पीजी की सीट बढ़ाने की मांग: BHU आयुर्वेद संकाय के छात्रों ने निकाला कैंडल मार्च, छह दिन से धरना जारी
स्नातकोत्तर की सीट बढ़ाने की मांग को लेकर आयुर्वेद संकाय बीएचयू के छात्र बीते छह दिन से धरना दे रहे हैं। बुधवार शाम धरने पर बैठे छात्रों ने कुलपति आवास से सिंह द्वार तक कैंडल मार्च निकाला।
विस्तार
आईएमएस बीएचयू के आयुर्वेद संकाय में पीजी की सीट वृद्धि को लेकर छह दिन से धरने पर बैठे छात्रों ने बुधवार की शाम को कुलपति आवास से सिंह द्वार तक कैंडल मार्च निकाला। विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की। सैकड़ों छात्र हाथ में कैंडल लेकर सिंह द्वार तक गए। इसके बाद वहां से वापस धरना स्थल पर आए।
कहा कि पांच साल से सीट वृद्धि की मांग की जा रही है। संकाय प्रमुख भी बातचीत के लिए आए लेकिन कोई ठोस परिणाम नहीं निकाला। चेतावनी दी कि जब तक मांगें नहीं मान ली जाती है, तब तक धरना जारी रहेगा। लिहाजा छात्रों का धरना बुधवार को भी जारी रहा। इधर छात्रों के धरने की वजह से वीसी आवास से एलडी गेस्ट हाउस तक का बंद रास्ता नहीं खुल सका है।
छात्रों का कहना है कि जब भी सीटें बढ़ाने की बात की जाती है तो तर्क दिया जाता है कि बजट नहीं है। छात्रों ने सवाल किया कि अन्य विभागों के लिए बजट है, आयुर्वेद संकाय के लिए क्यों नहीं है।
NSUI कार्यकर्ताओं ने फूंका शिक्षा मंत्री का पुतला
बीएचयू में विभिन्न पाठयक्रमों में फीस वृद्धि के विरोध में बुधवार को एनएसयूआई बीएचयू इकाई के कार्यकर्ताओं ने शिक्षामंत्री का पुतला फूंका। मधुबन पार्क के पास उनकी प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों से जमकर नोकझोंक भी हुई। पुतला फूंकने से पहले कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला। इस दौरान शिक्षामंत्री और कुलपति के विरोध में नारेबाजी की गई। कहा कि बीएचयू प्रशासन प्रतिभावान छात्रों के साथ अन्याय कर रहा है।