आजमगढ़: अदालत ने जर्जर आवास को माना आर्थिक-मानसिक प्रताड़ना, पति को एक लाख देने का आदेश
अदालत ने जर्जर और असुरक्षित मकान में पत्नी को रखने को आर्थिक एवं मानसिक प्रताड़ना माना है। पति को 90 दिनों में एक लाख रुपये देने, 30 दिनों में बुनियादी सुविधाओं वाला सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने और 60 दिनों में पत्नी के आभूषण व निजी सामान लौटाने का आदेश दिया है।
विस्तार
घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम के तहत फास्ट ट्रैक कोर्ट की न्यायिक मजिस्ट्रेट आस्था द्विवेदी ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अदालत ने पत्नी को जर्जर और असुरक्षित आवास में रखना आर्थिक एवं मानसिक प्रताड़ना माना है। साथ ही पति को 90 दिनों के भीतर पत्नी को एक लाख रुपये देने और 30 दिनों में बिजली-पानी सहित बुनियादी सुविधाओं से युक्त सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने का आदेश दिया है।
2010 में हुआ था विवाह
मामले के अनुसार, कंधरापुर थाना क्षेत्र की निवासी बिंदुमति यादव का विवाह 23 नवंबर 2010 को मुबारकपुर थाना क्षेत्र के संतोष कुमार यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। पीड़िता का आरोप था कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया गया। इसके चलते जुलाई 2012 में उसे मायके जाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
अदालत ने तय की अलग-अलग समयसीमा
दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने पति को निर्देश दिया कि वह 90 दिनों के भीतर पत्नी को मानसिक और भावनात्मक प्रताड़ना के लिए एक लाख रुपये का भुगतान करे। इसके अलावा 30 दिनों के भीतर बिजली, पानी सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से युक्त सुरक्षित आवास उपलब्ध कराए। ऐसा नहीं करने पर पति को पांच हजार रुपये प्रतिमाह किराया देना होगा।
अदालत ने पति को 60 दिनों के भीतर पत्नी के सभी आभूषण और निजी सामान भी लौटाने का आदेश दिया है। साथ ही भविष्य में किसी भी तरह की शारीरिक, मानसिक, मौखिक या आर्थिक हिंसा नहीं करने का निर्देश दिया है। फैमिली कोर्ट की ओर से निर्धारित 15 हजार रुपये मासिक भरण-पोषण की राशि भी पूर्ववत जारी रहेगी।
सम्मानजनक जीवन देना भी जिम्मेदारी
अदालत ने टिप्पणी की कि केवल सिर पर छत उपलब्ध करा देना पर्याप्त नहीं है। पत्नी को सुरक्षित आवास और सम्मानजनक जीवन देना भी पति की कानूनी जिम्मेदारी है। शिक्षित होने मात्र से किसी महिला को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर नहीं माना जा सकता।
