Bharat Gaurav Train: बेंगलुरु से वाराणसी पहुंची भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन, तीर्थयात्रियों ने कहा- सपना सच हुआ
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से शुक्रवार को रवाना हुई भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन मंगलवार शाम पांच बजे बनारस जंक्शन पहुंची।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से शुक्रवार को रवाना हुई भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन मंगलवार शाम पांच बजे बनारस स्टेशन पहुंची। इस ट्रेन में सवार कर्नाटक के करीब 600 तीर्थयात्रियों का स्वागत ढोल-नगाड़े की थाप पर हुआ। कर्नाटक की धार्मिक बंदोबस्ती मंत्री शशिकला जोले ने यात्रियों को माला पहनाकर स्वागत किया।
भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से बनारस पहुंचे तीर्थयात्रियों ने कहा कि हम लोगों के सपना सच हुआ। बहुत दिन से काशी आने की इच्छा थी जो अब पूरी हुई है। उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। इन तीर्थयात्रियों में अधिकांश ऐसे हैं जो पहली बार वाराणसी पहुंचे हैं। तीर्थयात्रियों को सारनाथ स्थित होटल के लिए रवाना किया गया।
वाराणसी से अयोध्या जाएंगे तीर्थयात्री
सभी तीर्थयात्री सोमवार को तुलसी मानस मंदिर, संकट मोचन मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करने जाएंगे। इसके बाद शाम को गंगा आरती में शामिल होंगे, फिर सारनाथ में बुक कराए गए होटल में ठहरेंगे। अगले दिन मंगलवार सुबह साढ़े पांच बजे बनारस स्टेशन से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से अयोध्या के लिए रवाना होंगे, जहां से दर्शन-पूजन के बाद प्रयागराज होते हुए बेंगलुरु के लिए जाएंगे।
पीएम मोदी ने ट्रेन को दिखाई थी हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार सुबह 11:07 बजे बेंगलुरु के केएसआर रेलवे स्टेशन से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी। जहां से सीधे यह ट्रेन काशी आ रही है, जो मंगलवार को अपने तय समय अपराह्न 3:35 बजे से डेढ़ घंटे लेट करीब पांच बजे बनारस स्टेशन पहुंची।
काशी आना चाहते हैं कर्नाटकवासी
कर्नाटक की धार्मिक बंदोबस्ती मंत्री शशिकला जोले ने कहा कि कर्नाटक के अधिकांश लोगों की इच्छा रहती है कि जीवन में कम से कम एक बार काशी यात्रा की जाए। इस तरह का कार्यक्रम शुरू करने की मेरी भी इच्छा थी, जो कि अब पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक सरकार ने यह तय किया है कि हर साल राज्य के 30 हजार लोगों को काशी दर्शन कराएगी। काशी दर्शन के तीर्थ यात्रियों को सरकार की ओर से किराये में 5000 रुपये की सब्सिडी भी दी जाएगी।