बलियाः जेल में निरुद्ध बंदी की मौत, दुष्कर्म के आरोप में 15 माह से जेल में बंद था
दुष्कर्म के आरोप में जिला कारागार में निरुद्घ बंदी ओमप्रकाश लाल श्रीवास्तव की शनिवार की देर शाम अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। उसे कारागार प्रशासन ने जिला अस्पताल में पहुंचाया जहां मृत घोषित कर दिया।
सुखपुरा थाना क्षेत्र के हनुमानगंज निवासी ओमप्रकाश लाल श्रीवास्तव के विरुद्घ उसके पड़ोसी ने सुखपुरा थाने पर छेड़खानी व दुष्कर्म के आरोप में पाक्सो समेत अन्य धाराओें में केस दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपी ओमप्रकाश लाल को गिरफ्तार कर सितंबर 2018 में जेल भेज दिया था। आरोपी को एक साल बीत जाने के बाद भी जमानत नहीं हो पाई थी।
शनिवार की शाम बंदी की अचानक तबियत ज्यादा बिगड़ गई। कारागार प्रशासन ने इसकी सूचना परिजनों को देने के बाद उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेल अधीक्षक प्रशांत कुमार मौर्य ने बताया कि बंदी ओमप्रकाश लाल श्रीवास्तव दुष्कर्म के आरोप में सितंबर 2018 में जेल में आया था। वह दमा रोग से ग्रसित था। अधिक सांस फूलने से उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसे जिला अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई।