BHU: चार राउंड की प्रवेश प्रक्रिया के बाद भी बीकॉम की 23% सीटें खाली, 1049 सीटों में से 824 पर प्रवेश पूरा
समर्थ पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन का लिंक जारी होते ही इसे खोलने की होड़ मच गई। हालांकि, सात सितंबर से आवदेन शुरू होगा। आठ सितंबर को पहली और 9 सितंबर को दूसरी मेरिट जारी की जाएगी।
विस्तार
Varanasi News: बीएचयू में स्नातक की खाली सीटों पर दाखिले के लिए आज से स्पॉट राउंड शुरू हो रहा है। बृहस्पतिवार शाम छह बजे समर्थ पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन का लिंक जारी कर दिया गया। सात सितंबर तक पंजीकरण किया जा सकेगा। बीएचयू की केंद्रीय प्रवेश समिति की ओर से जारी सीटों के विवरण के मुताबिक, बीकॉम की करीब 23 फीसदी सीटें खाली हैं।
बीकॉम ऑनर्स की कुल 1049 सीटों में से 824 पर प्रवेश हो गया और मेन कैंपस की 10 सीटों समेत 225 सीटों पर प्रवेश होना बाकी है। जबकि, चार राउंड की प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसमें पेड सीटों और स्पेशल कोर्स के भी आंकड़े शामिल हैं।
फाइनेंशियल मार्केट मैनेजमेंट (एफएमएम) ब्रांच से बीकॉम में 77 फीसदी सीटें ही भर पाईं हैं। 124 में 28 सीटें खाली हैं। इसमें मेन कैंपस में तीन और राजीव गांधी साउथ कैंपस में 25 सीटें शामिल हैं। अब इन खाली सीटों को आगामी स्पॉट राउंड में भरने की कवायद तेज की जा रही है।
बीकॉम ऑनर्स में मुख्य परिसर स्थित वाणिज्य संकाय में कुल 329 में से 319 पर दाखिले हो गए हैं और 10 सीटें खाली हैं। डीएवी पीजी कॉलेज में 261 में से 207 दाखिले हो गए हैं। 54 सीटें खाली रह गई हैं। इसके अलावा साउथ कैंपस में 114 पेड सीट में 74 पर प्रवेश और 40 सीटें खाली हैं। वसंत कन्या महाविद्यालय में 115 में से 74 सीटें भरीं और 41 सीटें खाली हैं। वसंता कॉलेज राजघाट और आर्य महिला में 110-110 में से कुल 84-84 सीटें भर गईं हैं और 26-26 सीटें खाली हैं।
संबद्ध कॉलेज में बीकॉम कोर्स शुरू होने से भी बढ़ीं सीटें
बीएचयू के संबद्ध कॉलेजों में बीकॉम के कोर्स शुरू हुए। इससे कुछ सीटें बढ़ गईं। एकेडमिक काउंसिल में इसका फैसला हुआ था। वहीं, संकाय के एक प्रोफेसर के मुताबिक सीयूईटी की नई व्यवस्था आने के बाद कई तरह के बदलाव आए हैं। इन वजहों से सीटों की संख्या में परिवर्तन साफ पता चल रहा है।
बीएचयू में यूजी दाखिले में स्पॉट राउंड की प्रक्रिया शुरू
बीएचयू के यूजी दाखिले में स्पॉट राउंड की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रजिस्ट्रेशन करने के लिए लिंक जारी कर दिया गया है। केंद्रीय प्रवेश समिति की ओर से कहा गया है कि खाली सीटों के अनुसार रजिस्ट्रेशन कर लें। आवेदन की फीस 1000 रुपये तय की गई है। करीब 1500 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। सात सितंबर रात 11:59 मिनट तक रजिस्ट्रेशन होगा। आठ सितंबर को पहली और 9 सितंबर को दूसरी मेरिट जारी की जाएगी।