशन से 12792 दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस के एस-3 में सवार हुआ। इस बीच देखा कि जेब से मोबाइल और तीन डेबिट कार्ड नदारद थे। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि मुकदमे की विवेचना कराई जा रही है।
फर्जी बैनामा और जालसाजी मामले में चार पर केस
जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा के मामले में चार के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। पीड़िता कुसुम चंद्रा सिंह के अनुसार पति हरकेश सिंह उर्फ बबलू ने 2003 में जमीन की रजिस्ट्री करवाई थी। 2006 में पति का निधन हाे गया। हाल में ही जब जमीन के कागजात निकलवाए तो मालूम चला कि उक्त जमीन को जेठानी मीरा सिंह ने कूटरचित और फर्जी हस्ताक्षर कर बैनामा कर दिया। कुसुम चंद्रा सिंह की तहरीर के आधार पर जेठानी मीरा, विशाल सिंह समेत चार के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
एसडीएम और वकीलों में विवाद
सदर तहसील में शुक्रवार को एक मामले की सुनवाई के दौरान एसडीएम और वरिष्ठ अधिवक्ता ब्रजेश कुमार मिश्र के बीच विवाद हो गया। एसडीएम द्वारा डीएम को भेजे पत्र में गंभीर टिप्पणी करने पर वकीलों ने रायफल क्लब के पास जमकर प्रदर्शन किया। इसी दौरान आश्वासन पर वकील वापस लौट गए। सेंट्रल बार अध्यक्ष मंगलेश दूबे ने बताया कि डीएम ने आश्वस्त किया कि मामले का समाधान निकाल जाएगा। अधिवक्ता के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।
महाकुंभ के मद्देनजर विश्वनाथ धाम में मॉक डि्रल
श्री काशी विश्वनाथ धाम में कुछ संदिग्ध किस्म के लोग घुस गए हैं। जो जहां हैं, वहीं रुक जाएं। किसी भी द्वार से न कोई बाहर जाएगा और न कोई अंदर जाएगा। इस घोषणा के साथ ही शुक्रवार की शाम लगभग चार बजे धाम में जो जहां था, वहीं रुक गया। पुलिस, सीआरपीएफ के जवानों और कमांडो की टीम ने संदिग्ध लोगों को पकड़ा। इसके बाद जाकर सभी को पता लगा कि महाकुंभ के मद्देनजर सुरक्षा और सतर्कता को परखने के लिए मॉक डि्रल किया गया था।
पुलिस उपायुक्त सुरक्षा सूर्यकांत त्रिपाठी ने बताया कि महाकुंभ के मद्देनजर विश्वनाथ धाम की सुरक्षा और निगरानी को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में पुलिस, पीएसी और सीआरपीएफ के जवानों की मुस्तैदी को परखने के लिए समय-समय मॉक डि्रल किया गया था।
महाकुंभ के नाम से फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी करने के आरोपियों की जमानत खारिज
जिला अदालत ने महाकुंभ के नाम से फर्जी वेबसाइट बनाकर टेंट आदि की बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को जमानत देने से इन्कार कर दिया। यह आदेश सत्र न्यायाधीश संतोष राय ने दिया।
साइबर थाना प्रयागराज में 18 नवंबर 2024 को बिहार नालंदा के रहने वाले पंकज कुमार, वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के अंकित कुमार गुप्ता व यश चौबे पर धोखाधड़ी-आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप लगाया कि इन्होंने ‘कुंभ कॉटेज बुकिंग डॉट काम’ व अन्य नाम फर्जी वेबसाइट बनाकर श्रद्धालुओं को धोखा देकर टेंट आदि बुकिंग के नाम ठगी की। तीर्थ यात्रियों से धोखे से ऑनलाइन पैसे भी जमा करा लिए।
वकील ने दलील दी कि आवेदकों को मामले में फर्जी फंसाया गया है। वहीं, जिला शासकीय अधिवक्ता ने जमानत अर्जी का विरोध किया। कहा, आवेदक साइबर अपराधी हैं और ठगी गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। फर्जी वेबसाइट से टेंट, कॉटेज, होटल, वीआईपी दर्शन, स्नान और गंगा आरती के नाम पर फर्जी बुकिंग कर लोगों को ठग रहे हैं। ऐसे में ये जमानत के योग्य नहीं हैं।
