भदोही: चिकित्सक ने महिला के कर दिए तीन ऑपरेशन, तबीयत बिगड़ने से मौत; अल्ट्रासाउंड जांच के नाम पर बनारस भेजा
भदोही में एक चिकित्सक पर महिला के तीन ऑपरेशन करने के बाद तबीयत बिगड़ने पर वाराणसी रेफर करने का आरोप लगा है। परिजनों के अनुसार, हालत खराब होने पर अल्ट्रासाउंड जांच के नाम पर उसे बनारस के निजी अस्पताल भेजा गया। वहां तीन दिन आईसीयू में इलाज के बाद महिला की मौत हो गई। मामले में परिजनों ने कार्रवाई की मांग की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
औराई कोतवाली क्षेत्र के वाराणसी-प्रयागराज हाईवे के उत्तरी लेन पर घोसिया स्थित ऑलम हॉस्पिटल में डॉक्टर की लापरवाही से ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो गई। आरोप है कि डॉक्टर ने एक के बाद एक कुल तीन ऑपरेशन कर दिए। जिसमें हर्निया, पथरी और बच्चेदानी जैसे ऑपरेशन थे। इससे महिला की तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद अल्ट्रासाउंड जांच कराने के बहाने वाराणसी एंबुलेंस से भेज दिया गया। जहां एक निजी अस्पताल में महिला की बुधवार को मौत हो गई। औराई के जेठूपुर गांव निवासी 45 वर्षीय जोहरा बेगम की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
मृतका के पति बदरू ने बताया कि करीब 10 दिन पहले घोसिया के ऑलम हॉस्पिटल में पत्नी जोहरा बेगम को दिखाने गया। डॉक्टर ने दो ऑपरेशन करने की बात कही, लेकिन उन्होंने पथरी, हर्निया, बच्चेदानी यानी कुल तीन ऑपरेशन किया। इससे पत्नी की तबीयत खराब हो गई। बताया कि बीते 23 अगस्त को चिकित्सक ने उन्हें बताया कि उनकी पत्नी का अल्ट्रासाउंड कराना है। जिसके लिए एंबुलेंस से वाराणसी के चितईपुर स्थित एक अस्पताल में भेजा गया।
आरोप लगाया कि वहां एंबुलेंस कुछ देर बाद छोड़कर चली गई। चिकित्सक ने वहां भर्ती करने के नाम पर इनसे पैसे लिए। तीन दिनों तक उनकी पत्नी को आईसीयू में रखा गया। बुधवार को उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने हंगामा किया। मृतक महिला के दो बच्चे है। जिनमें 6 वर्षीय बेटी मुस्कान और 21 वर्षीय बेटा राहुल है।
एक बार में एक मेजर ऑपरेशन होना चाहिए। यदि किसी मरीज का पेट खोला गया है। गांठ, अपेंडिक्स है, उसका ऑपरेशन किया जा सकता है, लेकिन पथरी, बच्चेदानी दोनों मेजर ऑपरेशन है। इसलिए ये दोनों ऑपरेशन एक साथ नहीं किए जा सकते हैं। हर्निया भी कई तरह की होती है। वर्तमान में कुछ ऐसे हर्निया हैं, जो मेजर ऑपरेशन के श्रेणी में आते हैं। - डॉ. मुकेश कुमार प्रजापति, स्त्री रोग एवं प्रसूता विशेषज्ञ जिला अस्पताल।
एक ही मरीज का एक ही दिन में तीन ऑपरेशन करना गंभीर प्रकरण है। परिवार की तरफ से अभी शिकायत नहीं मिली है। जांच टीम गठित कर मामले की जांच कराई जाएगी। चिकित्सक दोषी मिलता है तो कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. एसके चक, सीएमओ भदोही।