बीएचयू : कृषि विज्ञान संस्थान में राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान संस्थान परिसर में पक्षियों के मरने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को परिसर में दो राष्ट्रीय पक्षी मोर मृत अवस्था में मिले। वहीं रोहनिया में अचानक गिरकर कौवे के मरने की सूचना से ग्रामीणों में हड़कंप मचा हुआ है। इसके पहले भी परिसर में 11 मार्च को कौवे और बगुले मृत मिले थे।
कृषि विज्ञान संस्थान के अधिकारियों का कहना है कि पक्षियों के सैंपल को जांच के लिए भेजा जाएगा। शुक्रवार की सुबह बीएचयू के कृषि विज्ञान संस्थान परिसर में दो मोर मृत अवस्था में मिले। वहां से गुजरने वाले लोगों ने इसकी सूचना संस्थान के कर्मियों को दी।
वहीं रोहनिया के मोहनसराय में शरीफ अंसारी की छत पर एक कौवा गिरकर अचानक मर गया। ग्राम प्रधान कुसुम उपाध्याय ने इसकी सूचना पशु चिकित्सक को दी। मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक डॉ. सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि जांच के बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकता है।
पहले भी मोहनसराय में लगभग 20 दिन पहले कई कौवों की पेड़ पर से गिरकर रहस्यमय तरीके से मौत हो गई थी। कौवों की जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद आपात बैठक बुलाकर बायोसिक्योरिटी के इंतजामों को कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया था। कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. रमेश चंद्र का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो पक्षियों के सैंपल जांच के लिए भिजवाया जाएगा।
बीएचयू के प्राणि विज्ञान विभाग के प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे का कहना है कि पक्षियों की मौत अस्वाभाविक है। पक्षी या तो बहुत गर्मी या बहुत सर्दी होने पर ही मरते हैं। वर्तमान में ऐसी कोई स्थिति नहीं है। हालांकि बर्ड फ्लू की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है।