Agniveer: लिखित परीक्षा में करेंट अफेयर्स के प्रश्नों ने उलझाया, सेना भर्ती का दिखा जोश; चार पालियों में पेपर
Agniveer: वाराणसी के परिक्षेत्र के केंद्रों पर अग्निवीर की लिखित परीक्षा देने के लिए अभ्यर्थियों का जुटान हुआ। सेना भर्ती का जोश तो दिखा लेकिन कुछ सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझा दिया। कुल चार पालियों और 13 भाषाओं में परीक्षा हो रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: अग्निवीर की लिखित परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई है। इस पर जनरल ड्यूटी, तकनीशियन ट्रेड के दो वर्ग और क्लर्क के पद के लिए लिखित परीक्षा आयोजित कराई जा रही है। वाराणसी के 6, गोरखपुर के 5 सेंटर और गाजीपुर में तीन सेंटर पर सोमवार को परीक्षा हुई। परीक्षा चार पालियों में आयोजित कराई गई।
सबसे अधिक वाराणसी में 6620 अभ्यर्थियों का सेंटर बना था। इसके बाद गोरखपुर में 4660 और गाजीपुर में 1800 अभ्यर्थियों के लिए सेंटर बनाया गया था। सोमवार को पहले दिन की परीक्षा देने के लिए वाराणसी परिक्षेत्र में मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, भदोही, सोनभद्र, चंदौली, आजमगढ़, देवरिया और गोरखपुर जिले के अभ्यर्थी पहुंचे।
सघन जांच के बाद अभ्यर्थियों को निश्चित समय पर प्रवेश दिया गया। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि एक घंटे की परीक्षा में 50 सवाल पूछे गए थे। इसमें सम सामयिक प्रश्नों ने अधिकांश को परेशान कर दिया था।
नंदगंज के विशाल यादव ने बताया कि गणित और रीजनिंग में दिक्कत नहीं हुई लेकिन करेंट अफेयर्स के प्रश्न से दिक्कत हुई। चकिया बैरिया निवासी अरुण कुमार का कहना था कि केंद्र तक पहुंचने में खास परेशानी नहीं हुई। सफल होने की उन्होंने उम्मीद व्यक्त की। दिलदारनगर के बिंदपुरवा के रुतुल ने कहा कि सामान्य अध्ययन के सवालों से थोड़ी मुश्किल हुई। अन्य विषयों के प्रश्न संतोषजनक थे।
बलिया के नगरा के अनिल को भी सम सामयिक प्रश्नों ने उलझा दिया था। मंगलवार को फिर चार पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली की परीक्षा 8:30 से 9:30 तक होगी। द्वितीय पाली परीक्षा सुबह 11:30 से 12:30 तक कराई जाएगी।
वहीं तृतीय पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 से 3:30 तक कराई जानी है। चतुर्थ पाली की शाम के 5:30 से 6:30 तक होगा। पहली बार परीक्षा 13 भाषाओं में कराई जा रही है, जो अभ्यर्थी जिस भाषा में चाहे चयन कर परीक्षा दे सकता है।
गोरखपुर में पहचान पत्र के अभाव में छात्र की छूटी परीक्षा, केंद्र पर हंगामा
गोरखपुर के पिपराइच मार्ग पर स्थित सर्वोदय ऑनलाइन परीक्षा केंद्र जंगल सुभान अली में सोमवार की सुबह पहचान पत्र ने होने पर परीक्षा छूटने पर राहुल ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने समझा कर मामला शांत कराया।
स्कूल प्रशासन ने बताया कि सेंटर पर सुबह की पाली में 8:30 बजे से अग्निवीर की परीक्षा शुरू हुई। अभ्यर्थी राहुल परीक्षा केंद्र में निर्धारित समय से प्रवेश के कुछ समय बाद आया। उसके पास पहचान पत्र नहीं था। इस वजह से उसे केन्द्र में प्रवेश से रोक दिया गया। इस पर परीक्षार्थी राहुल यादव ने गेट पर ही हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने मामला शांत कराया।