आजमगढ़ : न सिलिंडर मिला, न चूल्हा ; खाते में पहुंच गई अग्रिम धनराशि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लॉकडाउन के दौरान शासन ने उज्ज्वला गैस कनेक्शनधारियों को तीन माह तक मुफ्त सिलिंडर देने की घोषणा की है। सिलिंडर लेने के लिए कनेक्शनधारियों के खाते में अग्रम धनराशि भेजी जा रही है। धनराशि आने के बाद आजमगढ़ के मार्टीनगंज क्षेत्र में एक नया खुलासा हुआ है। एजेंसीधारक ने कागजों में तो कई लोगों को कनेक्शन दे दिया है, लेकिन उन्हें अभी तक सिलिंडर और चूल्हा आदि नहीं दिया है।
अब इन लोगों के खाते में सिलिंडर भरवाने के लिए पैसा तो आ गया, लेकिन वो भरवाएं कहां से। ऊपर से कहा जा रहा है कि जो सिलिंडर नहीं भरवाएगा उन्हें अगले माह धनराशि नहीं मिलेगी। जनपद में लगभग 2.40 लाख उज्ज्वला गैस कनेक्शनधारी हैं। इनमें लगभग दो लाख कनेक्शनधारियों के खाते में शासन ने सिलिंडर लेने के लिए अग्रिम धनराशि भेज दी है। बताया जा रहा है कि इसमें लगभग एक लाख लोगों ने अभी तक गैस सिलिंडर के लिए बुकिंग नहीं की है।
तहसील मुख्यालय से सटे मां अष्टभुजी एचपी गैस एजेंसी के माध्यम से 3500 उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिया गया है। इसमें 80 कनेक्शनधारियों को अभी तक गैस सिलिंडर और गैस चूल्हा नहीं प्राप्त हुआ है। कोरोना महामारी के कारण सभी उज्ज्वला गैस कनेक्शनधारियों को मुफ्त गैस सिलिंडर देने के लिए धनराशि भेजने की प्रधानमंत्री की घोषणा के बाद उनके खाते में पैसा पहुंचने लगा है। पैसा पहुंचने के बाद 80 कनेक्शनधारियों को भी जानकारी हुई।
एजेंसी में पहुंचकर पता करने पर जानकारी हुई कि वहां कनेक्शन हुआ है। उक्त लोग सिलिंडर और चूल्हे आदि की मांग करने लगे। गैस एजेंसी संचालक ने कहा कि सामान अभी शासन से ही नहीं प्राप्त हुआ है। जब प्राप्त होगा तो आपको मिलेगा। अब कनेक्शनधारी अपने सिलिंडर और चूल्हें के लिए भटक रहे हैं। इस संबंध में उपजिलाधिकारी धीरज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। पूर्ति निरीक्षक मिथिलेश कुमार सिंह से जांच करा कर कार्रवाई की जाएगी।