अमर उजाला पड़ताल: गर्मी से सूख रहीं दिमाग की नसें, ब्रेन हेमरेज का खतरा बढ़ा; आंख में एलर्जी की भी शिकायतें
Varanasi News: भीषण गर्मी के कारण लोगों में सिर दर्द की काफी शिकायतें बढ़ गई हैं। भीषण तपन से त्वचा झुलस जा रही है। खुजली की भी बीमारियां बढ़ गई हैं। वाराणसी के मंडलीय, जिला अस्पताल सहित बीएचयू में ऐसे मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बढ़ती गर्मी के कारण लोगों के दिमाग की नस सूख रही है। आईएमएस बीएचयू के न्यूरोलॉजी विभाग में हर दिन ऐसे 100 नए मरीज पहुंच रहे हैं। खास बात यह है कि इसमें 30 से 50 साल तक के 40 लोग हैं।
विभागाध्यक्ष प्रो. विजयनाथ मिश्रा का कहना है कि गर्मी में दिमाग की नसों के सूखने से खून का थक्का जम जाता है। जिससे ब्रेन हेमरेज की आशंका रहती है। गर्मी में लोग लंबे समय तक एसी में रहना पसंद कर रहे हैं। यहां से बाहर निकलने पर तुरंत धूप में चले जा रहे हैं। इससे ब्लड प्रेशर बढ़ जाता जाता है और झटका आने के साथ ही शरीर में झनझनाहट होने लगती है। इसको चिकित्सकीय भाषा में लकवा भी कहा जाता है।
पहले आते थे 20, दस दिन में 100 पहुंची संख्या
पिछले 10 दिन से हर दिन 100 से अधिक लकवा के मरीज पहुंच रहे हैं। इसमें से 50 मरीज ब्रेन हैमरेज वाले हैं। नस फटने की समस्या लेकर 20 लोग अस्पताल आते थे। 15 दिन पहले तक करीब 70 मरीज नस में खून जमने की शिकायत लेकर आते थे, अब यह संख्या भी 100 तक पहुंच गई है।
केस-1
गाजीपुर निवासी 40 साल के एक युवक का ब्लड प्रेशर बढ़ गया। वह घर के पास चक्कर खाकर गिर पड़ा। परिजन बीएचयू लेकर आए तो पता चला कि ब्रेन हेमरेज हो गया है। मरीज को न्यूरोलॉजी विभाग के आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
केस-2
कादीपुर निवासी 34 वर्षीय युवक दो दिन पहले घर के पास चक्कर खाकर गिर गया। न्यूरोलॉजी ओपीडी में आने के बाद डॉक्टर ने सीटी स्कैन कराया। इसमें पता चला कि दिमाग की नस फट गई। प्रारंभिक स्तर पर जांच के बाद ब्रेन हेमरेज की पुष्टि हुई। इसके बाद इलाज चल रहा है।
ये दिखें लक्षण तो तुरंत पहुंचे अस्पताल
- सिर में दर्द, धुंधला दिखना, स्पष्ट न बोल पाना।
- शरीर का एक हिस्सा या पूरा शरीर सुन्न होना।
- ब्लड प्रेशर बढ़ने से बेचैनी होना।
बढ़ रहे आंख में एलर्जी के मरीज
गर्मी बढ़ने के साथ अस्पताल में आंखों की एलर्जी के मरीज आ रहे है। जिला अस्पताल और मंडलीय अस्पताल में बुधवार को 210 मरीज आंखों में एलर्जी की शिकायत लेकर आए। मंडलीय अस्पताल के डॉ. कमला प्रसाद ने बताया कि गर्मी ज्यादा पड़ने से इन दिनों आंखों के मरीज ज्यादा आ रहे है।
मंगलवार को 100 मरीज आए थे, बुधवार को 120 मरीज आंखों में एलर्जी की शिकायत लेकर आए। इनमें से 70 नए मरीज थे। दोपहर में ज्यादा देर तक बाहर रहने से आंखों की नमी सूख रही है। आंखों में चुभन, मांसपेशियों में दर्द होता है।