फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Baba Laat Bhairav Becomes Groom Maur adorns silver mask devotees rejoice upon seeing deity Nagar Vadhus

बाबा लाट भैरव बने दूल्हा: रजत मुखौटे पर सोहा मौर, दर्शन कर मगन हुए बराती; नगर वधुओं ने लगाई हाजिरी

Sun, 27 Sep 2026 05:58 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Sun, 27 Sep 2026 05:58 AM IST
सार

बाबा लाट भैरव के विवाह उत्सव में तीन किलोमीटर लंबी बरात निकली। बाबा का रजत मुखौटा दूल्हे के रूप में सजाया गया और उस पर मौर सोहा। बरात में भक्तों की भीड़ उमड़ी। बारिश के बीच श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। नगर वधुओं ने बाबा के चरणों में हाजिरी लगाई। बरात का भक्तों के साथ इंद्रदेव ने भी स्वागत किया।

विज्ञापन
Baba Laat Bhairav Becomes Groom Maur adorns silver mask devotees rejoice upon seeing deity Nagar Vadhus
लाट भैरव के बरात में शामिल लोग। - फोटो : संवाद

विस्तार

देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में बाबा के रुद्रावतार भैरव ने रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण किया। चहुंओर श्रद्धा, भक्ति और आस्था का ज्वार उमड़ पड़ा। काशी के न्यायाधीश बाबा लाट भैरव जब माता भैरवी संग विवाह रचाने निकले तो असंख्य भक्तगण बराती बन बरात में मगन नजर आए। दूल्हा बने बाबा के सिर पर मौर सजा था। मंगल धुन गूंज रही थीं। भक्तों संग देवराज इंद्र ने भी उनका स्वागत किया।

विज्ञापन


बारिश के कारण शाम चार बजे शुभ मुहूर्त में बाबा श्री लाट भैरव के रजत मुखौटे को पंचामृत स्नानादि कराकर विशेश्वरगंज स्थित इन्ना माई की गली में बरात की तैयारी शुरू हो गई। आचार्य रविंद्र त्रिपाठी के आचार्यत्व में मुख्य यजमान विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने वैदिक रीति से पूजन कराया। 

विज्ञापन

रजत मुखौटे का विधिवत शृंगार कर सिर पर मौर धारण कराया। बाबा के मुखौटे को सुसज्जित रथ पर विराजमान कराकर रथारूढ़ बाबा लाट भैरव के दिव्य मुखौटे के दमकते नेत्रों व ललाटाग्नि की शोभा भक्तों के समस्त सांसारिक कष्टों को हरने वाली सुखदायक थी।

बरात का नेतृत्व श्री कपाल भैरव अथवा लाट भैरव प्रबंधक समिति के अध्यक्ष रोहित जायसवाल ने शुभता का प्रतीक नारियल फोड़कर हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ बरात की शोभायात्रा निकाली। रथ पर बरात संयोजक विक्रम सिंह राठौर अपने सहयोगियों संग पारंपरिक परिधान धोती, कुर्ता, साफा में बैठे भक्तों के चढ़ावे बाबा को अर्पित करते नजर आए। 

विज्ञापन

मार्ग में भक्त पुष्पवर्षा व आरती उतारकर बरात का स्वागत कर रहे थे। बरात हरतीरथ, विशेश्वरगंज चौराहा होते हुए काल भैरव मंदिर पहुंची। समिति ने बाबा का विशेष शृंगार कर आरती उतारी। इसके बाद बरात जतनबर, दूध कटरा, कतुआपुरा, अम्बियामंडी, बलुआबीर, हनुमान फाटक, तेलियाना होकर नउआ पोखरा स्थित लाट भैरव बाजार में जनवासे के लिए कुछ देर विश्राम के लिए रुकी।

डमरू दलों के सौ से अधिक सदस्य मार्ग में डमरुओं का गर्जना करते हुए चल रहे थे। मार्गभर में भक्त हाथों में पूजा की थाल सजाए, आकर्षक सुंदर पुष्पहार, राग-भोग लिए बाबा के दर्शन-पूजन को आतुर दिखे। दूर से ही रथ पर बाबा की झलक देख निहाल हुए। महिलाएं छतों, बरामदों से फूलों की वर्षा कर परिवार में सुख-समृद्धि की कामना कर रही थीं। 

विज्ञापन

दरवाजे पर हर कोई सकुटुंब बाबा श्री की आरती उतार उनके मनोहारी दर्शन का पुण्य लाभ अर्जित कर रहे थे। भक्तों के जनसैलाब से रथ का पहिया भी मंद पड़ गया। तीन किमी के बरात मार्ग को पारकर मंदिर पहुंचने में करीब 10 घंटे लग गए। बरात जलालीपुरा होते हुए कज्जाकपुरा स्थित कपाल मोचन कुंड पहुंची।

नगर वधुओं ने बाबा के चरणों में अपनी मनमोहक प्रस्तुति से हाजिरी लगाई। बरात में समिति के उपाध्यक्ष बसंत सिंह राठौर, प्रधानमंत्री मुन्ना लाल यादव, कोषाध्यक्ष छोटन केशरी, नंदलाल प्रजापति, बच्चे लाल बिंद, शिवम अग्रहरि, निक्की जायसवाल, सुशील जायसवाल, हिमांशु अग्रहरि, आशीष कुशवाहा, महेंद्र जायसवाल, नवीन, सचिन, अरविंद आदि शामिल रहे। रविवार को शाम छह बजे से भंडारा होगा।

महिलाओं ने किया बाबा का परछन, निभाई गई विवाह की रस्में
कुंड पर बरात के शुभागमन होते ही वैवाहिक उमंग कई गुना बढ़ गया। मुख्यद्वार पर लगाए गए केले के खंभे, पूराए गए चौक, माड़ो, कोहबर सहित अन्य मांगलिक चिह्न अपने आराध्य के पावन स्पर्श के निमित्त प्रतीक्षारत थे। महिलाएं मंगल गीत गा रही थीं। वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य द्वार पूजन, परछन के साथ ही अन्य वैवाहिक संस्कार के सभी विधान शास्त्रोक्त विधि से हुए। भैरवी कूप की पांच परिक्रमा के बाद रजत मुखौटे को विग्रह पर धारण कराया गया। विवाह संपन्न होने के बाद आरती उतारी गई। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed