बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट: मंडे टेस्ट में पास रही या फेल अजय देवगन की 'दृश्यम 3'? 'वन' और 'हनुमान अंश' का रहा ऐसा हाल
Box Office Collection: फिल्म 'दृश्यम 3' ने दूसरे ही दिन 100 करोड़ क्लब में एंट्री ले ली थी। यह फिल्म 200 करोड़ क्लब के करीब आ गई है। इसका और इसके साथ सिनेमाघरों में लगी अन्य फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर कैसा हाल है?
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम 3' ने शानदार ओपनिंग ली। फिर वीकएंड पर भी इसकी चांदी रही। अब सवाल है कि कल मंडे टेस्ट में इसने कितने नंबर बटोरे? इसके अलावा थिएटर्स में लगीं 'प्रेम कीटाणु', 'वन' और 'हनुमान अंश' समेत अन्य फिल्मों का हाल कैसा है? आंकड़ों से समझिए बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की स्थिति...
मंडे टेस्ट में 'दृश्यम 3' ने कितने कमाए?
इस फिल्म ने 02 अक्तूबर को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। अजय देवगन, तब्बू और जयदीप अहलावत अभिनीत इस फिल्म ने शानदार शुरुआत की और दूसरे ही दिन कमाई का आंकड़ा 100 करोड़ रुपये पार हो गया। मंडे टेस्ट में भी इसने अच्छे नंबर हासिल किए हैं। 'दृश्यम 3' ने पहले सोमवार को कल 21 करोड़ रुपये का कलेक्शन जुटाया।
- ओपनिंग डे पर 'दृश्यम 3' ने 62 करोड़ रुपये कमाए थे।
- दूसरे दिन शनिवार को कलेक्शन 53.50 करोड़ रुपये रहा।
- रविवार की छुट्टी का भरपूर फायदा लेते हुए फिल्म ने तीसरे दिन 61 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
- मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 'दृश्यम 3' का बजट 150 करोड़ रुपये के करीब है।
- ऐसे में सोमवार को हुई इसकी कमाई को अच्छा माना जाएगा। वीकडेज की शुरुआत होने पर कलेक्शन में गिरावट आती है।
- फिल्म का इंडिया नेट कलेक्शन 197.54 करोड़ रुपये हो चुका है।
'प्रेम कीटाणु' का कैसा हाल?
यह फिल्म भी 02 अक्तूबर को थिएटर्स में सजी थी। मगर, इसकी हालत खस्ता हो चुकी है। पहले तो फिल्म की शुरुआत ही बहुत खराब रही। चौथे दिन आते-आते इसका दम पूरी तरह निकल चुका है।
- अपूर्व सिंह कार्की के निर्देशन में बनी इस फिल्म में वीर पहाड़िया, आफिया सैयद और अपारशक्ति खुराना हैं।
- कलेक्शन की बात करें पहले दिन फिल्म ने सिर्फ 50 लाख रुपये कमाए थे।
- दूसरे दिन शनिवार को कलेक्शन 35 लाख रुपये रहा।
- रविवार की छुट्टी का भी इसे कोई फायदा नहीं मिला और कमाई सिर्फ 28 लाख रुपये रही।
- कल सोमवार को चौथे दिन इसने सिर्फ 10 लाख रुपये का कलेक्शन किया।
- 'प्रेम कीटाणु' का तीन दिनों का नेट कलेक्शन 1.21 करोड़ रुपये है।
'वन' की कमाई लाखों में आई
यह फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में लगी थी। 10वें दिन तक इसकी कमाई औसत रही। मगर, कल सोमवार को यह लाखों में सिमट गई है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा, तमन्ना भाटिया, सुनील ग्रोवर, श्वेता तिवारी और मनीष पॉल जैसे सितारे हैं। पहले वीक इसने 53.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। वीकएंड पर इसने अच्छा प्रदर्शन किया। रविवार को 10वें दिन फिल्म की कमाई 3.25 करोड़ रुपये रही। वहीं, कल सोमवार को 11वें दिन 'वन' ने सिर्फ 95 लाख रुपये का कलेक्शन किया। इस फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 63.05 करोड़ रुपये हो चुका है।
लाखों में आया 'हनुमान अंश' का कलेक्शन
इस फिल्म का जश्न पूरे देश में मनाया गया है। कल सोमवार को इसकी रिलीज को पूरे दो महीने हो गए। इस पर नोटों की झमाझम बरसात हो रही है। हालांकि, अब इसका कारोबार लाखों में आ गया है।
- रविवार की छुट्टी का फायदा लेते हुए 'हनुमान अंश' ने 59वें दिन तीन करोड़ रुपये कमाए थे।
- वहीं, कल सोमवार को 60वें दिन इसका कलेक्शन लाखों में सिमट गया और कमाई 75 लाख रुपये रही।
- 'हनुमान अंश' का टोटल नेट कलेक्शन 325.48 करोड़ रुपये हो गया है।
'मिर्जापुर द मूवी' टिकट खिड़की से गायब
फिल्म 'मिर्जापुर द मूवी' 04 सितंबर को रिलीज हुई थी। इसने दर्शकों को खूब आकर्षित किया और कमाई 200 करोड़ पार पहुंची। हालांकि, महीनेभर बाद अब लगता है कि यह टिकट खिड़की से आउट हो गई है। इसकी कमाई के आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं।