एक क्लिक में वाराणसी खास खबरें : दो नामजद छात्र और 50 अज्ञात पर FIR, स्टेशन अधीक्षक की तत्परता से बची जान
यूपी काॅलेज के प्रधानाचार्य ने दो नामजद सहित 50 अज्ञात छात्रों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा कराया है। वहीं, लोहता स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक (एसएस) की तत्परता से एक अधेड़ की जान बच गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
उदय प्रताप इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश प्रताप सिंह ने शिवपुर थाने में दो नामजद सहित 50 अज्ञात छात्रों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा कराया। परीक्षा दे रहे छात्रों और प्रधानाचार्य से मारपीट के आरोप में थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
प्रधानाचार्य ने पुलिस को बताया कि 23 जनवरी को प्री बोर्ड और वार्षिक परीक्षा के दौरान छात्र उत्कर्ष सिंह अपने अन्य साथियों के साथ इंटर कॉलेज में आए। कक्षा 10 के छात्र आशुतोष पाठक ने बाहर बुलाकर गैलरी में मारपीट की। ड्यूटी में तैनात अध्यापक विजय प्रताप सिंह, पूजा गुप्ता, दशरथ, दौड़े तो मारपीट करने आए छात्र गलियारे से भाग कर बाहर आ गए। बाहर फिर मारपीट करने लगे।
डॉ. रमेश सिंह ने पुलिस से कहा कि वे भी परीक्षा विभाग के शिक्षकों के साथ मौके पर पहुंचे और उपद्रव कर रहे छात्रों को परीक्षा भवन से बाहर किया। भवन के बाहर फिर से छात्र आपस में भिड़ गए। इसके बाद शिवपुर पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस के मौजूदगी में 50 छात्र और पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सुधीर सिंह के साथ गेट फांदकर विद्यालय परिसर में घुस आए। उनके साथ बहसबाजी करने लगे। तभी पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सुधीर सिंह बदतमीजी करते हुए हाथापाई करने लगा।
शिवपुर में लाॅन संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
शिवपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के चांदमारी, रिंग रोड स्थित कालिका धाम मैरिज लॉन के संचालक नितेश सिंह के खिलाफ थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया है। यह कार्रवाई एडीएम प्रोटोकॉल के आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में की गई है।
शिवपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि सराय अधिनियम के प्रावधान का उल्लंघन किए जाने के कारण एडीएम प्रोटोकॉल ने पांच अक्तूबर 2024 को कालिका धाम मैरिज लॉन का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करने आदेश दिया था।
आदेश में कहा गया है कि जब तक लॉन का पंजीकरण न करा लिया जाए, तब तक उसका संचालन किसी परिस्थिति में न हो। आदेश की प्रति लॉन संचालक को भी रिसीव कराई गई थी। इसके बावजूद लॉन संचालित होते हुए पाया गया। शिवपुर थानाध्यक्ष ने कहा कि लॉन की वीडियोग्राफी करा कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लॉन सीज करने के लिए एडीएम प्रोटोकॉल को अलग से रिपोर्ट भेजी जाएगी।
अपर निदेशक कार्यालय में बनेगा कंट्रोल रूम, स्वास्थ्य सुविधाओं की होगी निगरानी
सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, और अधिकारी, डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ के समय से ड्यूटी पर आने की निगरानी के लिए अपर निदेशक कार्यालय में कंट्रोल रूम बनेगा। यहां कैमरों से अस्पतालों की निगरानी की जाएगी। पहले चरण में जिला अस्पताल, फिर सभी अस्पताल इससे जुड़ जाएंगे।
अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ के समय से ओपीडी में न आने, मरीजों को जांच, इलाज की पूरी सुविधा न मिलने सहित अन्य शिकायतें अपर निदेशक कार्यालय से लेकर सीएमओ कार्यालय तक मिलती रहती हैं। इसके लिए अपर निदेशक कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाने की तैयारी है। फिलहाल जिला अस्पताल में लगे कैमरों को कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा।