10 लाख के गहने लेकर बेटी घर से गई, पिता ने दर्ज कराया केस
जगतगंज क्षेत्र की रहने वाली एक युवती अपने घर से 10 लाख रुपये के गहने लेकर लापता हो गई। युवती के पिता की तहरीर पर आजमगढ़ जिले के भिखारी, वनगांव के मूल निवासी व जगतगंज में रहने वाले जितेंद्र यादव, खजुरी पांडेयपुर के मनीष कुमार यादव और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
युवती के पिता का आरोप है कि जितेंद्र उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर घर से कीमती गहने मंगवा कर साथ ले गया है। जितेंद्र और मनीष वगैरह का संगठित गिरोह है जो भोली-भाली युवतियों को शादी का झांसा देकर उनके घर से गहने मंगवाता है। इसके बाद उन्हें छोड़ देता है। चेतगंज थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से यात्री का बैग चोरी
15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के एस-5 में सफर के दौरान शुक्रवार को यात्री का बैग चोरी हो गया। बैग में छह डेबिट कार्ड, मोबाइल समेत महत्वपूर्ण दस्तावेज रहे। पीड़ित ने कैंट जीआरपी में केस दर्ज कराया। झारखंड के धनबाद ग्याडुडीह निवासी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि वह गाजियाबाद से बनारस लौट रहे थे। परसीपुर और सेवापुरी के बीच किसी ने छोटा बैग पार कर दिया।
2.59 लाख उधार लिया, वापस मांगने पर की मारपीट
वाराणसी के मढ़वा निवासी रणधीर यादव ने शिवपुर थाने में कामता नगर, चांदमारी निवासी राजेश तिवारी के खिलाफ शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। रणधीर ने पुलिस को बताया कि राजेश उनसे दो लाख 59 हजार रुपये उधार ले रखा है। राजेश से पैसा मांगने पर उसने उन्हें चांदमारी स्थित केजीएफ रेस्टोरेंट बुलाया। वहां पहुंचते ही राजेश ने उन्हें लात-घूसा और डंडा से बुरी तरह मारा। दोबारा पैसा मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।
पहले पति के होते दूसरी शादी करने वाली विवाहिता को सजा
पहले पति के होते हुए दूसरी शादी करने वाली शिवपुर निवासी वंदना गुप्ता को छह माह के कारावास और दो हजार रुपये जुर्माना की सजा सुनाई गई है। यह आदेश शुक्रवार को विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अश्वनी कुमार की अदालत ने दिया। वहीं जुर्माना न देने पर वंदना को एक माह अतिरिक्त कारावास की सजा काटनी होगी।
परिवार वालों के अनुसार गोरखपुर के बेनीगंज निवासी अंबुज अग्रवाल ने 13 मार्च 2012 को अदालत में अपनी पत्नी वंदना गुप्ता और उसके परिवार के खिलाफ मुकदमा दाखिल किया था। आरोप था कि पहले पति के होते वंदना व उसके परिवार ने धोखे में रखकर उससे दूसरी शादी कर ली है।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने पर नाव सीज
महाकुंभ को लेकर गंगा नदी में पर्यटक, श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुरक्षा के लिए चल रही नाव का शुक्रवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. एस. चन्नप्पा ने निरीक्षण किया गया। उन्होंने सुरक्षा मानकों को अनदेखी पर एक नाव सीज की। साथ ही चेतावनी दी कि मानक की अनदेखी पर कार्रवाई की जाएगी।
फल लदे ऑटो में गांजा रख कर दो सिपाहियों ने ले लिया 40 हजार
कपसेठी थाने के दो सिपाहियों पर फल लदे ऑटो में गांजा रख कर चालक से 40 हजार रुपये घूस लेने का आरोप लगा है। मामले को लेकर पुलिस आयुक्त के आदेश पर एसीपी राजातालाब ने शुक्रवार को शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया। एसीपी राजातालाब की रिपोर्ट के आधार पर सिपाहियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कपसेठी थाना क्षेत्र के लोहराडीह गांव निवासी सुनील कुमार पाल ने पुलिस आयुक्त को शिकायती पत्र दिया। आरोप लगाया कि गत तीन जनवरी को कछवा मंडी से ऑटो पर फल लादकर कपसेठी चौराहा जा रहा था। रास्ते में सुईलरा गांव के पास कपसेठी थाने के दो सिपाही ने उसका ऑटो रुकवा कर तलाशी ली। इसके बाद जाने के लिए कहा। वह फल विक्रेता सुनील जैन की दुकान पर पहुंचा तो उक्त दोनों सिपाही आ गए।
दोनों ने ऑटो से एक पोटली निकालकर कहा कि गांजा बेचते हो। तुमको जेल भेज देंगे। दोनों उसे कपसेठी थाने ले गए और पीटे। यह सब एक दरोगा के इशारे पर किया जा रहा था। दोनों ने उसकी पत्नी काजल पाल को काफी धमकाया और एक लाख रुपये देने पर छोड़ने को कहा। उसकी पत्नी किसी तरह से लोगों से कर्ज लेकर 40 हजार रुपये का भुगतान की। इसके बाद उसे धमकाया गया कि कहीं शिकायत करोगे तो मारपीट कर जेल भेज देंगे।
42 बकायेदारों के काटे कनेक्शन
एकमुश्त समाधान योजना के तहत बिजली निगम ने बसनी क्षेत्र में अभियान चलाया। जेई शिव शंकर वर्मा ने बताया कि 42 बकायेदारों की विद्युत कनेक्शन काटे गए। वहीं बकायेदारों से कुल दो लाख साठ हजार रुपये की वसूली की गई। इस इस दौरान एसडीओ शुभम जैन, जेई शिव शंकर वर्मा मौजूद रहे।
खड़े ट्रक में बाइक सवार भिड़ा, एक घायल
मिर्जामुराद के रूपापुर गांव के पास नेशनल हाईवे पर शुक्रवार की सुबह वाराणसी की तरफ जा रहा एक बाइक सवार खड़े ट्रक से टकरा गया। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने घायल बाइक सवार को अस्पताल भिजवाया। घायल की पहचान मिर्जापुर जिले के कछवा बाजार निवासी उमेश कुमार दूबे (36) के रूप में हुई है।
कूड़ा गाड़ी की बैटरी और चार्जर चोरी
कैथी गांव स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के समीप रबजा घाट पर प्रशासन द्वारा बनाए गए कूड़ा घर में खड़ी इलेक्ट्रॉनिक गाड़ी से बैटरी और चार्जर चोरी हो गया। चोरों ने गुरुवार की रात घटना को अंजाम दिया। बैटरी और चार्जर की कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है। प्रधान और सचिव ने कैथी पुलिस चौकी पर चोरी की तहरीर दी।
कैंसर हॉस्पिटल में सुरक्षाकर्मी से मारपीट के आरोपियों पर केस
सुंदरबगिया कॉलोनी, सुंदरपुर स्थित महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर अस्पताल के सुरक्षाकर्मी देवेंद्र सिंह की शिकायत पर उनके साथ मारपीट करने के आरोप में चितईपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। देवेंद्र सिंह के अनुसार गत तीन जनवरी को अस्पताल में भर्ती एक मरीज का एक तीमारदार अपना पास लेकर मेन गेट के बाहर आया। इसके पहले भी दो आदमी को मरीज के साथ वह अंदर लेकर गया था।
अस्पताल के नियम के अनुसार पहले से भीतर गए लोगों के बाहर आने के बाद ही भीतर अन्य लोग जाते हैं। नियम के बारे में बताने पर उन लोगों ने धक्का देकर जबरन भीतर जाने की कोशिश की। उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया गया। पुलिस केस दर्ज कर सीसी फुटेज की मदद से आरोपी को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है।
वीडीए ने ध्वस्त कराई 10 बीघे की अवैध प्लाॅटिंग
वीडीए की ओर से शुक्रवार को 10 बीघे की अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कराई गई। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार नगवा वार्ड के रोहनिया के कुरहुआ में मनोज सिंह की ओर से बगैर नक्शा पास कराए 10 बीघे में अवैध प्लाॅटिंग विकसित की जा रही थी। इसे प्रवर्तन टीम एवं पुलिस बल के सहयोग से ध्वस्त कराया गया। इस मौके पर जोनल अधिकारी संजीव कुमार, अवर अभियंता आदर्श निराला आदि मौजूद रहे।
शमन शुल्क जमा न करने वालों के खिलाफ करें कार्रवाई
वीडीए में शुक्रवार को वीडीए अपर सचिव डॉ गुडाकेश शर्मा ने लंबित शमन मानचित्रों की समीक्षा की। इस दौरान पता चला कि शिवपुर और सिकरौल में अब तक 7.36 करोड़ रुपये जमा कराए गए। इसी प्रकार सारनाथ, जैतपुरा और आदमपुरा में 6.63 करोड़ रुपये जमा कराए गए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत शमन पत्रावली के सापेक्ष बकाया शमन शुल्क जमा न करने वालों के खिलाफ प्रभावी प्रवर्तन की कार्रवाई करें। सील भवनों की जांच एवं बेसमेंट खाली कराते हुए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। जन शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण तरीके से एक सप्ताह में कराएं।
रेल यात्रियों के लिए सौंपे चार व्हील चेयर
कैंट स्टेशन पर रेल यात्रियों की सहूलियत के लिए चार व्हील चेयर आए। शुक्रवार को एसबीआई के क्षेत्रीय ऑफिस के सहायक महाप्रबंधक सुधांशु श्रीवास्तव, रेलवे स्टेशन शाखा के प्रबंधक शशांक प्रताप चौकसे व उप प्रबंधक दीपक गुप्ता ने सीएसआर फंड के तहत व्हील चेयर निदेशक अर्पित गुप्ता को सौंपा। महाकुंभ के दौरान स्टेशन पर आने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है, ताकि जरूरतमंदों को समय पर इसकी सुविधा मिल सके।
कैंट स्टेशन पर अर्द्धसैनिक बलों ने निकाला फ्लैग मार्च
रेल अधिकारियों व सुरक्षा तंत्रों ने शुक्रवार को कैंट स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को परखा। अर्द्धसैनिक बलों और पीएसी, आरपीएफ-जीआरपी ने स्टेशन परिसर में फ्लैग मार्च निकाला। प्लेटफाॅर्मों, एफओबी, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रथम और द्वितीय प्रवेश द्वार समेत यात्री आश्रय और होल्डिंग एरिया आदि का जायजा लिया गया। आरपीएफ और जीआरपी ने सीसी कैमरे स्थलों आर सुरक्षा की दृष्टि से पार्सल समेत अन्य स्थलों को गहना से निरीक्षण किया। शनिवार को भी पुलिस आयुक्त समेत अन्य अधिकारियों की ओर से भी कैंट, बनारस और सिटी स्टेशन का निरीक्षण प्रस्तावित है।
युवा महोत्सव से देंगे स्वमी विवेकानंद के संदेश
युवा दिवस पर 12 जनवरी को काशी में विविध आयोजन होंगे। वैदिक फाउंडेशन की ओर से काशी युवा महोत्सव मनाया जाएगा। महमूरगंज स्थित शृंगेरी मठ में आयोजित महोत्सव में विभिन्न क्षेत्रों में श्रेष्ठ कार्य करने वाले 25 युवाओं का सम्मान होगा। संस्थाओं व स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे तो बाहर से अतिथि कलाकारों की भी मोहक प्रस्तुति होगी। पांच हजार दीप जलाए जाएंगे। महोत्सव का उद्घाटन राज्यमंत्री रजनी तिवारी व डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु करेंगे।
फाउंडेशन की अध्यक्ष शारदा मिश्र, संयोजिका प्रो. बीना सिंह एवं संयोजक डॉ. सुधीर कुमार मिश्र ने शुक्रवार को शृंगेरी मठ में पत्रकारों को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महोत्सव के जरिये स्वामी विवेकानंद के धर्म व शिक्षा के संदेशों को युवाओं तक पहुंचाए जाएंगे। पूर्वाह्न 11:30 बजे से शुरू महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम के अलावा 25 युवाओं का सम्मान, फूलोत्सव और मठ में दीपोत्सव मनाया जाएगा। महोत्सव में भारत माता मिशन के पीठाधीश्वर विवेक चैतन्य, भाजपा की प्रदेश मंत्री मीना चौबे, मेयर अशोक तिवारी, जिला पंचायत सदस्य पूनम मौर्या आदि शामिल होंगी।
