गाजीपुर। विकास भवन के सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक बृहस्पतिवार को हुई। इसमें जिलाधिकारी एमपी सिंह ने बैठक में मौजूद न रहने और बुकलेट में गलत रिपोर्ट फीड करने पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी (डीएमडब्ल्यूओ) से स्पष्टीकरण मांग लिया। जिलाधिकारी ने चिकित्सा, समाज कल्याण, दिव्यांग, प्रोबेशन, कृषि, जल निगम, बेसिक शिक्षा, गन्ना, विद्युत, सहकारिता आदि विभागों की ओर से कराए जा रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने नहरों में प्रत्येक दशा में टेल तक पानी पहुंचाने का निर्देश दिया। सभी सरकारी विभागों से बकाए विद्युत बिल का भुगतान कराने का निर्देश दिया। तहसीलों में जिन सरकारी गल्ले की दुकानों की अवस्थापना नहीं हुई है वहां एक सप्ताह में अवस्थापना कराने को कहा। ऐसा न करने पर वेतन रोकने की चेतावनी दी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशुओं का टीकाकरण कराने का निर्देश दिया। लोक निर्माण विभाग से जिले में खराब सड़कों की स्थिति तथा कितनों को बनाया गया इसकी जानकारी मांगी। निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंदों में विद्युत कनेक्शन कराने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जीसी मौर्या, जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार, परियोजना निदेशक बाल गोविंद, समाज कल्याण अधिकारी रामविलास यादव, डीएसओ कुमार निर्मलेंदु, अधिशासी अभियंता विद्युत, जल निगम, देवकली पंप कैनाल, अधिशासी अधिकारी नगर पलिका-पंचायत एवं अन्य जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।