अपर निदेशक डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ मोबाइल पर भी हर गतिविधि का जायजा ले सकेंगी। उन्होंंने बताया कि अस्पतालों की निगरानी के लिए कैमरा लगवाए जा रहे हैं। सीएमओ ऑफिस से सीएचसी, पीएचसी की निगरानी की तर्ज पर अस्पताल भी कंट्रोल रूम से जोड़े जाएंगे। वाराणसी के साथ मंडल के अन्य तीन जिलों (गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली) के अस्पतालों को भी कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा।
गंगा को प्रदूषण से बचाने के लिए बनाया जाएगा सोकपिट
रामनगर आवासीय योजना के तहत बनाए गए 400 भवनों का पानी घुरहा नाला से होकर गंगा नदी में गिर रहा था। इस पर एनजीटी ने नाराजगी जताई थी और सोकपिट का निर्माण कराने के आदेश दिए थे। वीडीए की टीम बीएचयू आईआईटी की टीम के साथ मिलकर सोकपिट का निर्माण करा रही है। शनिवार को दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।
सेप्टिक टैंक से सीवेज के डिस्पोजल के लिए सोपपिट बनाए जाने के लिए स्थलीय निरीक्षण किया। सहायक अभियंता देवेश राम गुप्ता और आईआईटी बीएचयू से प्रोफेसर केशव प्रसाद (हाइड्रोलिक एंड वाटर रिसोर्स डिपार्टमेंट) एवं डॉ. क्षितिज कुमार यादव ने कहा कि यह योजना गंगा नदी में प्रदूषण को रोकने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
एमएलसी की सुरक्षा में तैनात सिपाही लापता, केस
पुलिस लाइंस स्थित सरकारी आवास से सिपाही राकेश कुमार सिंह निकला तो वापस नहीं आया। राकेश का मोबाइल भी स्विच्ड ऑफ है। काफी खोजबीन के बाद भी राकेश का पता नहीं लगा तो उसकी पत्नी पूजा सिंह ने कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। राकेश पुलिस विभाग में वर्ष 2015 में भर्ती हुआ था। इन दिनों उसकी ड्यूटी एमएलसी अन्नपूर्णा सिंह की सुरक्षा व्यवस्था में लगी है।
एक गांव के पांच मकान से चोरी
रामपुर (चंद्रावती) गांव में बीती रात चोरों ने पांच घरों में चोरी की। एक साथ पांच घरों में हुई चोरी की घटना से ग्रामीण भयभीत हैं। शनिवार की सुबह भुक्तभोगियों की सूचना पर चौबेपुर थाने की पुलिस मौका मुआयना करने पहुंची। रामपुर (चंद्रावती) गांव निवासी पारस यादव, सोनू यादव, निरंजन यादव, सोमनाथ यादव और सुदर्शन पाल के घर चोरी चोर घुसे थे। भुक्तभोगियों की घर से चोर गहने, 12 हजार रुपये और तीन मोबाइल फोन चुरा ले गए।
18 माह बाद किशोरी मिली, किशोर पकड़ा गया
चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव से अपहृत 16 वर्षीय किशोरी को 18 माह बाद पुलिस ने हरिबल्लमपुर से बरामद किया। किशोरी के अपहरण के आरोप में एक किशोर पकड़ा गया है। चोलापुर थानाध्यक्ष ने बताया कि तीन मई 2023 को एक व्यक्ति ने मुकदमा दर्ज कराया था कि उसकी 14 वर्षीय बेटी को शादी का झांसा देकर अपहरण किया गया है।
पॉक्सो एक्ट के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
जैतपुरा पुलिस ने नक्खी घाट रेलवे क्राॅसिंग के पास से पॉक्सो एक्ट के आरोपी कौशर जमाल को गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर जैतपुरा बृजेश मिश्रा ने बताया कि शक्कर तालाब बड़ी मस्जिद के पास रहने वाली युवती ने कौशर जमाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
ठेला लगाकर रास्ता जाम करने पर दो पर मुकदमा
गोल चौराहे से अंबेडकर चौराहे मार्ग पर ठेला लगाकर रास्ता जाम करने के मामले में दो दुकानदारों के खिलाफ शनिवार को कैंट थाने में केस दर्ज किया गया। कैंट पुलिस ने बताया कि मुन्ना सोनकर और सूरज सोनकर गिलट बाजार शिवपुर के रहने वाले हैं। बिना अनुमति सड़क पर ठेला लगाकर सामान बेच रहे थे।
साले ने जीजा को पीटा, तीन के खिलाफ मुकदमा
