बलिया: विद्यालय में फीस वसूली, दूध-फल के भुगतान में गड़बड़ी की शिकायत; बीएसए ने बीईओ चिलकहर को सौंपी जांच
विद्यालय में फीस वसूली और दूध-फल के भुगतान में कथित गड़बड़ी की शिकायत आईजीआरएस पर की गई है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी चिलकहर को सौंपी है। जांच अधिकारी से शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया है। मामले से विद्यालय में चर्चा है।
विस्तार
चिलकहर शिक्षा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बीराभांटी स्थित फातिमा नगर जूनियर हाई स्कूल में कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों से फीस वसूली और मध्याह्न भोजन योजना के तहत दूध व फल वितरण के नाम पर भुगतान में अनियमितता सामने आई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने खंड शिक्षा अधिकारी चिलकहर को जांच अधिकारी नामित कर दो दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। बीएसए की ओर से जारी पत्र के अनुसार, बीराभांटी निवासी सुजीत कुमार सिंह ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी।
आरोप लगाया कि विद्यालय में कक्षा छह से आठ तक के बच्चों से फीस ली जाती है। इस संबंध में पूर्व में भी शिकायत की गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उस समय विद्यालय की ओर से कुछ बच्चों और अभिभावकों के हस्ताक्षर कराकर जवाब दिया गया था।
शिकायत में यह भी आरोप है कि अभिभावकों को विद्यालय की व्यवस्था देखने के नाम पर हस्ताक्षर कराने की बात बताई गई, जबकि फीस की वसूली दीप प्रकाश नामक पादरी द्वारा कराए जाने का आरोप लगाया गया है। साथ ही बच्चों और अभिभावकों को फीस के संबंध में बाहर बात न करने की हिदायत दिए जाने की भी शिकायत की गई है।
इसके अलावा विद्यालय में दूध और फल की आपूर्ति के नाम पर भुगतान किए जाने, लेकिन वास्तविक रूप से दूध और फल की खरीद नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने पिछले दो वर्षों में आपूर्ति के नाम पर हुए भुगतानों की जांच कराने की मांग की है।
बीएसए ने बीईओ चिलकहर को निर्देश दिया है कि पूरे प्रकरण की जांच कर स्पष्ट आख्या दो कार्यदिवस के भीतर कार्यालय में उपलब्ध कराएं। आईजीआरएस से संबंधित मामला होने के कारण इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने को कहा गया है। पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को भी भेजी गई है। खंड शिक्षा अधिकारी चिलकहर हिमांशु सिंह ने बताया कि बीएसए के निर्देश पर शिकायत की जांच शीघ्र कराई जाएगी।