बीएचयू: परिसर से सावरकर की तस्वीर हटाने की जांच करेगी तीन सदस्यीय टीम
समाज विज्ञान के संकाय प्रोफेसर आरपी पाठक ने बताया कि जांच के लिए तीन सदस्यी टीम घोषित की गई है। इसमें बिंदा पराजंपे (इतिहास), प्रो जेबी कुमरईया (अर्थशास्त्र) और विधि संकाय से डा वीके सिंह है। वहीं छात्रों का आक्रोश कम नहीं हो रहा है, उनकी मांग है कि इसकी जांच जल्दी से जल्दी की जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो।
बीएचयू कैंपस में वीसी गो बैक और पुलिसिया उत्पीड़न के पोस्टर
बीएचयू कैंपस में वॉल राइटिंग और पोस्टर वार शुरू हो गया है। वाल राइटिंग में पुलिस के कैंपस में प्रवेश करने और बर्बर होने की बात लिखी गई है, वहीं एलडी गेस्ट हाउस चौराहा, कला संकाय परिसर में बीएचयू वीसी गो बैक और छात्रों की पुलिस द्वारा पिटाई संबंधी पोस्टर भी चस्पा कराए गए हैं।कला संकाय में प्रवेश करते समय दोनों तरफ की दीवारों पर बीएचयू में पुलिस के विरोध में वॉल राइटिंग की गई है। लिखा गया है- बैन पुलिस इन कैंपस, बीएचयू अगेंस्ट पुलिस ब्रूटेलिटी। बीएचयू वीसी डाउन-डाउन। जबकि कला संकाय में चस्पा पोस्टर में ‘स्टूडेंट बीटेन, दिस इज हाउ बीएचयू एडमिनिस्ट्रेशन सेलिब्रेटेड चिल्ड्रेंस डे’ लिखा है।
साथ ही छात्रों ने अपनी मांगों से जुड़े पोस्टर भी चस्पा किए हैं। विज्ञान संकाय में भी मांगों से संबंधित पोस्टर चस्पा किए गए हैं। इधर, एलडी गेस्ट हाउस चौराहे पर बैरियर और चौराहे बीच में बीएचयू वीसी गो बैक के पोस्टर लगाए गए हैं।
बीएचयू के पीआरओ डॉ. राजेश कुमार सिंह ने बताया कि कैंपस में वॉल राइटिंग करना और पोस्टर लगाना गलत है और अपराध भी है। ऐसा करने वालों को चिह्नित कर नियमानुसार उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बीएचयू में कुलपति आवास के सामने कुलपति प्रो. राकेश भटनागर की गाड़ी पर बोतल फेंकने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। आरोप है कि दोपहर में केंद्रीय कार्यालय से आवास जाते समय जैसे ही गाड़ी आवास के अंदर जा रही थी, तभी पीछे से छात्रों ने बोतल फेंका। इस बारे में पीआरओ डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि इस तरह का कृत्य अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। बोतल किसने फेंका, इसकी जांच कराकर जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।