श्रीरामलला के दर्शन करने आज अयोध्या रवाना होगा दल
अयोध्या में भव्य राम मंदिर के उद्घाटन के एक साल पूरा होने पर श्रीरामलला के दर्शन के लिए शनिवार को सेंटर फॉर सनातन रिसर्च का 60 सदस्यीय दल अयोध्या रवाना होगा। सभी रामभक्त प्रभु श्रीराम का दर्शन करेंगे। सेंटर के प्रभारी रामकृष्ण पांडेय एवं पप्पू यादव के नेतृत्व में यह दल शनिवार को सुबह पांच बजे सिद्धिगिरी बाग स्थित संस्था के कार्यालय से रवाना होगा। प्रभु श्रीराम के साथ ही अन्य प्रमुख मंदिरों में दर्शन पूजन करेंगे।
अपर निदेशक स्वास्थ्य ने सारनाथ सीएचसी का किया निरीक्षण
अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ ने शुक्रवार की दोपहर में सारनाथ शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। उन्होंने सबसे पहले सामान्य प्रसव और सिजेरियन प्रसव की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने प्रसव में भर्ती मरीज से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में पूछा।
इसके बाद उन्होंने ऑपरेशन कक्ष और वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सर्जरी में कोई समान की जरूरत हो तो तत्काल सूचना दें। किसी भी स्थिति में मरीजों को परेशानी न हो, साथ ही प्रसव से भर्ती महिला मरीजों को ठंड में रूम हीटर लगाने के भी निर्देश दिए।
श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन नंदोत्सव पर झूमे श्रद्धालु
दुर्गाकुंड स्थित धर्मसंघ शुक्रवार को प्रभु श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के आनंद रस में डूबा रहा। रंग-बिरंगे गुब्बारों एवं फूलों से सजे भव्य कथा मंडप में श्रद्धालुओं ने नृत्य साधना से अपने आराध्य का जन्मउत्सव मनाया। लाला जन्म सुन आई..., यशोदा मइया दे दो बधाई...आदि मंगल गीत गूंजे। प्रभु की झांकी का दर्शन कर सब निहाल हुए।
त्रिदेव मंदिर सेवक परिवार एवं राधाकृपा परिवार की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन शुक्रवार को प्रभु के जन्म का प्रसंग आते ही व्यासपीठ से कथा रसिकों को जन्मोत्सव की बधाई दी गई। मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने मोहल्ला में मच गयो हल्ला, भयो यशोदा जी के लल्ला..., नगाड़ा जोर से बजा दे, मैं तो कृष्ण धरन को आई... आदि मंगल गीतों पर थिरकती महिलाएं व पुरुष कृष्णमय माहौल में डूबे रहे।
नन्द के आनंद भयो जय कंहैया लाल की...
भारत भारती परिषद की ओर से बीसूजी मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन शुक्रवार को नंदोत्सव की धूम रही। श्रद्धालुओं ने नन्द के आनंद भयो जय कंहैया लाल की... के मंगल गीत पर झूमे। प्रभु के जन्म की झांकी का दर्शन किए तो पूजन अर्चन कर धन्य हुए।
कथाव्यास संजय कृष्ण शास्त्री भईया ने प्रभु के जन्मोत्सव के प्रसंग का सुंदर वर्णन किया। कहा कि भक्ति का बीज भागवत कथा श्रवण से होता है, जो स्नेह युक्त प्रेम भाव से विशुद्ध हो जाते हैं। हर समय प्रसन्नता आनंद परमानंद की अनुभूति कराता है। जब व्यक्ति परमानंद की अनुभूति करता है तो उसमें वसुधैव कुटुंबकम का भाव जागृत होता है। यही भाव उसे मानवता की रक्षा कराता है। स्वागत संस्था के अध्यक्ष अशोक बल्लभदास एवं दीपक अग्रवाल ने किया। इस मौके पर राम नारायण, दिनेश यादव, आर राजीवन द्रविड़, डॉ. जयशंकर जय, पं. राकेश तिवारी, नंदिनी यादव, कविता यादव, दिपेश चन्द चौधरी आदि रहे।
तेज धूृप ने दिलाई गलन से राहत, हल्की बारिश का अलर्ट
