BHU: बीए-एलएलबी के लिए एससी-एसटी को 40% अंक जरूरी, 48 घंटे में बंद होगा यूजी रजिस्ट्रेशन
Varanasi News: बीएचयू में दो दिन बाद यूजी काउंसिलिंग की तारीख आएगी। पहले चरम के प्रवेश के लिए मेरिट और कटऑफ जारी होगी। वहीं बीए-एलएलबी के लिए एससी-एसटी को 40% अंक जरूरी होगा।
विस्तार
बीएचयू में दो दिन बाद स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। अगले 48 घंटे में यूजी रजिस्ट्रेशन बंद हो जाएगा। सीयूईटी-यूजी अभ्यर्थियों के लिए दाखिले के उद्देश्य से एडमिशन पोर्टल 25 जुलाई की रात 11:59 बजे तक खुला रहेगा। इसके बाद यूजी काउंसिलिंग और स्नातक सीटों के आवंटन की तारीखों की घोषणा की जाएगी। केंद्रीय प्रवेश समिति पहले चरण के प्रवेश के लिए मेरिट सूची और कटऑफ भी जारी करेगी।
दूसरी ओर, बीएचयू में बीए-एलएलबी कोर्स को छोड़कर अन्य सभी स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के अभ्यर्थियों के लिए क्वालिफाइंग परीक्षा में न्यूनतम अंकों की अनिवार्यता नहीं होगी। इसके लिए केवल एनटीए की सीयूईटी-यूजी परीक्षा उत्तीर्ण होना पर्याप्त होगा।
हालांकि, बार काउंसिल ऑफ इंडिया की सिफारिशों के अनुसार बीए-एलएलबी में प्रवेश के लिए एससी और एसटी अभ्यर्थियों को क्वालिफाइंग परीक्षा के सभी विषयों में कुल मिलाकर कम से कम 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। इसके बाद ही उन्हें प्रवेश मिल सकेगा। वहीं, सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत और ओबीसी वर्ग के लिए 45 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। यह जानकारी बीएचयू की ओर से जारी यूजी बुलेटिन-2026 में दी गई है।
ओपन यूनिवर्सिटी सिस्टम वाले नहीं होंगे पात्र
यूजी बुलेटिन के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों ने ओपन यूनिवर्सिटी सिस्टम के माध्यम से आवश्यक मूल शैक्षणिक योग्यता के बिना सीधे 12वीं, स्नातक या स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की है, वे बीए-एलएलबी (ऑनर्स) पांच वर्षीय पाठ्यक्रम में प्रवेश के पात्र नहीं होंगे। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और दिव्यांग अभ्यर्थियों को योग्यता परीक्षा में न्यूनतम पात्रता अंकों में सामान्य वर्ग की तुलना में पांच प्रतिशत की छूट मिलेगी।
इसे भी पढ़ें; काशी विश्वनाथ धाम: सुगम दर्शन के अगले पांच दिन के ऑनलाइन टिकट उपलब्ध, दो लाख श्रद्धालु रोज पहुंच रहे मंदिर
विदेशी छात्रों को न्यूनतम 50% अंक
विदेशी छात्रों के लिए सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु क्वालिफाइंग परीक्षा में कम से कम 50 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य होगा। फिलहाल विदेशी छात्रों के प्रवेश की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। भारतीय छात्रों के दाखिले के बाद ही इसके लिए अधिसूचना जारी की जाएगी।