BHU अस्पताल का हाल: आदेश बेअसर..., OPD का गेट बंद, लैब की कुर्सियां खाली; पर्चा लेकर डॉक्टर का करते रहे इंतजार
बीएचयू की ओपीडी का समय बदलने के कारण मरीजों की परेशानी बढ़ गई है।बीएचयू अस्पताल की ओपीडी का गेट बंद होने के बाद खूब भीड़ हो रही है। ओपीडी बंद होने पर मरीज हाथ में पर्चा लेकर डॉक्टर का इंतजार करते रहे।
विस्तार
बीएचयू अस्पताल की ओपीडी का समय बदलकर सुबह 8 बजे से कर तो दिया गया है, लेकिन हकीकत में इसका अनुपालन नहीं हो पा रहा है। लोग डॉक्टर को दिखाने तो समय से आ रहे हैं, लेकिन ओपीडी का गेट बंद होने से अंदर नहीं जा पा रहे हैं। शुक्रवार को अमर उजाला लाइव में ऐसा ही दृश्य देखने को मिला।
यहां कई ओपीडी का गेट 8.30 बजे तक बंद था, लोग हाथ में पर्चा लेकर बाहर खड़े रहे। सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में बने जांच काउंटर पर सन्नाटा पसरा रहा। इस तरह की स्थिति तब है जब दोपहर 12 बजे तक विभाग में पंजीकरण ठप हो जा रहा है। बीएचयू अस्पताल में गुरुवार से ओपीडी का समय बदलकर सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक कर दिया गया है।
कई लोग सुबह सात बजे ही पर्चा काउंटर के बाहर आकर खड़े हो गए। पहले पर्चा मिल जाए, इसके लिए लाइन लगनी शुरू हुई और देखते देखते आठ बजे तक मरीजों की लाइन अस्पताल के पर्चा काउंटर के बाहर रेडियोथेरेपी विभाग के गेट के पास तक पहुंच गई वहीं अस्पताल में एक्सरे कक्ष के पास भी लोग कुर्सी पर बैठे रहे, लेकिन यहां तीनों में से कोई भी नहीं खुला था। सुबह करीब 8.30 बजे के बाद ही एक्सरे कक्ष खुला तब जाकर मरीजों ने राहत की सांस ली।
दूर चलिए, डॉक्टर साहब आएंगे तभी न दिखाइएगा
सुबह 8.20 बजे अस्पताल की मेडिसिन विभाग की ओपीडी के बाहर हाथ में पर्चा लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। यहां खड़े बाउंसर और सुरक्षाकर्मी ने कहा कि गेट को छोड़कर दूर चलिए, जब डॉक्टर साहब आएंगे तभी न दिखाइएगा। एक मरीज ने डॉक्टर के आने का समय पूछा तो बाउंसर ने यह कहा कि जब जाएंगे तो पता चल जाएगा। शुक्रवार को मेडिसिन विभाग में अस्पताल के एमएस प्रो. केके गुप्ता की ओपीडी थी। तय समय से करीब आधे घंटे बाद यानी 8.30 बजे प्रो. गुप्ता पहुंचे।