चोलापुर थाना के भुसौला चौका के होल सेल बाजार में साले ने जीजा की पिटाई कर दी। आरोप है कि साले ने पिस्टल भी निकाला। तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज है। चंदापुर के रहने वाले शशिकांत राय ने बताया कि तीन दिन पूर्व पत्नी से कहासुनी हुई थी। साला नीरज, धीरज और रोहित सिंह ने पिटाई की।
धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज
मुकदमे में पैरवी पर धमकी देने समेत अन्य आरोपों में नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज किया गया। मिर्जापुर के पड़री थाना क्षेत्र के सिधोरा निवासी किशन जायसवाल ने बताया कि चंद्र भूषण सिंह गैंग चलाता है। उसके खिलाफ मुकदमे की पैरवी में 10 जनवरी को कचहरी आया था। कचहरी से जब वह बाहर निकल रहा था तो चंद्र भूषण, शैलेंद्र सिंह अपने साथियों के साथ पिटाई की।
नीलगाय की मौत के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
चौबेपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद रेता व रामचंदीपुर सरहद के पास नीलगाय (घड़रोज) की मौत के मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सकूराबाद निवासी मोहम्मद मोनू अहमद, इम्तियाज अहमद व भावरकला निवासी मोहम्मद आमिर को घटनास्थल से गिरफ्तार किया गया।
मुफ्त में समोसा नहीं देने पर गले पर ब्लेड मारा
भदैनी इलाके में आनंदमयी अस्पताल के सामने शिवाला का रहने वाला मनोज कुमार साहनी ठेला पर समोसा-पकौड़ी बेचता है। मनोज के पास शिवाला का रहने वाला सत्यनारायण साहनी पहुंचा। मनोज से मुफ्त में समोसा देने के लिए कहने लगा। मना करने पर सत्यनारायण ने पहले गालीगलौज की। देर बाद वापस ब्लेड लेकर पहुंचा अैर गले पर वार कर दिया। मनोज की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके भेलूपुर थाने की पुलिस ने सत्यनारायण को गिरफ्तार कर लिया।
एक घंटे में चार बार कटी बिजली
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र में बिजली की आवाजाही जारी रही। शनिवार रात 8.30 से 9.30 बजे के बीच में चार बार बिजली कटी। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सड़क निर्माण कार्य, बिजली के पोल, तार की शिफ्टिंग आदि के चलते मंडुवाडीह क्षेत्र के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की सूचना बिजली निगम दे रहा है। बिजली उपकेंद्र से ट्रांसफाॅर्मर का डीओ जलने की वजह से बिजली जाने की जानकारी मिली। इसके बाद औद्योगिक इकाई में फाॅल्ट के कारण भी बिजली काटनी पड़ी।
विवि की छवि धूमिल करने के आरोप में शिक्षक पर केस
संपूर्णानंद संस्कृत विवि के कुलपति से बहस करने और सोशल मीडिया पर विवि की छवि धूमिल करने के आरोप में एक शिक्षक पर चेतगंज थाना में मुकदमा दर्ज हो गया। चीफ प्रॉक्टर प्रो. दिनेश कुमार गर्ग ने बताया कि साधु बेला संस्कृत महाविद्यालय के शिक्षक संजय त्रिपाठी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
आरोप है कि चार जनवरी को कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा से मिले थे। उन पर आरोप लगा कि उन्होंने कुलपति से तेज आवाज में बात की। वहीं कुलपत्ति, कुलसचिव और विश्वविद्यालय को बदनाम करने का कुत्सित प्रयास किया।
स्पेन के लापता व्यक्ति को पुलिस ने 2 घंटे में खोजा
स्पेन से वाराणसी पहुंचकर लापता हुए फिलिप को वाराणसी पुलिस ने दो घंटे में खोज निकाला। हथुआ मार्केट स्थित एक होटल से गायब हुए फिलिप इंग्लिशिया लाइन चौराहे पर मिले। फिर उनके पौत्र माईग्यूल को सौंप दिया गया। खोजने में मदद करने वाले पान दरीबा चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह और उप निरीक्षक रवि सिंह का विदेशी पर्यटकों ने आभार जताया।
पेंशनधारकों को साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
रेलवे पेंशनरों के लिए डीआरएम भवन में डिजिटल प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। इसमें साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी। कार्यशाला में मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इस कार्यशाला से पेंशनर्स एलाउंसेस, लाइफ सर्टिफिकेट, मेडिकल सुविधाओं आदि के नियमों में होने वाले बदलाव के बारे में जागरूक होंगे।