सप्ताह भर बाद शुक्रवार की तेज धूप ने काशीवासियों को गलन से थोड़ी राहत दे दी। दिन में अधिकतम पारा 19.6 डिग्री और न्यनतम पारा 6.2 रिकॉर्ड किया गया। सुबह 7 बजे तक कोहरे से दृश्यता 100 मीटर तक चली गई, लेकिन सुबह के आठ बजते ही धूप खिल जाने से कोहरा का असर कम होने लगा। हालांकि गलन बरकरार रही। शुक्रवार को जिले में अधिकतम 11 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चली। हवा में नमी 95 फीसदी तक दर्ज की गई। लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, वाराणसी में अगले दो दिनों तक बादल और हल्की बारिश का यलाे अलर्ट जारी किया गया है।
कुंभ का है पौराणिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि महत्व
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संपर्क प्रमुख दीन दयाल ने कहा कि भारत की वैभवशाली सांस्कृतिक परंपरा, वैज्ञानिक खगोलीय एवं ज्योतिष गणना की दृष्टि से महाकुंभ का विशेष महत्व है। शुक्रवार को रानी पद्मावती तारा योगतंत्र आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में आयोजित भारतीय संस्कृति में कुंभ का महत्व विषय पर बतौर मुख्य वक्ता यह विचार रखे। पं. रत्नेश झा ने पौराणिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से कुंभ के महत्व के बारे में जानकारी दी। प्राचार्य डॉ. कमलेश झा, डॉ. विजय कुमार पांडेय ने भी विचार रखे। संचालन डॉ. माधवेंद्र पांडेय एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ लक्ष्मीकांत पाठक ने किया।
लड़के और लड़कियों को दें समान शिक्षा
नव उत्थान ट्रस्ट छित्तूपुर में शुक्रवार को कन्या सगुन योजना का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि शंशू शरण श्रीवास्तव (पूर्व जीएसटी डिप्टी कमिश्नर) ने कहा कि समाज का विकास तभी होगा जब लड़के और लड़कियों को समान शिक्षा दी जाएगी। यह हम सभी की जिम्मेदारी है। इस योजना से लड़कियों को फायदा होगा।
स्काउट गाइड की जिला प्रशिक्षण आयुक्त डॉ. मीना कुमारी, डॉ. कैलाश सिंह विकास, सुरैया बानो आदि ने भी विचार रखे। स्वागत संस्था के अध्यक्ष विक्रम कुमार व विनय श्रीवास्तव, संचालन देवेंद्र श्रीवास्तव व धन्यवाद प्रकाश आचार्य ने किया। इस मौके पर राम जियावन प्रजापति, मोहम्मद दाऊद, अनुपम भट्टाचार्य आदि रहे।
13 जनवरी को बिजली कर्मी पूरे दिन काली पट्टी बांधकर करेंगे विरोध सभा
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, उत्तर प्रदेश के आह्वान पर शुक्रवार को भिखारीपुर स्थित हनुमान मंदिर पर बिजली कर्मचारियों ने विरोध सभा कर आक्रोश व्यक्त किया। कर्मचारियों ने बिजली के निजीकरण का विरोध किया, साथ ही मुख्यमंत्री से प्रभावी हस्तक्षेप कर बिजली के निजीकरण का प्रस्ताव व्यापक जनहित में निरस्त कराने का मांग किया। निजीकरण के विरोध में बनारस के समस्त बिजली कर्मी 13 जनवरी को पूरे दिन काली पट्टी बांधेंगे और विरोध सभा करेंगे। अवकाश के दिनों में बिजली कर्मी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के माध्यम से आम उपभोक्ताओं के बीच जनजागरण अभियान चलाएंगे।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि निजीकरण के विरोध में चल रहा आंदोलन निजीकरण वापस होने तक लगातार जारी रहेगा। बिजली कर्मचारी किसी धोखे में नहीं है, उन्हें स्पष्ट है कि एक बार पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम को निजी घरानों को सौंप दिया गया। विरोध सभा में ई. नरेंद्र वर्मा,राजेन्द्र सिंह,आरके वाही, संतोष वर्मा, ई. एसके सिंह,मदन श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।
