काशी में दिखेगी वायुसेना की ताकत: घाटों के ऊपर 1:30 घंटे का होगा एयर शो, राफेल समेत 90 फाइटर जेट होंगे शामिल
काशी में भव्य एयर शो की तैयारी तेजी से की जा रही है। शो के दौरान नमो घाट पर फाइटर जेट आठ से ज्यादा तरह के करतब दिखाएंगे। शहर के बीच और गंगा के ऊपर होने वाला यह प्रदर्शन अपने स्वरूप, व्यापकता में अलग होगा।
विस्तार
काशी के घाटों पर 24, 25 और 26 अक्तूबर को 1:30 घंटे का एयर शो होगा। राफेल सहित 90 फाइटर जेट एयर शो का हिस्सा होंगे। इसके अलावा सुखोई, तेजस और मिग भी इसका हिस्सा रहेंगे। ये फाइटर प्रयागराज और बाबतपुर एयरपोर्ट से टेकऑफ करेंगे। 25 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी काशी आएंगे।
इस शो की सुरक्षा के मद्देनजर हर घाट पर एक वॉच टावर बनेगा। इन पर स्नाइपर्स के साथ दूरबीन लिए फोर्स तैनात रहेगी। एटीएस कमांडो की 2 टीमें आएंगी जिन्हें छह जगहों पर तैनात किया जाएगा। हर घाट पर दो मेटल डिटेक्टर और बैगेज स्कैनर लगाए जाएंगे। इसके अलावा नाव और क्रूज बंद रहेंगे। नाव पर सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे जो लगातार पेट्रोलिंग करेंगे। 50 जगहों पर पार्किंग बनाई जाएगी। 50 जगहों पर पुलिस की हेल्प डेस्क रहेगी।
इस एयर शो के लिए 25 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, सीएम योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल, सीडीएस, तीनों फोर्स के चीफ काशी आएंगे। इसके अलावा सभी रिटायर्ड चीफ को भी न्योता दिया गया है। ये सभी लोग नमो घाट से एयर शो देखेंगे।
अधिकारी बोले
24-25-26 को होगा एयर शो। सबसे अच्छा डोमरी से दिखाई देगा इसलिए सबसे ज्यादा प्रबंध वहां किए जा रहे हैं। डीजीपी मंगलवार को एक समीक्षा करेंगे। ट्रैफिक, फायर, रेलवे, स्वास्थ्य, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ सहित सभी विभागों को तैयारी में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। -मोहित अग्रवाल, सीपी
एयर शो में होंगे ये करतब
- लो-लेवल फ्लाईपास्ट - विमान दर्शकों के सामने अपेक्षाकृत कम ऊंचाई पर तेज गति से गुजरते हैं।
- वर्टिकल क्लाइंब - इसमें विमान तेजी से ऊपर की ओर उठेंगे।
- टाइट टर्न - तेज गति से बेहद कम समय में दिशा बदलना।
- बैरल रोल - विमान अपनी धुरी के चारों ओर घूमते हुए आगे बढ़ता है।
- लूप - विमान ऊपर जाकर गोलाकार चक्कर पूरा करते हुए फिर उसी दिशा में लौटता है।
- डाइव और पुल-आउट - विमान नीचे की ओर आता है और फिर तेजी से ऊपर उठता है।
- फॉर्मेशन फ्लाइंग - कई विमान बेहद कम अंतर रखते हुए एक तय आकृति में उड़ते हैं।
- फॉर्मेशन ब्रेक - साथ उड़ रहे विमान अचानक अलग-अलग दिशाओं में फैलते हैं।
- क्रॉसिंग मैन्युवर - दो या अधिक विमान एक-दूसरे के बेहद करीब से अलग दिशाओं में गुजरते दिखाई देते हैं।
- सिंक्रोनाइज्ड मैन्युवर - कई विमान एक साथ अलग-अलग दिशा में करतब करते हैं।
- एरोबेटिक टीम का स्मोक ट्रेल - विमान धुएं की लकीर छोड़ते हुए आसमान में आकृतियां बनाते हैं।
- सोलो एरोबेटिक्स - एक विमान द्वारा तेज रोल, टर्न, क्लाइंब और डाइव का प्रदर्शन।
- तिरंगा निर्माण - विमान आसमान में केसरिया, सफेद और हरे रंग का धुआं छोड़कर भारत का राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) बनाते हैं।
- विशेष फॉर्मेशन - सूर्यकिरण और सारंग जैसी टीमें हवा में गगनयान, डायमंड, फाल्क्रम और अपोलो जैसी सटीक आकृतियां तैयार करती हैं।
- इनवर्टेड फ्लाइंग - पायलट विमान को उल्टा (आसमान की तरफ नीचे और जमीन की तरफ ऊपर का हिस्सा) करके उड़ान भरते हैं।
- डीएनए मैन्युवर - आसमान में डीएनए की संरचना की तरह घूमने वाले रोमांचक एरोबेटिक मूव्स पेश किए जाते हैं।
डीएम बोले
गंगा घाट किनारे एयर शो की तैयारी चल रही है। अभी साफ सफाई के अलावा समतलीकरण और बैरिकेडिंग का काम चल रही है। गंगा का जलस्तर धीरे धीरे घट रहा है। आने वाले दिनों सभी तैयारियां मुकम्मल हो जाएंगी। - सत्येंद्र कुमार, जिलाधिकारी