सपा का पीडीए चर्चा कार्यक्रम एक महीने तक चलेगा
सपा प्रवक्ता संतोष यादव बबलू ने बताया कि जिले के हर विधानसभा क्षेत्र में प्रत्येक सेक्टर वार और वार्ड वार पीडीए चर्चा कार्यक्रम एक महीने तक चलेगा। इसमें संविधान की शक्तियों और पिछड़ों के अधिकारों पर चर्चा की जाएगी। सामाजिक न्याय, आरक्षण, बेरोजगारी, महंगाई, जातीय जनगणना और स्थानीय मुद्दों पर भी बात होगी।
पराड़कर भवन के पास महिला शौचालय की सुविधा, मेयर ने किया उद्घाटन
मेयर अशोक तिवारी ने शनिवार को मैदागिन स्थित पराड़कर भवन के पास आधुनिक सुविधाओं से पूर्ण महिला शौचालय का उद्घाटन किया। इसमें दो सीटर शौचालय में नहाने की भी सुविधा है। मेयर ने कहा कि महाकुंभ के समय यह शौचालय महिलाओं के लिए बहुत उपयोगी होगा। शौचालय का दरवाजा टूटा होने पर मेयर को फटकार लगाई। इस दौरान पार्षद संजय विशंभर, सुरेश चौरसिया, बबलू सेठ, महिला मोर्चा अध्यक्ष रीता शर्मा, मनोज समेत अन्य मौजूद रहे।
वीडीए ने अवैध निर्माण किया सील
सिकरौल के बड़ागांव में राधेश्याम बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण करा रहे थे। उन्हें नोटिस जारी कर सीलिंग की कार्रवाई की गई। इस मौके पर अपर सचिव परमानन्द यादव, जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा अवर अभियंता प्रिया अग्रहरी मौजूद रहीं।
नगर निगम टीम ने पकड़ी आठ क्विंटल प्लास्टिक
नगर निगम की टीम ने शनिवार को बाजार में अभियान चलाया। इस दौरान एक गोदाम पर छापा मारकर 825 किलो पॉलीथिन पकड़ी। जब टीम ने कार्रवाई की तो मिनी ट्रक से बोरियों को उतारकर गोदाम में रखा जा रहा था। प्लास्टिक को पकड़ने के साथ ही गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया।
स्टेशन अधीक्षक की तत्परता से बची जान
लोहता स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक (एसएस) की तत्परता से एक अधेड़ की जान बच गई। एसएस ने कंट्रोल रूम को सूचना देकर ओएचई (ओवर हेड इक्विपमेंट) में विद्युत आपूर्ति रुकवाई। शनिवार को मालगाड़ी में एक व्यक्ति बैठा था।
निशा को उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
प्रधानमंत्री सांसद आदर्श ग्राम पुरे की बुनकर निशा सरोज को यूपी दिवस के मौके पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया। शनिवार को गांव पहुंची निशा सरोज का ग्रामीणों ने फूल मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान प्यारेलाल मौर्य, ग्राम प्रधान अमरावती मौर्य, शिवाश्रे पटेल, हरिशंकर विश्वकर्मा, प्यारेलाल पाल, राजेश पटेल समेत अन्य मौजूद रहे।
सुमन पाठक को भारतेंदु हरिश्चंद्र सम्मान
भारतेंदु नाट्य अकादमी की ओर से काशी के रंगमंच से चार दशक से जुड़ी सुमन पाठक को उल्लेखनीय कार्य के लिए गणतंत्र दिवस पर भारतेंदु हरिश्चंद्र सम्मान से दिया जाएगा। लखनऊ राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यह सम्मान देंगे। इसमें उनको 51 हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह दिया जाएगा। बनारस के किसी कलाकार को पहली बार यह सम्मान मिलेगा।
30 जनवरी से पिंडरा महोत्सव
नेशनल इंटर कॉलेज के मैदान पर 30 जनवरी से एक फरवरी तक पिंडरा महोत्सव मनाया जाएगा। इसे लेकर विधायक और सीडीओ ने अधिकारियों संग शनिवार को तैयारियों का जायजा लिया। कलाकारों और श्रोताओं को परेशानी न हो इसके लिए सीडीओ हिमांशु नागपाल ने निर्देश दिए।
वहीं, डीआईओएस और बीएसए से मैराथन दौड़ के लिए छात्रों को प्रेरित करने को कहा। इस दौरान एसडीएम प्रतिभा मिश्रा, तहसीलदार विकास पांडेय, बीएसए अरविंद पाठक, बीडीओ छोटेलाल तिवारी, पीएचसी प्रभारी डॉ वरुण कुमार, इंस्पेक्टर फूलपुर प्रवीण कुमार सिंह, एडीओ पंचायत अशोक चौबे आदि उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं में बांटी खिचड़ी
