आजमगढ़: विधायक सीपू हत्याकांड की जांच में पहुंची सीबीआई, जल्द फैसले पर जोर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आजमगढ़ में पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू हत्याकांड में कोर्ट का फैसला जल्द आ सकता है। इसके लिए जिला न्यायालय में प्रतिदिन सुनवाई हो रही है। सोमवार को सीबीआई के एक इंस्पेक्टर व वकील ने भी जिले में डेरा डाल रखा है। सर्वोच्च न्यायालय ने इस हत्याकांड में 31 दिसंबर तक फैसला सुनाने का निर्देश दिया है।
पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू की हत्या 19 जुलाई 2013 को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार कर जीयनपुर चौक पर कर दी थी। उनके साथ सहयोगी भरत राय समेत एक और व्यक्ति की बदमाशों की गोली से मौत हुई थी। घटना के समय पूर्व विधायक सहयोगी भरत राय के साथ जीयनपुर कोतवाली पर किसी प्रकरण में पैरवी कर पैदल ही वापस लौट रहे थे और जीयनपुर चौक पर स्थित चाय की एक दुकान पर खड़े होकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान बाइक से आए बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली लगने से पूर्व विधायक के साथ ही उनके दो सहयोगियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद जीयनपुर कस्बावासी आक्रोशित हो उठे थे। जिसके चलते जीयनपुर कोतवाली पर तोड़फोड़ व आगजनी भी हुई थी। कई वाहनों को जीयनपुर बाजार में जला दिया गया था। पुलिस व पब्लिक के बीच जीयनपुर चौराहे पर मुठभेड़ भी हुई थी, जिसमें पुलिस द्वारा चलाई गई गोली से कई लोग घायल भी हुए थे। पूर्व विधायक हत्याकांड की प्रदेश सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।
इस हत्याकांड में कुख्यात अपराधी ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू समेत उसके कई सहयोगियों को आरोपी बनाया गया था। सात साल पहले हुए इस हत्याकांड में दर्ज मुकदमे में कुछ हिस्से की विवेचना जहां जनपद पुलिस कर रही है तो कुछ की सीबीआई। न्यायालय में मामला चल रहा है। सर्वोच्च न्यायालय ने इस प्रकरण की जल्द सुनवाई कर 31 दिसंबर तक फैसला सुनाने का निर्देश दिया है। इसके चलते प्रतिदिन सुनवाई हो रही है। लगभग 19-20 गवाहों की गवाही इस प्रकरण में होनी है। अब तक मात्र एक गवाह की ही गवाही हो सकी है, जिसकी 70 पन्नों की जिरह भी हो चुकी है। सीबीआई इंस्पेक्टर बलजीत वशिष्ठ के साथ ही वकील पंकज गुप्ता व दीपनरायन भी सुनवाई के लिए जिले में डटे हैं।