हरे और फलदार पेड़ों की कटाई को लेकर वन विभाग सख्त
जिले में हरे पेड़ो की कटान रोकने के लिए प्रभागीय वनाधिकारी ने सभी वन रेंजरों को आदेश जारी किए हैं। आदेश में उन्होंने सख्त निर्देश दिए हैं कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए हरियाली का होना अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में हरे पेड़ो की कटान करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इन लोगों पर लकड़ी माफिया के रूप में कार्रवाई करने को कहा गया है।
जज और वकील अपना काम निष्ठा से करें : जिला जज
सेंट्रल बार एसोसिएशन के सभागार में पूर्व अध्यक्ष हरिशंकर पाठक की जयंती शुक्रवार को मनाई गई। मुख्य अतिथि जिला जज संजीव पांडेय ने कहा हरिशंकर पाठक लंबी वकालत के दौरान कार्य के प्रति समर्पित थे। उनसे हम सभी को यह प्रेरणा लेनी चाहिए। जज और वकील अपना काम निष्ठा से करें। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जिला जज ने कहा कि उनके जीवन संघर्ष के बारे में जानकर काफी प्रभावित हुआ।कार्यक्रम में मोटर क्लेम अधिकरण के अध्यक्ष अश्विनी दूबे, विशेष न्यायाधीश एसके सिंह के अलावा साथ सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मंगलेश दूबे, बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश तिवारी व महामंत्री शशांक श्रीवास्तव, विजय नरायन सिंह, राम अवतार पांडेय, मुरलीधर सिंह, अशोक दाढ़ी, सुरेंद्र नाथ पांडेय, रंजन मिश्र, नित्यानंद राय सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे। संचालन महामंत्री राजेश गुप्ता ने किया। आयोजक जयश्री पाठक, गिरीश पाठक और अमरीश दूबे ने आगंतुकों का स्वागत किया और आभार जताया।
दुष्कर्म के मुकदमे का वांछित गिरफ्तार, गया जेल
दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित चल रहे आरोपी नई बस्ती दीनदासपुर के सोहाले को जंसा थाने की पुलिस ने कुंडरिया तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। अदालत में आरोपी को पेश कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
14 जनवरी को दीवानी कचहरी में अवकाश रहेगा
जिला जज संजीव पांडेय ने सेंट्रल और बनारस बार एसोसिएशन के अनुरोध पर 14 जनवरी को मकर संक्रांति पर स्थानीय अवकाश घोषित किया है। इसी क्रम में 15 मार्च को होली, 28 मार्च को रमजान के अंतिम जुमा, 27 अक्तूबर को छठ पूजा और 5 नवंबर को देव दीपावली पर स्थानीय अवकाश रहेगा। इसके अतिरिक्त 26 जनवरी को रविवार के कारण गणतंत्र दिवस के अवकाश को 3 अक्तूबर को दशहरा के अवकाश और 6 अप्रैल को रविवार को रामनवमी के अवकाश को 22 अक्तूबर के दीपावली के अवकाश में समाहित किया गया है।
नहीं बढ़ेगा अस्पतालों और नर्सिंग होम का टैक्स
अस्पतालों में नगर निगम के टैक्स का दबाव नहीं बढ़ेगा। क्लीनिक का टैक्स 750 रुपये महीना ही रहेगा। 30 से कम बेड वाले अस्पताल का टैक्स 2700 से लेकर 4000 तक होगा। पुराने दर से ही टैक्स की वसूली होगी। ये बातें मेयर अशोक तिवारी ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) बनारस शाखा का प्रतिनिधि मंडल से कही।
शुक्रवार को नगर निगम में अधिकारियों और डॉक्टरों के बीच बैठक हुई। इसमें डॉक्टरों ने कहा कि क्लीनिक, नर्सिंग होम और अस्पताल पर नगर निगम के बढ़ते टैक्स को ले कर आम सहमति बनाई जाए। बैठक में आईएमए की ओर से पूर्व अध्यक्ष डॉ. पी के तिवारी, वर्तमान अध्यक्ष डॉ. एसपी सिंह और कई पदाधिकारी मौजूद रहे।