संकल्प संस्था के संकल्प अन्न क्षेत्र की ओर से चौक इलाके में हनुमान जी को खिचड़ी का प्रसाद चढ़ाकर श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। महाकुंभ में स्नान कर लौटे लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन ने बताया कि कुंभ से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद बढ़ाया गया है। वितरण में आशू, अमित अग्रवाल, सुबोध जैन, अनुपम श्रीवास्तव, मृदुला अग्रवाल रहे।
बच्चों को शिक्षित करने पर दें जोर
पीलीकोठी स्थित मोहल्ला कटेहर के मैदान में बुनकर बिरादराना तंजिम 14वें के सरदार मकबूल हसन की सदारत में शुक्रवार की रात जलसा हुआ। मुफ्ती-ए-बनारस मौलाना अब्दुल बातिन नोमानी ने निकाह व वलीमा में फिजूल खर्च न करने व बच्चों को शिक्षा पर जोर दिया। इस मौके पर हाजी अब्दुल वाहिद, इशरत इस्मानी, तुफैल पार्सल, मौलाना बेलाल, अनिसुर्रमान मौजूद रहे।
इमाम मूसा की याद में हुईं मजलिसें और नौहा मातम
सातवें जानशीन ए रसूल इमाम मूसा काजिम के शहादत की पूर्व संध्या पर शहर भर में गम मनाया गया। मजलिसें हुई और अंजुमनों ने नौहा मातम कर अकीदत पेश की। कालीमहल में आयोजित मजलिस में मौलाना बाकर रजा बलियावी और हाजी फरमान हैदर ने मजलिस को खिताब किया।
उन्होंने इमाम की जिंदगी पर रोशनी डाली। शाद सिवानी, एलिया रिज़वी, नबील बनारसी और हैदर मौलाई ने कलाम भी पेश की। शफात अली शोफी ने नौहा पेश किया। पठानीटोला में प्रो. अजीज हैदर के निवास पर मौलाना वसीम रिजवी ने मजलिस को खिताब किया। मुस्तबा अस्करी ने मर्सिया पेश किया।
अंजुमन सज्जादिया ने नोहा मातम किया। 28 शिया अंजुमनों ने अपने इलाकों में नौहा मातम से इमाम का गम मनाया। फरमान हैदर ने बताया कि रविवार को दोषीपुरा में मजलिस के बाद इमाम का ताबूत उठाया जाएगा। अर्दली बाजार, दरगाहे फातमान आदि क्षेत्रों में भी मजलिस होगी।
राष्ट्रीय पर्यटन दिवस पर निकली प्रभात फेरी
राष्ट्रीय पर्यटन दिवस पर शनिवार को सारनाथ में जागरूकता के लिए बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली। यह यात्रा बुद्धा नगर काॅलोनी, चौखंडी स्तूप, संग्रहालय से मूलगंध कुटि बौद्ध मंदिर की परिक्रमा कर सारनाथ चौराहे, हवेलिया चौराहे से वापस विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।
यह यात्रा पर्यटन विभाग की ओर से सारनाथ नवापुरा स्थित धर्म चक्र विहार इंटर कॉलेज व समन्वय सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में निकाली गई थी। इसके पूर्व जिला पर्यटन अधिकारी आरके मौर्या ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। इस मौके पर विद्यालय में सामान्य ज्ञान, चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान संजय मौर्या, योगेंद्र कुमार, अंजनी, आशा, अनिल, सीमा, सत्य प्रकाश मौजूद रहे।
काशी विद्यापीठ में पर्यटन दिवस पर निकली जागरूकता रैली
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पर्यटन अध्ययन संस्थान की ओर से राष्ट्रीय पर्यटन दिवस पर जागरूकता रैली निकाली गई। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। उन्होंने पर्यटन शिक्षा को समय की मांग बताते हुए इस क्षेत्र में कौशल के साथ आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में पर्यटन अध्ययन संस्थान के निदेशक प्रो. संतोष कुमार, प्रो. केके सिंह, डॉ. अमरेंद्र सिंह, डॉ. सुमन ओझा, डॉ. ज्योतिमा मौजूद रहीं।
बीएचयू में मेधावियों का सम्मान, बच्चे दिखाएंगे करतब
बीएचयू में रविवार को 76वें गणतंत्र दिवस पर बीएचयू के मेधावियों और प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उनके साथ ही कर्मचारियों का भी सम्मान होगा। आज सबसे पहले मालवीय भवन में महामना को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
ब्रिजलेक्स होंडा शोरूम पर एसपी-125, एक्टिवा-125 लांच
