भदोही: भाई के साथ मायके से घर लौट रही महिला की मौत, कुत्ते को बचाने में फिसली थी बाइक; युवक घायल
दुर्गागंज के गौरा गांव के पास मछलीशहर-वाराणसी हाईवे पर कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में भाई के साथ बाइक से लौट रही निर्मला देवी (46) गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह भाई को राखी बांधकर मायके से घर लौट रही थीं।
विस्तार
दुर्गागंज थाना क्षेत्र के गौरा गांव के पास मछलीशहर-वाराणसी हाईवे पर सोमवार को सड़क हादसे में सुरियावां कोतवाली क्षेत्र के कंतिरामपुर निवासी निर्मला देवी (46) की मौत हो गई। वह राखी के पर्व पर मायके गई थीं और भाई को राखी बांधने के बाद उसके साथ बाइक से घर लौट रही थीं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
प्रयागराज के सरायमरेज थाना क्षेत्र के भुषलपुर गांव निवासी राजकुमार अपनी बहन निर्मला देवी को उसके घर कंतिरामपुर छोड़ने जा रहे थे। दोनों एनएच-731बी पर गौरा गांव के पास पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक बाइक के सामने कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में राजकुमार ने बाइक को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में भाई-बहन भी सड़क पर गिर पड़े।
बाइक से गिरने के कारण निर्मला देवी को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवानीपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद निर्मला देवी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनके भाई राजकुमार के भी घायल होने की जानकारी है।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर दुर्गागंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
निर्मला देवी के पति राजेश कुमार गौतम की करीब 15 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। उनके परिवार में दो बेटे विकास (25), सूरज (16) और बेटी चंदा (18) हैं। दोनों बेटे दिल्ली में रहते हैं। बड़े बेटे विकास की शादी हो चुकी है, जबकि बेटी चंदा अभी अविवाहित है। राखी के दिन भाई को राखी बांधकर खुशी-खुशी घर लौट रही निर्मला की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।