वाराणसी: राज्यपाल की निगरानी में विकसित होंगे मॉडल ब्लाक के आंगनबाड़ी केंद्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में देश के पहले मॉडल ब्लॉक सेवापुरी में आंगनबाड़ी केंद्रों को अत्याधुनिक बनाने में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल का मार्गदर्शन मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आग्रह पर वाराणसी के मॉडल ब्लाक के आंगनबाड़ी केंद्रों की कमान राज्यपाल ने संभाल ली है। नवंबर के पहले सप्ताह में तीन दिन के प्रवास के दौरान वे अपनी निगरानी में इन केंद्रों को अत्याधुनिक बनाने की नींव रखेंगी। इसमें निजी कंपनियों के सीएसआर फंड की मदद ली जाएगी।
दरअसल, सेवापुरी ब्लॉक के आंगनबाड़ी केंद्र को जनसुलभ बनाने की कवायद की जा रही है। पिछले दिनों सेवापुरी ब्लॉक के विकास कार्यो की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से इसकी निगरानी का आग्रह किया था। राज्यपाल कार्यालय ने जिला प्रशासन को पत्र भेजकर आंगनबाड़ी केंद्रों की वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट मांगी है।
इसके अलावा गुजरात और अन्य प्रदेशों के नंदग्राम मॉडल के अध्ययन की सलाह दी है। आंगनबाड़ी केंद्रों की निगरानी और उन्हें नए स्वरुप में विकसित करने के लिए राज्यपाल आनंदी बेन पटेल नवंबर के पहले सप्ताह में वाराणसी का दौरा करेंगी। तीन दिन के प्रवास में वे सेवापुरी ब्लाक के आंगनबाड़ी केंद्रों को ई लर्निंग का बड़ा केंद्र बनाने की कवायद करेंगी।
ई-लर्निंग का केंद्र बनेंगे नंदघर
गुजरात के नंदघर की तर्ज पर सेवापुरी ब्लॉक के आंगनबाड़ी केंद्रों को ई-लर्निंग का केंद्र बनाया जाएगा। इसमें टीवी के माध्यम से गर्भवती माताओं के लिए ई-लर्निंग की व्यवस्था होगी। इन भवनों में नमी, ताप और बाहर होने वाले शोर का अहसास नहीं होगा। भवन में वाटर प्यूरीफायर और किचन गार्डन की व्यवस्था होगी। जहां जैविक सब्जी उगाई जाएगी। सेवापुरी ब्लाक में 50 से ज्यादा गांवों के आंगनबाड़ी केंद्र चयनित किए गए हैं।
निजी कंपनियों की ली जाएगी मदद
आंगनाबाड़ी केंद्रों में आधुनिक सुविधाएं विकसित करने के लिए निजी कंपनियों के सीएसआर फंड की मदद ली जाएगी। इसमें अलग अलग कंपनियों को गांवों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उन्हें नंदग्राम विकसित करने के साथ ही उनके मरम्मत की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि राज्यपाल के वाराणसी प्रवास की सूचना मिली है। आंगनबाड़ी केंद्रों को विकसित करने के लिए उनका मार्गदर्शन लिया जाएगा। तीन दिन के प्रवास में अलग अलग कार्यक्रम तय किए गए हैं।