ब्रिजलेक्स होंडा शोरूम पर होंडा एसपी-125 बाइक और एक्टिवा-125 स्कूटर लांच किया गया। इस अवसर पर होंडा के एरिया सेल्स मैनेजर नंदू भारद्वाज ने बताया कि दोनों मॉडल में 4.2 इंच की टीएफटी डिस्प्ले, होंडा रोड सिंक ऐप, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी नेविगेशन, वाॅइस असिस्ट कॉल और मैसेज अलर्ट आदि एडवांस फीचर्स हैं।
एसपी-125 बाइक की शुरुआती कीमत 91,936 रुपये और एक्टिवा-125 की शुरुआती कीमत 97,019 रुपये है। शोरूम ओनर देवांग मेहरा ने बताया कि यहां जीरो डाउन पेमेंट, आसान किश्तों सहित कारपोरेट कर्मचारियों को 02 हजार रुपये की छूट दी जा रही है। कार्यक्रम में शोरूम के जीएम मनीष श्रीवास्तव ने होंडा के जोनल मैनेजर चंदन भारद्वाज सहित अतिथियों का स्वागत किया।
इंडियन बैंक ने मुख्यमंत्री युवा योजना के चेक वितरित किए
इंडियन बैंक ने मुख्यमंत्री युवा योजना के आयोजित कार्यक्रम में चेक वितरित किए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अनुराग शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने लाभार्थियों को चेक सौंपे। इस अवसर पर अंचल प्रबंधक (उप महाप्रबंधक) संचित कुमार ने बैंक का प्रतिनिधित्व किया। श्री शर्मा ने योजना के अंतर्गत सर्वाधिक स्वीकृतियों के लिए इंडियन बैंक, वाराणसी की सराहना की।
29 तक 5 घंटे होगी बिजली कटौती
मंडुवाडीह चौराहे का चौड़ीकरण का काम हो रहा है। इसमें बिजली के पोल शिफ्टिंग का काम हो रहा है। ऐसे में सुबह 11 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक बिजली कटौती रहेगी। 29 जनवरी तक यह कटौती जारी रहेगी। इससे लहरतारा, कैंट, ब्लाॅक रोड शिवदासपुर समेत आसपास के इलाकों में बिजली नहीं आएगी।
8-8 घंटे की देरी से पहुंचीं स्पेशल ट्रेनें
महाकुंभ के चलते रूट पर अधिक व्यस्तता और कोहरे के चलते ट्रेनों की लेटलतीफी जारी है। शनिवार को एसएमवीटी बंगलूरू-बनारस कुंभ मेला स्पेशल और पुणे-मऊ कुंभ मेला स्पेशल 8-8 घंटे की देरी से पहुंची। कैंट स्टेशन स्थित पूछताछ केंद्र के कर्मियों ने बताया कि योगनगरी ऋषिकेश हावड़ा दून एक्सप्रेस सवा दो घंटे की देरी से पहुंची।
संबद्धता के लिए इस्तेमाल कर रहे अलग लेटर पैड
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कॉलेजों की ओर से संबद्धता संबंधी कार्रवाई के लिए कॉलेज के वास्तविक नाम से अलग लेटर पैड का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस तरह की गड़बड़ी वाराणसी और चंदौली के कॉलेजों में ज्यादा देखने को मिली है।
विश्वविद्यालय की ओर से दोनों जिलों में प्राचार्यों को नोटिस जारी कर सही लेटर पैड का प्रयोग करने को कहा गया है। ऐसा न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। काशी विद्यापीठ से जुड़े वाराणसी और चंदौली जिलों में 100 कॉलेज संबद्ध है। परीक्षा फॉर्म भरने से लेकर नामांकन संख्या आदि से जुड़े कागजात विश्वविद्यालय में भेजे जाते हैं।
कुलसचिव की ओर से प्राचार्यों को बताया गया है कि इन दिनों महाविद्यालय के वास्तविक नाम से अलग लेटर पैड का इस्तेमाल किया जा रहा है।
यह पूरी तरह से गलत है। इस पर कोई भी कार्य नहीं किया जा सकता है। ऐसे में इसको तत्काल प्रभाव से बदला जाना चाहिए। जिस तरह से दो जिलों में गड़बड़ी पकड़ी गई हैं, उसको देखते हुए अब कुलसचिव की ओर से कर्मचारियों को सभी महाविद्यालयों से आने वाले कागजातों की सत्यता की जानकारी करने को कहा गया है, जिससे कि कोई गड़बड़ी न हो सके।
जीएसटी के नियम को सरल करने की जरूरत
एक फरवरी को आने वाले आम बजट से उद्यमियों को काफी अपेक्षाएं हैं। जीएसटी के नियम को सरल करने की जरूरत है। लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के उद्यमियों की बैठक शनिवार को मिश्र पोखरा स्थित साड़ी प्रतिष्ठान पर हुई।
संगठन के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने कहा कि जनपद की अर्थ व्यवस्था को बनारसी साड़ी उद्योग से गति मिलती हैं। एक हजार से अधिक उद्योगों में लाखों बुनकरों को रोजगार मिलता है। तपेश रस्तोगी ने कहा कि जीएसटी में पंजीयन करवाने में कोई समस्या नहीं है लेकिन पेनाल्टी और नोटिस में खामियां रहती हैं। तुषार रस्तोगी, सिद्धार्थ रस्तोगी, दिलीप गुप्ता, विपुल बेरी, विमलेश मौर्या, दिनेश गुप्ता आदि रहे।
