भदोही: तीन दिन में चार डिग्री लुढ़का पारा, सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन; आगामी दिनों में और गिरेगा तापमान
जिले में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। तीन दिनों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री गिरकर 14 डिग्री पर पहुंच गया है। सर्द हवाओं के चलते सुबह और शाम ठिठुरन बढ़ गई है। हालांकि, अधिकतम तापमान 27 डिग्री पर स्थिर है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट का अनुमान जताया है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
ज्ञानपुर जिले में सर्दी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है। बीते तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार की शाम से ठंडी हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालांकि अधिकतम तापमान अभी 27 डिग्री पर स्थिर बना हुआ है। शाम होते ही ठंडी हवाओं से लोग ठिठुरने को मजबूर हो रहे हैं। सुबह और शाम धुंध व कोहरे का असर भी देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों में तापमान और गिरने का अनुमान जताया है।
जिले में बीते सप्ताह बारिश के बाद न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक पहुंच गया था, लेकिन मौसम साफ होने के बाद स्थिति सामान्य हो गई थी। दिन का अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री के आसपास पहुंच गया था। न्यूनतम तापमान भी 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था। पिछले तीन दिनों से तापमान में फिर गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री था, जो मंगलवार को दो डिग्री गिरकर 16 डिग्री पर पहुंच गया। बुधवार को इसमें और गिरावट आई और पारा 14 डिग्री पर पहुंच गया।
कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के प्रभारी डॉ. अजय कुमार ने बताया कि 23 नवंबर को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री था, जो मंगलवार को घटकर 16 और बुधवार को 14 डिग्री पर पहुंच गया। अधिकतम तापमान बीते तीन-चार दिनों से 27 डिग्री पर स्थिर बना हुआ है। इस समय वातावरण में 70 से 80 प्रतिशत तक नमी है। वहीं, हवा की गति सात से आठ किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि अगले तीन दिनों में रातें और ठंडी होंगी। न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री तक रह सकता है।
सेहत पर भारी पड़ रहा मौसमी उतार-चढ़ाव
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रदीप यादव ने बताया कि सर्दी बढ़ने के साथ मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इनमें बच्चे और बुजुर्ग अधिक हैं। ओपीडी में हर चौथा मरीज सर्दी-खांसी, बुखार और एलर्जी से पीड़ित पहुंच रहा है। उन्होंने लोगों को खानपान में सावधानी बरतने की सलाह दी। ठंडे पदार्थों से बचने और नियमित रूप से गुनगुना पानी पीने को कहा।
