बीएचयू: काशी की 75 अज्ञात विभूतियों को सम्मानित करेगा विवि, राष्ट्र निर्माण में निभाई भूमिका
बीएचयू स्थित दीनदयाल उपाध्याय पीठ की ओर से राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले काशी की 75 अज्ञात विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। दिसंबर से लेकर फरवरी तक होने वाले इस आयोजन में लोगों को सम्मानित करने के साथ ही एक दिवसीय संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें स्वतंत्रता संग्राम के विभिन्न पहलुओं पर मंथन भी किया जाएगा। बीएचयू में सामाजिक विज्ञान संकाय के तहत चलने वाली दीनदयाल उपाध्याय पीठ की निगरानी समिति की बैठक में इसका फैसला हुआ है।
दीनदयाल उपाध्याय अमृत महोत्सव के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में होने वाले आयोजन पर मुहर लगने के बाद अब इस दिशा में तैयारियां शुरू हो गई हैं। दीनदयाल उपाध्याय पीठ की निगरानी समिति की संकाय प्रमुख प्रोफेसर कौशल किशोर मिश्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में काशी की 75 विभूतियों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय अमृत महोत्सव सम्मान देने का निर्णय लिया गया है।
प्रोफेसर कौशल किशोर मिश्र ने बताया कि काशी में बहुत से लोगों ने आर्थिक, सामाजिक, परिवारिक, सांस्कृतिक, कला, साहित्य के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दिया है। ऐसे लोगों की तलाश कर उन्हें सम्मानित करने से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी।
छह सदस्यीय समिति पर जिम्मेदारी
सामाजिक विज्ञान संकाय के प्रमुख प्रोफेसर कौशल किशोर मिश्र ने बताया कि राष्ट्र निर्माणक विभूतियों को सम्मानित करने की दिशा में 6 सदस्यीय कमेटी का भी गठन किया गया है। इसमें इतिहास विभाग के प्रोफेसर प्रवेश भारद्वाज, डीएवी पीजी कॉलेज से डॉ अनूप कुमार मिश्रा, बीएचयू से डॉ.सुनीता कुमारी, शोध छात्र शुभम मिश्र, और सुमित कुमार सिंह को शामिल किया गया है।