वाराणसी: कज्जाकपुरा फ्लाईओवर पर चीनी मांझे ने रेता गला, साड़ी कारोबारी की मौत; दर्शन करने के बाद जा रहे थे घर
वाराणसी के कज्जाकपुरा फ्लाईओवर पर चीनी मांझे की चपेट में आने से साड़ी कारोबारी की गर्दन कट गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घनी आबादी वाले इलाकों में पतंगबाजी दोपहिया वाहन सवारों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। फ्लाईओवर से गुजरने वाले लोगों पर चीनी मांझे का खतरा मंडरा रहा है। घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विस्तार
पतंगबाजी के सीजन में आसमान में उड़ रहा चीनी मांझा लोगों की जान पर भारी पड़ने लगा है। कज्जाकपुरा फ्लाईओवर पर रविवार सुबह चीनी मांझा से गर्दन कटने के कारण साड़ी कारोबारी सुनील कुमार गुजराती (55) की मौत हो गई। वह चौखंभा स्थित गोपाल मंदिर में दर्शन करने के बाद आशापुर स्थित अपने घर लौट रहे थे।
फ्लाईओवर पर अचान उनके गले में चीनी मांझा आकर लिपट गया। सुनील जबतक कुछ कर पाते तबतक चीनी मांझे से उनका गर्दन कट गया। गर्दन से खून निकलने के बाद वह सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। राहगीरों ने उन्हें तत्काल मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोग लेकर पहुंच अस्पताल
घटना की सूचना पाकर जैतपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और सुनील के परिजनों से संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी। पुलिस ने साड़ी कारोबारी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कज्जाकपुरा ओवरब्रिज पर इस तरह का यह पहला हादसा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब नौ बजे फ्लाईओवर पर हादसा हुआ। विकास कुमार सोनकर अपने परिवार के साथ पुल से गुजर रहे थे। उन्होंने सड़क पर एक व्यक्ति को गिरा देखा। उनकी गर्दन से खून निकल रहा था और वह तड़प रहे थे। विकास ने तत्काल बाइक सवारों को रोककर मदद मांगी।
इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी अमन जायसवाल ने बताया कि वह लोग पुल पर टहल रहे थे। इसी दौरान बाइक से जा रहे सुनील के गले में पतंग का मांझा फंस गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, वह सड़क पर गिर पड़े। उनकी गर्दन से तेजी से खून निकल रहा था।
लोगों ने पुलिस को सूचना दी और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। अस्पताल पहुंचे मृतक के छोटे भाई सुशील कुमार ने बताया कि उनके बड़े भाई साड़ी के कारोबारी थे और परिवार के साथ आशापुर स्थित मकान में रहते थे। उनके बेटे यश गुजराती की तबीयत दो दिन से खराब थी। रविवार सुबह सुनील चौखंभा स्थित गोपाल मंदिर में दर्शन करने गए थे।
कज्जाकपुरा फ्लाईओवर पर मौत बनकर उड़ रहा चीनी मांझा
कज्जाकपुरा, सरैया, जलालीपुरा, मढ़िया, अमरपुर बटलोहिया और पुरानापुल घनी आबादी वाले इलाके हैं। इन क्षेत्रों में पतंगबाजी खूब होती है। ऐसे में हवा में उड़ने वाला चीनी मांझा कज्जाकपुरा फ्लाईओवर से गुजरने वाले वाहन सवारों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। पतंग का मांझा टूटकर पुल पर गिर जाए या सड़क के ऊपर हवा में लटकता रह जाए तो दोपहिया वाहन सवारों की गर्दन इसकी जद में आ सकती है।
फ्लाईओवर पर स्पीड ब्रेकर या डिवाइडर नहीं होने के कारण वाहनों की गति भी तेज रहती है। यदि कातील चीनी मांझा किसी वाहन सवार के शरीर से लिपट जाए तो उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिलेगा। साड़ी कारोबारी सुनील की मौत भी इसी का भतीजा है। गौरतलब है कि पतंगबाजी के मौसम में चीनी मांझे का इस्तेमाल पहले भी राह चलते लोगों की जान ले चुका है। प्रशासन के द्वारा प्रतिबंध लगाने के बाद भी कातिल चीनी मांझे की बिक्री पतंग की दुकानों पर होती है।