बलिया : मौत के बाद पॉजिटिव पाए गए युवक ने कुछ दिन पहले किया था रक्तदान, जिले में 76 नए संक्रमित मिले
- आठ की हो चुकी है मौत, 239 एक्टिव एवं 319 हो चुके हैं डिस्चार्ज
विस्तार
बलिया जिले के कृष्णानगर निवासी 29 वर्षीय युवक की मौत के बाद उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। विगत आठ दिनों उसे बुखार, खांसी एवं जुकाम की शिकायत थी। युवक ने छह जुलाई को सैंपल जांच के लिए दिया था। सैंपलिंग के पश्चात उसने अपने एक दोस्त की माता को रक्तदान किया था। 12 जुलाई को युवक की मृत्यु हो गई। वहीं 13 जुलाई को बीएचयू उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव होने की सूचना मिली।
जिले में पिछले 24 घंटे में 76 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। कुल मरीजों की संख्या 563 हो गई है। 319 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। उन्हें होम क्वॉरंटीन रहने की सलाह दी गई है। जबकि कुल एक्टिव केस 239 हैं। इसकी पुष्टि जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही ने की। इस प्रकार जनपद व जिले के निवासी गैर जनपदों में रहने वाले को मिलाकर कुल 599 मरीज हो गए हैं। जबकि आठ की मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य टीम नए संक्रमितों को इलाज के लिए एम्बुलेंस से एल-1 अस्पताल में भर्ती कराने की कवायद कर रही थी। वहीं हॉट स्पॉट क्षेत्रों के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती करते हुए उन इलॉकों को सील करने का निर्देश दिया गया है। जिस प्रकार से शहर में कोरोना शहर में अपना पाव पसार रहा है और लोग अब भी लापरवाही बरते रहे हैं। बुधवार को नए मिले सभी मरीज संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं।
कोरोना से दो कपड़ा व्यवसायियों की मौत
रसड़ा के वार्ड 13 बजाजी मुहल्ला निवासी 70 वर्षीय कपड़ा व्यवसायी की तबीयत खराब होने पर परिजन 11 जुलाई को डीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर में इलाज कराने के लिये ले गये। चिकित्सकों ने भर्ती कर लिया। कोरोना जैसे लक्षण दिखने पर चिकित्सकों ने कोरोना का सैम्पल ले लिया, लेकिन उसी दिन शाम को उनकी मृत्यु हो गयी। 13 जुलाई को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई ।
वहीं वार्ड सात कोठी मुहल्ला निवासी 38 वर्षीय कपड़ा व्यवसायी की कोरोना से मौत की खबर आते ही पूरे नगर में हड़कंप मच गया। कपड़ा व्यवसायी का 10 जुलाई को नगर के टाउन हाल बापू भवन में सैंपल लिया गया। परिजन 10 जुलाई को लखनऊ इलाज के लिये लेकर जा रहे थे की व्यवसायी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिजनों ने व्यवसायी का दाह संस्कार भी कर दिया। 15 जुलाई को व्यवसायी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई।