Sports News: 29 अप्रैल से बनारस हॉकी लीग, सात मई को फाइनल; दूधिया रोशनी में होगा खेल
Varanasi News: उदय प्रताप कॉलेज में हॉकी का आधुनिक एस्ट्रो टर्फ मैदान तैयार हो गया है। अधिकारियों की तैयारी है कि बनारस हॉकी लीग का फाइनल रात में दूधिया रोशनी में कराया जाए। पहली बार यूपी कॉलेज के एस्ट्रो टर्फ पर फाइनल मैच कराया जाएगा।
विस्तार
Sports News: बनारस हॉकी लीग 29 अप्रैल से लेकर सात मई तक डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल बड़ा लालपुर में खेली जाएगी। इस लीग के लिए दो ओलंपिक खिलाड़ियों राहुल सिंह और ललित उपाध्याय का सहयोग मिल रहा है। वहीं, यूपी कॉलेज के नए एस्ट्रोटर्फ मैदान पर हॉकी का फाइनल खेलने की तैयारी चल रही है। हालांकि, वहां गेट बनने से लेकर कई काम अभी भी अधूरे हैं।
हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने शुक्रवार को बताया कि इस लीग में महिला और पुरुष दोनों वर्ग की टीमें हिस्सा लेंगी। मैच सुबह और शाम के सत्र में खेले जाएंगे। खिलाड़ी के आधार कार्ड में वाराणसी का पता होना जरूरी है। जो क्लब और संस्था इस लीग में खेलेगी उसको हॉकी प्रतियोगिता में पंजीकरण करना होगा।
उसके बाद खिलाड़ियों का पंजीकरण होगा। लीग बेहतर ढंग से हो इसके लिए आठ निर्णायकों का पैनल बनाया जाएगा। लीग के मैच को सोशल साइट पर भी लाइव देखा जा सकेगा। वहीं, लालपुर में इलेक्ट्रॉनिक स्कोर बोर्ड भी लगेगा। इसके लिए क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी वाराणसी मंडल और उपाध्यक्ष वाराणसी विकास प्राधिकरण के बीच सहमति बन गई है।
वाराणसी संकुल की नौ टीमों ने दिखाई फुर्ती
जवाहर नवोदय विद्यालय ज्ञानपुर में दो दिवसीय संकुल स्तरीय खो-खो ट्रायल का शुक्रवार को समापन हुआ। इसमें वाराणसी संकुल की नौ टीमों ने अपनी फुर्ती दिखाई। दूसरे दिन छात्र-छात्राओं ने खूब पसीना बहाया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले 36 बालक और 36 बालिकाओं का चयन संभाग स्तरीय टूर्नामेंट के लिए किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. इकरामुद्दीन ने बताया कि वाराणसी संकुल के मिर्जापुर, सोनभद्र, जौनपुर, वाराणसी, प्रतापगढ़, आंबेडकरनगर, प्रयागराज, कौशांबी और भदोही के खिलाड़ियों ने दो दिनों तक बेहतरीन खेल दिखाया।
प्रतियोगिता में अंडर 14, 17, 19 के बालक और बालिका वर्ग में कुल 72 खिलाड़ियों का चयन हुआ। सोनभद्र, अंबेडकर नगर और भदोही के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। बालक वर्ग के खिलाड़ी नवोदय विद्यालय अलीगढ़ और बालिका वर्ग की खिलाड़ी नवोदय विद्यालय मऊ में क्षेत्रीय संभागीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। 19 अप्रैल को होने वाले खेलकूद में खिलाड़ी प्रतिभा दिखाएंगे।
बीएचयू में खेले गए चार मैच, 10 ओवर में बने 35 से लेकर 143 रन
बीएचयू स्टाफ क्रिकेट प्रीमियम लीग के छठवें दिन शुक्रवार को चार अलग-अलग मैदानों पर चार लीग मैच हुए। पहले मैच में सेंट्रल ऑफिस एकेडमी ने कंप्यूटर सेंटर को, सामाजिक विज्ञान ने विधि संकाय को, विज्ञान संस्थान ने कंट्रोल ऑफिस और आईएमएस नर्सिंग ने वीसीडब्ल्यू को हराया। ब्रोचा मैदान पर कंप्यूटर सेंटर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी और 10 ओवर में 35 रन बनाए। जवाब में सेंट्रल ऑफिस एकेडमी की टीम ने 36 रन बनाकर मैच जीत लिया।
सेंट्रल ऑफिस की ओर से मुकेश ने 26 रन बनाकर अपने टीम को जीत दिलाई। एंफीथियेटर मैदान पर हुए दूसरे मैच में टॉस जीत सामाजिक विज्ञान संकाय ने फिल्डिंग चुनी। विधि संकाय को 60 रन पर ही रोक दिया। जवाब में उतरी सामाजिक विज्ञान संकाय की टीम ने 61 रन बनाकर मैच जीत लिया। कृषि विज्ञान खेल मैदान पर आईएमएस बीएचयू की नर्सिंग ऑफिसर टीम ने वसंता कॉलेज वीसीडब्ल्यू को 67 रन से हरा दिया।
आईएमएस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लेते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 114 रन बनाए। वीसीडब्ल्यू की टीम सात विकेट खोकर मात्र 47 रन ही बना पाई। रुइया खेल मैदान पर विज्ञान संस्थान ने कंट्रोल ऑफिस फाइनेंस को 72 रनों से हरा दिया। इन्होंने किया संचालन विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद् की ओर से आयोजित लीग में प्रतियोगिता का संचालन उपाध्यक्ष प्रो. अर्चना सिंह और महासचिव प्रो. एके नेमा ने किया। समन्वयक डॉ. वैभव राय, सहयोगी के रूप में सचिव डॉ. कविता वर्मा आदि मौजूद रहे।
साक्षी ने 2 सेकंड, अंशिका ने 3 सेकंड में हराकर जीता जूडो का स्वर्ण पदक
जिला स्तरीय बालिका जूडो प्रतियोगिता में अंशिका राय ने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी काजल को तीन सेकंड और साक्षी ने हेमा को दो ही सेकंड में परास्त कर स्वर्ण जीत लिया। बाबू आरएन सिंह इंडोर स्पोर्ट्स हाल में शुक्रवार को 44 से 48 किलोग्राम भार वर्ग में अंशिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए काजल को किक-ब्लॉक की मदद से हराया।
वहीं, पूनम और आर्या को कांस्य पदक मिला। 57 से 63 किलोग्राम भार वर्ग में साक्षी ने हेमा को दो सेकंड से पराजित कर स्वर्ण पदक जीत लिया। प्रीति यादव और तान्या को कांस्य पदक मिला। इस प्रतियोगिता के 52 से 57 किलोग्राम भार वर्ग में पायल ने कोमल को परास्त कर स्वर्ण पदक पर जीता। प्रीति और सुरम्या को कांस्य पदक पर संतोष करना पड़ा। बीना कश्यप निर्णायक की भूमिका में थी। यह प्रतियोगिता जिला जूडो संघ के सचिव लाल कुमार की देखरेख में खेली जा रही है।