300 से ज्यादा तरीके से हो रही साइबर ठगी
साइबर सिक्योरिटी कोर्स के तहत डीएवी पीजी कॉलेज के छात्रों को डिजिटल फ्रॉड से बचने की तरकीब सिखाई। पुलिस के नाम से आने वाली कॉल से न डरने को कहा। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि साइबर फ्राॅड की सूचना टोल फ्री नंबर 1930 पर दें।
पिछले एक साल में 100 से ज्यादा ठगों से 5.5 करोड़ रुपये वसूले। साइबर विशेषज्ञ एएसआई श्यामलाल गुप्ता ने बताया कि 300 से ज्यादा तरीके से साइबर ठगी हुई। सिगरा से भेलूपुर ठगी का हॉट स्पॉट जोन है। जिले में 8-10 केस रोज आते हैं। प्रो. डॉ. मयंक ने कहा कि साइबर हमलों में भारत दुनिया में तीसरे स्थान पर है। अधिवक्ता अनुपम द्विवेदी, कार्यकारी प्राचार्य प्रो. मिश्रीलाल मौजूद रहे।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के 10 कनिष्ठ सहायक पदोन्नत
माध्यमिक शिक्षा परिषद के पांचों क्षेत्रीय कार्यालयों में कार्यरत 35 कनिष्ठ सहायकों की पदोन्नति वरिष्ठ सहायक पदों पर की गई। क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के 10 कर्मचारियों की पदोन्नति शामिल हैं। अगर कार्यभार ग्रहण नहीं किया गया तो पदोन्नति निरस्त समझी जाएगी।
पदोन्नति पाने वालों में विजयभान पाल, विरेंद्र कुमार सिंह, जितेंद्र प्रजापति, शुभम यादव, प्रणव गोस्वामी को वाराणसी में पदोन्नति दी गई है। जबकि महेंद्र कुमार पटेल, राजेश चौहान और जगदीप सिंह की पदोन्नति गोरखपुर कार्यालय में की गई है। श्याम सुंदरी को बरेली और शिवबली साहू को प्रयागराज भेजा गया है। सेवानिवृत्त अधिकारी कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष डॉ. राम अवतार यादव, महामंत्री मदन मोहन श्रीवास्तव, रविशंकर दूबे, कन्हैया लाल ने कर्मचारियों को बधाई दी।
विद्यापीठ में पांच फरवरी से होगी सेमेस्टर परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के अंग्रेजी विभाग की ओर से एमए तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 5 फरवरी से शुरू होंगी। प्रभारी विभागाध्यक्ष डॉ. नवरत्न सिंह ने बताया कि यूजी और पीजी की छूटी हुई मिड टर्म परीक्षाएं निर्धारित समय से होंगी। विद्यार्थी विभाग और वेबसाइट से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
कल से शिक्षकों के लिए शुरू होगा रिफ्रेशर कोर्स
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शिक्षकों के 12 दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स की शुरुआत 27 जनवरी से होगी। 10 फरवरी तक चलने वाले कोर्स में शिक्षकों को भारतीय ज्ञान परंपरा के आयामों के बारे में बताया जाएगा। मालवीय मिशन अध्यापक प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक प्रो. सुरेंद्र राम और संयोजक प्रो. रमाकांत ने बताया कि 12 दिन के कोर्स में विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों में शिक्षक प्रतिभाग करेंगे।
विद्यापीठ में दो बजे से होगी तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के दर्शनशास्त्र विभाग में एमए तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 04 फरवरी से कराई जाएंगी। विभागाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि परीक्षा का समय बदलकर अब दोपहर दो बजे से कर दिया गया है। अब परीक्षा मानविकी संकाय के कक्ष संकाय 9 बजे से दोपहर 2 से 4 बजे तक परीक्षा होगी। कहा कि परीक्षा की तिथि में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
काशी विद्यापीठ में मिड टर्म परीक्षा पांच फरवरी को
