बीएचयू में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल समाप्त
ध्यान हो कि बुधवार की रात ट्रॉमा सेंटर में बिरला हॉस्टल के छात्रों व जूनियर डॉक्टरों के बीच मारपीट और धनवंतरि हॉस्टल में आगजनी व तोड़फोड़ के बाद बुधवार की देर रात से ही जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर चले गए थे। वे दोषी छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, सुरक्षा और आगजनी व तोड़फोड़ में हुए अपने नुकसान की भरपाई की मांग पर अड़े थे। गुरुवार की देर रात तक ट्रॉमा सेंटर में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस चौकी खोल दी गई। इस मामले में दोषी 26 छात्रों पर निलंबन और परिसर में प्रवेश पर प्रतिबंध की कार्रवाई के साथ ही उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करा दिया गया था। इन सबके बाद जूनियर डॉक्टरों के नुकसान की भरपाई का मामला ही अटका था।
हालांकि इस पर भी जिलाधिकारी ने उन्हें जल्द से जल्द इंश्योरेंस दिलाने का वादा किया था। बावजूद इसके जूनियर डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल जारी रखी थी। शुक्रवार की दोपहर आईएमएस निदेशक प्रो. वीके शुक्ल, एमएस डॉ. ओपी उपाध्याय समेत कई सीनियर डॉक्टर उन्हें मनाने पहुंचे। उन्हें आश्वस्त किया कि अगर प्रशासन उनके नुकसान की भरपाई नहीं करेगा तो सीनियर डॉक्टर मिलकर उनकी क्षतिपूर्ति करेंगे। इसके बाद शाम छह बजे सभी जूनियर डॉक्टर काम पर लौट आए।