Airport: यात्री सुविधाओं में बाबतपुर एयरपोर्ट को देश में मिला पांचवां स्थान, पहली तिमाही से सुधरी रेटिंग
पिछले तीन माह में बाबतपुर एयरपोर्ट में यात्रियों की सुविधाओं को लेकर काफी सुधार हुए हैं एयरपोर्ट पर रोजाना 60 से 62 विमानों से नौ से दस हजार यात्रियों की रोजाना आवाजाही होती है।
विस्तार
Babatpur Airport Varanasi: यात्री सुविधाओं के आधार पर एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी सर्वेक्षण में लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को देश भर में पांचवां स्थान मिला है। अप्रैल से जून तिमाही में वाराणसी एयरपोर्ट को 4.92 रेटिंग मिली है। पिछली तिमाही से बेहतर प्रदर्शन करते हुए एयरपोर्ट ने 0.02 रैंक की छलांग लगाई है। पिछली तिमाही में एयरपोर्ट को 4.90 रेटिंग मिलने के साथ ही देश में आठवां स्थान था।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार नागरिक उड्डयन मंत्रालय की इस तिमाही रैंकिंग में गोवा एयरपोर्ट और पुणे एयरपोर्ट को 4.94 अंकों के साथ क्रमशः पहला और दूसरा स्थान मिला है। वहीं, इंदौर और कोलकाता एयरपोर्ट ने 4.93 अंकों के साथ तीसरा और चौथा स्थान प्राप्त किया। 4.92 अंकों के साथ वाराणसी एयरपोर्ट पांचवें स्थान पर है।
पिछली तिमाही में वाराणसी एयरपोर्ट ने तीन पायदान की छलांग लगाते हुए यात्री अनुभव और सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार दर्शाया है। लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रोजाना 60 से 62 विमानों से नौ से दस हजार यात्रियों की रोजाना आवाजाही होती है। एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान रोजाना है, जिसमें 250 से 270 यात्री रोजाना सफर करते हैं। एयरपोर्ट पर चार एयरोब्रिज हैं।
कई मानकों पर होती है रेटिंग
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि एएसक्यू सर्वेक्षण, हवाई अड्डा सेवा गुणवत्ता के अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार किया जाता है, जिसमें यात्रियों से 30 से अधिक प्रमुख संकेतकों पर फीडबैक लिया जाता है। इन संकेतकों में स्वच्छता, बुनियादी सुविधाएं, स्टाफ का व्यवहार, सुरक्षा, दिशा-निर्देशों की स्पष्टता और यात्री सहायता सेवाएं शामिल होती हैं।
स्थानीय प्रबंधन का प्रयास रंग लाया
अधिकरियों के अनुसार एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए हाल के महीनों में कई पहल की हैं, जिनमें स्वच्छता में सुधार, काउंटर पर त्वरित सहायता और सुविधा केंद्रों की संख्या में वृद्धि शामिल है। परिणामस्वरूप एयरपोर्ट की रैंकिंग में यह उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है।
एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी में वाराणसी एयरपोर्ट को देश भर में पांचवां स्थान मिला है। प्रयास रहेगा कि और अधिक सुविधाएं जुटाकर कार्यरत सभी कर्मियों और अधिकारियों के सहयोग से देश भर में अव्वल आना है। - पुनीत गुप्ता, एयरपोर्ट निदेशक, लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, वाराणसी