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बीए, बीएससी, बीकॉम प्रथम व तृतीय सेमेस्टर के छात्रों की कौशल विकास पाठ्यक्रम की ओर से इंट्रोडक्शन ऑफ हैंडलूम साइंस विषय की मिड-टर्म परीक्षा 5 फरवरी को होगी। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय के अध्यक्ष डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि दोपहर 12 बजे से संकाय में होने वाली परीक्षा में सभी विद्यार्थियों को समय पर उपस्थित होना है। परीक्षा दोबारा नहीं होगी।
छात्राओं को कानून और अधिकार के बारे में बताया
आर्य महिला पीजी कॉलेज में शनिवार को छात्रों के लिए कानूनी जागरुकता, अधिकार और जिम्मेदारियां विषय पर एक दिवसीय कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई बी एवं ई ने किया। शुरुआत एनएसएस यूनिट ई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुरेंद्र नाइक के स्वागत भाषण और वक्ता के परिचय के साथ हुई।
मुख्य वक्ता बीएचयू के विधि संकाय विभाग के प्रो. मुरली ने छात्राओं को कानून की बारीकियों के बारे में बताया। अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण के एजेंट बनने के लिए जिम्मेदारियों के प्रति सचेत रहने का आह्वान किया। एनएसएस यूनिट बी के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. असोंगपौ ने भी छात्राओं को जानकारी दी। इस दौरान डॉ. अनामिका सिंह मौजूद रहीं।
मंडल में बनाए गए 39 केंद्र, 27 फरवरी से परीक्षा
मंडल में माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा 27 फरवरी से 12 मार्च तक होगी। इसके लिए 39 केंद्र बनाए गए हैं। सबसे ज्यादा केंद्र जौनपुर में 23 केंद्र बनाए गए हैं। जबकि सबसे कम एक केंद्र चंदौली में बनाया गया है। वहीं, वाराणसी में 12 केंद्र बनाए गए हैं।
गाजीपुर में तीन केंद्र बने हैं। मंडलीय उप निरीक्षक संस्कृत पाठशाला परमानंद सिंह ने बताया कि वाराणसी के 12 केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी में कुल 3914 विद्यार्थियों में 578 बालिकाएं परीक्षा में शामिल होंगी। जौनपुर के 23 केंद्रों पर 6264 विद्यार्थी, गाजीपुर के तीन केंद्रों पर 745 और चंदौली के एक केंद्र पर 395 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दो पाली में होगी। पहली पाली सुबह साढ़े आठ बजे से 11.45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो बजे से 5.15 बजे तक होगी।
जल्द सिम्युलेटर की मदद से मिलेगा प्रशिक्षण
आईटीआई में अब विद्यार्थियों को टाटा की अत्याधुनिक लैब में सिम्युलेटर की मदद से प्रशिक्षण देने की तैयारी है। विद्यार्थी सिम्युलेटर की मदद से फैक्टरी के माहौल में वर्चुअल गन से पेंटिंग व वेल्डिंग करना सीखेंगे। इसमें पेंट की जरूरत नहीं होगी।
पेंट तय जगह से बाहर न फैले इसके लिए हाथों को साधने का अभ्यास कराया जाएगा। वेल्डिंग सीखने के दौरान छात्रों को चिंगारी का खतरा भी नहीं होगा। सिम्युलेटर की मदद से से छात्र किसी भी प्रैक्टिकल को आसानी से कर सकेंगे। इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर जैसी ट्रेडों के छात्रों को गलती होने पर चोट लगने का खतरा नहीं रहेगा।
कैंट रेलवे स्टेशन से गंगा घाटों तक चेकिंग
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर रेलवे स्टेशन, रोडवेज और गंगा घाटों से लेकर शहर के विभिन्न बाजारों में पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। कैंट रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया।
कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह और आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि डाग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता के साथ प्लेटफार्मों, प्रवेश द्वार, यात्री हाल, पार्सल गेट, सर्कुलेटिंग एरिया में चेकिंग की। संदिग्ध वस्तुओं और सामानों की तलाशी ली गई।
उधर, डीसीपी काशी, गोमती और वरुणा जोन में भी होटल, प्रमुख बाजारों और गंगा घाटों का निरीक्षण किया। काशी जोन में होटल संचालकों को सख्त हिदायत दी कि सीसी कैमरे क्रियाशील रहे और आईडी के साथ नाम, पता और मोबाइल नंबर दर्ज करें।