Agniveer Bharti 2022: अग्निवीर अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, बलिया से वाराणसी सिटी के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे प्रशासन ने अग्निवीर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वाराणसी सिटी से बलिया के बीच एक जोड़ी विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
विस्तार
वाराणसी के छावनी क्षेत्र स्थित रणबांकुरे मैदान में अग्निवीर सेना भर्ती छह दिसंबर तक चलेगी। हर दिन अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थी दौड़ के लिए आते हैं। भारतीय रेलवे प्रशासन ने अग्निवीर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वाराणसी सिटी से बलिया के बीच एक जोड़ी विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार के मुताबिक 20 से 22 नवंबर तक गाड़ी संख्या 05113 बलिया से शाम साढ़े चार बजे चलेगी, जो फेकना, चिलकहर, रसड़ा, रतनपुरा, इंदारा, मऊ, औड़िहार स्टेशन पर रुकते हुए शाम साढ़े सात बजे वाराणसी सिटी पहुंचेगी।
20 से 23 नवंबर तक गाड़ी संख्या 05114 वाराणसी सिटी से रात साढ़े आठ बजे चलेगी। यह ट्रेन औड़िहार, मऊ, इंदारा, रतनपुरा, रसड़ा, चिलकहर, फेफना स्टेशन पर रुकते हुए रात साढ़े ग्यारह बजे बलिया पहुंचेगी। सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार अग्निवीर भर्ती में 12 जिलों के एक लाख 43 हजार 286 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही, जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर के अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। अभ्यर्थियों से अपील है कि शांति व्यवस्था बनाए रखें। चेताया कि सरकारी संपत्ति की क्षति करने वालों को चिह्नित कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चौथे दिन बढ़ा सफलता का ग्राफ, 367 दौड़ में पास
अग्निवीर सेना भर्ती में चौथे दिन अभ्यर्थियों के सफल होने का ग्राफ बढ़ा। शनिवार को 367 अभ्यर्थियों ने दौड़ में सफलता प्राप्त की। देवरिया के कैम्पियरगंज और देवरिया, रुद्रपुर तहसील के 6241 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। जबकि पंजीकृत 7819 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। छावनी क्षेत्र के रणबांकुरे मैदान में रविवार को सोनभद्र के घोरावल, देवरिया के भाटपार रानी, बरहज और सलेमपुर तहसीलों के 7271 अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।
रणबांकुरे मैदान में सुबह पांच बजे ही अभ्यर्थियों की दौड़ शुरू हो रही है। 1600 मीटर दौड़ में सफल होने वाले अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों और शारीरिक दक्षता की जांच हो रही है। दस्तावेज में गड़बड़ी करने वाले अभ्यर्थियों को तुरंत बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है। किसी के आधार कार्ड तो किसी के हाईस्कूल सर्टिफिकेट में गड़बड़ी पकड़ी जा रही है। सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार स्कैनिंग सिस्टम के जरिए सभी गड़बड़ियों का स्कैन कर लिया जा रहा है।