आजमगढ़: 2.10 करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, स्कूटी की डिक्की में छिपाकर ले जा रहे थे
आजमगढ़ के मुबारकपुर में पुलिस ने ऑपरेशन त्रिशूल के तहत दो युवकों को गिरफ्तार कर 1 किलो 16 ग्राम हेरोइन बरामद की। इसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत 2.10 करोड़ रुपये बताई गई है।
विस्तार
आजमगढ़ में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान 'ऑपरेशन त्रिशूल' के तहत मुबारकपुर पुलिस ने रविवार की रात दो युवकों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 1 किलो 16 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल स्कूटी, दो मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और 1130 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
चेकिंग के दौरान पकड़े गए दोनों युवक
सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार की आधी रात मुबारकपुर पुलिस की टीम बावन बीघा पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। तभी स्कूटी से आ रहे दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। उनके पास से हेरोइन और तस्करी में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद साहिल (20) और जीशान (21) के रूप में हुई है। दोनों आजमगढ़ के कोटिला क्षेत्र के निवासी हैं।
पूछताछ में बताई तस्करी की बात
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त में शामिल होने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि वे हीरापट्टी से ब्रह्मस्थान जाने वाले रास्ते पर अन्य व्यक्तियों से मादक पदार्थ लेकर बिक्री के लिए जा रहे थे। हेरोइन के पैकेट, रासायनिक पदार्थ और इलेक्ट्रॉनिक तराजू स्कूटी की डिक्की में रखे गए थे।
प्राथमिकी दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुबारकपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
