NER में बनारस स्टेशन सबसे साफ: मंडल को मिले 12 शील्ड, पुष्पक एक्सप्रेस की हुई तारीफ; इन्हें मिला सम्मान
पूर्वोत्तर रेलवे की महाप्रबंधक ने बेहतरीन कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया है। इसी क्रम में उन स्टेशनों को भी सराहा गया, जहां सफाई व्यवस्था बेहतर है।
विस्तार
Railway News : रेल सप्ताह समारोह के अंतर्गत रेलवे प्रेक्षागृह में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पूर्वोत्तर रेलवे की महाप्रबंधक सौम्या माथुर ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 45 रेलकर्मियों को विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
सर्वोत्तम स्वच्छ स्टेशन के लिए ए-1 व ए श्रेणी में बनारस, बी श्रेणी में लालकुआं और डी एवं ई श्रेणी में ऐशबाग स्टेशन तथा सर्वाधिक व्यवस्थित एवं साफ-सुथरी ट्रेन पुष्पक एक्सप्रेस को चुना गया। सबसे ज्यादा शील्ड बनारस मंडल को 12, लखनऊ मंडल को 10 और इज्जतनगर मंडल को 6 मिले हैं।
एनईआर में बेहतर कार्य के लिए मुख्यालय एवं मंडलों के 45 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महाप्रबंधक ने ‘स्टार परफॉर्मर ऑफ द ईयर-2024’पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार पाने वालों में ट्रैक मेंटेनर, तकनीशियन, स्टेशन मास्टर, लोको पायलट, लिपिक, विभिन्न विभागों के निरीक्षक एवं सेक्शन इंजीनियर, चिकित्साकर्मी तथा अधिकारी शामिल हैं।
इनके प्रयास से रेल हादसे बचे हैं और ट्रेनों को समय से चलाने में मदद मिली है। सर्वोत्तम सवारी माल डिब्बा डिपो शील्ड मऊ डिपो को, स्वच्छता वाणिज्य कार्य कुशलता शील्ड इज्जतनगर एवं वाराणसी मंडल को संयुक्त रूप से मिला। वाराणसी मंडल को सर्वोत्तम नवोन्मेषी मंडल शील्ड, परिचालन, कार्मिक एवं सिग्नल कार्यकुशलता शील्ड लखनऊ तथा वाराणसी मंडल को संयुक्त रूप से मिला।
लखनऊ से छपरा के बीच आज से चलेगी होली स्पेशल वंदे भारत
होली पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने फेस्टिवल स्पेशल वंदे भारत समेत अन्य ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है। 02270/02269 लखनऊ-छपरा वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल का संचालन 5 से 17 मार्च तक सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार (मंगलवार को छोड़कर) 12 फेरों में किया जाएगा।
02270 लखनऊ-छपरा वंदे भारत लखनऊ से दोपहर 2.15 बजे खुलेगी और सुल्तानपुर होते हुए वाराणसी कैंट स्टेशन से शाम 6.25 बजे होकर गाजीपुर सिटी, बलिया, सुरेमनपुर होकर छपरा में रात 9.30 बजे पहुंचेगी।
वापसी यात्रा में 02269 छपरा-लखनऊ वंदे भारत छपरा से रात 11 बजे खुलेगी और सुरेमनपुर, बलिया, गाजीपुर सिटी होकर रात 2.35 बजे वाराणसी कैंट, सुल्तानपुर होकर सुबह 6.30 बजे लखनऊ पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 8 कोच लगाए जाएंगे।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि इकहरी यात्रा के तहत 05082 बनारस-सिकंदराबाद फेस्टिवल स्पेशल का संचालन बनारस से 5 मार्च को होगा। ट्रेन शाम 6 बजे बनारस स्टेशन से खुलेगी और वाराणसी कैंट से 6.25 बजे होते हुए दूसरे दिन रात 10.30 बजे सिकंदराबाद पहुंचेगी। इस ट्रेन में भी 19 कोच लगाए जाएंगे।
आज और कल निरस्त रहेंगी आठ ट्रेनें
गोरखपुर कैंट-भटनी रेल खंड के बैतालपुर-देवरिया सदर स्टेशन के बीच एनआई और ब्लॉक की वजह से वाराणसी सिटी-गोरखपुर समेत आठ ट्रेनें 5 और 6 मार्च को निरस्त रहेंगी। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि गोरखपुर कैंट से 5 व 6 मार्च को चलने वाली 15129 गोरखपुर कैंट-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।
वाराणसी सिटी से 5 व 6 मार्च को चलने वाली 15130 वाराणसी सिटी-गोरखपुर कैंट एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। छपरा से 5 व 6 मार्च को चलने वाली 15105 छपरा-नौतनवा एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। नौतनवा से 5 व 6 मार्च को चलने वाली 15106 नौतनवा-छपरा एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। बनारस से 6 मार्च को चलने वाली 15104 बनारस-गोरखपुर एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।