Akanksha Dubey: समर सिंह और उसके भाई की बढ़ीं मुश्किलें, लुक आउट नोटिस के बाद पुलिस ले सकती है ये बड़ा फैसला
Akanksha dubey latest news: भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के मामले में नामजद भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने बुधवार को लुक आउट नोटिस जारी किया था। अब दोनों विदेश नहीं भाग पाएंगे। अब पुलिस दोनों के खिलाफ एक बड़ा कदम उठाने जा रही है।
विस्तार
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत का मामला गहराता जा रहा है। नामजद भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय पर जल्द ही इनाम घोषित हो सकता है। कमिश्नरेट पुलिस कभी भी इसकी घोषणा कर सकती है।
बता दें कि मामले में नामजद भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने बुधवार को लुक आउट नोटिस जारी किया था। अब दोनों विदेश नहीं भाग पाएंगे। लुक आउट नोटिस की सूचना एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया को भेजी गई है। एयरपोर्ट प्रबंधन को भी अलर्ट किया गया है। पुलिस की टीमें भी आरोपियों की तलाश में लगी हैं, लेकिन अब तक पकड़ से दूर हैं।
10 दिन में 4 राज्यों के 9 शहरों में दबिश
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे 26 मार्च को वाराणसी के सारनाथ स्थित एक होटल के कमरे में मृत मिली थीं। उनकी मां मधु दुबे की तहरीर के आधार पर 27 मार्च को सारनाथ थाने में भोजपुरी गायक समर सिंह और संजय सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। सारनाथ पुलिस ने आजमगढ़ के साथ ही पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों, बिहार, झारखंड और मुंबई में दबिश दी, लेकिन आरोपी गिरफ्त में नहीं आ सके। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस की गिरफ्त में आने से बचने के लिए दोनों विदेश भाग सकते हैं, इसलिए कमिश्नरेट की पुलिस ने दोनों के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया है।
दोनों के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है, ताकि वह देश छोड़ कर भाग न सकें। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगी हैं। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे। -ज्ञान प्रकाश राय, एसीपी सारनाथ
आकांक्षा की कलाई में चोट के निशान
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के मामले में उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर उनकी मां मधु दुबे के अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने वाराणसी कमिश्नरेट की पुलिस से सवाल पूछे हैं। अधिवक्ता ने कहा कि मेडिकल एक्सपर्ट से सलाह लेकर सवाल तैयार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी कलाई पर चोट का निशान बताया गया है।