BHU के डॉक्टरों का कमाल: कैंसरग्रस्त महिला की इच्छा को किया पूरा, कराया प्रसव; मशक्कत के बाद बची दोनों की जान
आईएमएस बीएचयू के डाॅक्टरों ने काफी मशक्कत के बाद जच्चा और बच्चों की जान बचाई। महिला तो कैंसर से जूझ ही रही थी वहीं, पैदा होने के बाद बच्चे के गले में छह बार नाल लिपटी हुई थी। सुरक्षित प्रसव करवाना बड़ी चुनाैती थी।
विस्तार
रामनगर निवासी 24 वर्षीय एक गर्भवती महिला आईएमएस-बीएचयू के एमसीएच विंग में तीन महीने की प्रेंग्नेंसी की जांच करवाने आई। उस समय दर्द अधिक होने की समस्या बताई। यहां स्त्री रोग विभाग की डॉ. ममता ने ओपीडी में देखा और जांच करवाया तो पता चला कि उसके गर्भाशय में गांठ है, जो कि कैंसर है।
इसके बाद चौथे महीने में सर्जिकल आंकोलॉजी विभाग में सर्जरी कर गांठ निकाला गया। इसके बाद महिला को डॉ. ममता ने कैंसर होने की जानकारी दी और डिलीवरी के बारे में राय जाना। महिला ने कैंसर जैसी बीमारी को भूल कर डिलीवरी करवाने की इच्छा जाहिर की।
पिछले सप्ताह मंगलवार को हुई डिलीवरी में उसने एक बच्चे को जन्म दिया। जिस बच्चे को उसने जन्म दिया, उसके गले में 6 बार नाल लिपटा था। एमसीएच विंग में एक घंटे चली सर्जरी में डॉ. ममता के निर्देशन वाली टीम ने सुरक्षित प्रसव करवाया।
आईएमएस-बीएचयू के स्त्री रोग विभाग की ओपीडी, डिलीवरी एमसीएच विंग में करवाई जाती है। डॉ. ममता ने जटिल सर्जरी के बारे में बताया कि महिला तीन महीने की प्रेंग्नेंसी लेकर ओपीडी में आई थी। उस समय दर्द बताई तो अल्ट्रासाउंड करवाया गया।
इसमें उसके गर्भाशय में सिस्ट यानी गांठ की जानकारी मिली। जो करीब 17 सेंटीमीटर का था। एमआरआई हुआ तो यह पता चला कि यह सिस्ट कैंसर का रुप है। इसके बाद सर्जिकल आंकोलॉजी विभाग में डॉ. तरुण से बातचीत की गई। इसके बाद प्रेग्नेंसी के चौथे महीने में महिला की सर्जरी कर सिस्ट निकाला गया। सर्जरी के बाद जो गांठ निकली, उसकी जांच के बाद रिपोर्ट में कैंसर की पुष्टि हुई।
तीन साइकल महिला की हुई कीमोथेरेपी
स्त्री रोग विभाग की डॉ. ममता के अनुसार जिस महिला की डिलीवरी से पहले आंकोलॉजी विभाग में सर्जरी कर सिस्ट निकाला गया। उसकी कैंसर की पुष्टि होने के बाद उसको तीन साइकल कीमोथेरेपी भी देनी पड़ी।
इसके बाद जब महिला को कैंसर की जानकारी दी गई तो पहले तो परिजन घबरा गए, लेकिन महिला ने कैंसर के गम को पीछे छोड़ अपनी डिलीवरी करवाने की इच्छा जाहिर की। साथ ही डॉक्टरों से सुरक्षित प्रसव करवाने को कहा। इसके बाद उसका प्रसव करवाया गया। डिलीवरी में स्त्री रोग विभाग से डॉ. दीप्ति, डॉ. स्नेहल के साथ ही एनीस्थीसिया विभाग की टीम का भी सहयोग रहा।
नाल में थी गांठ, डिलीवरी थी बड़ी चुनौती
डॉ. ममता ने बताया कि डिलीवरी से पहले जब जांच हुई तो पता चला कि बच्चे के गले में नाल 6 बार लिपटा है और उसमें गांठ भी थी। पहले मां को कैंसर, फिर उसके होने वाले बच्चे के गले में 6 बार नाल लिपटने और उसमें भी गांठ। जिसको चिकित्सकीय भाषा में टू नॉट बोला जाता है। ऐसी परिस्थिति में सुरक्षित प्रसव करवाना बड़ी चुनौती थी।
ऐसा इसलिए कि इस तरह के केस में नवजात का जान जाने का खतरा रहता है। इसके बाद एमसीएच विंग के ऑपरेशन थिएटर में सर्जरी की गई। महिला ने बच्चे को जन्म दिया। बच्चे का वजन जनम के समय केवल 1.700 किलोग्राम रहा। इस वजह से महिला को एनआईसीयू में रखना पड़ा। महिला को डिस्चार्ज कर दिया गया है। समय-समय पर जांच करवाने आती रहेगी।
बोले अधिकारी
आईएमएस बीएचयू में डॉ. ममता के निर्देशन में कैंसर ग्रसित महिला का जिस तरह से सुरक्षित प्रसव करवाया गया, यह संस्थान के लिए बड़ी उपलब्धि और गौरव की बात है। इसके लिए पूरी टीम को बधाई। आईएमएस में गर्भवती महिलाओं को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाने के उद्देश्य से एमसीएच विंग में जांच, इलाज की सुविधाओं में इजाफा किया जाएगा, जिससे कि मरीजों को लाभ मिल सके। - प्रो.एसएन संखवार, निदेशक, आईएमएस बीएचयू