लोकसभा चुनाव 2019 : अफजाल अंसारी बोले- कांग्रेस और भाजपा मौसेरे भाई, दोनों ने देश को लूटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
2019 के लोकसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही है, वैसे-वैसे पार्टियों में जोड़-तोड़ में तेजी आ रही है। इसी क्रम में भाजपा के पिछड़े नेता और उत्तर प्रदेश को-ऑपरेटिव यूनियन के चेयरमैन उमाशंकर कुशवाहा बुधवार को बसपा में शामिल हो गए। इस दौरान अफजाल अंसारी ने कांग्रेस और भाजपा पर जमकर निशाना साधा है।
गाजीपुर के कचहरी स्थित पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बीना यादव के आवास पर जोनल कोआर्डिनेटर घनश्याम चंद्र खरवार की मौजूदगी में उमाशंकर कुशवाहा पार्टी में शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्व सांसद और लोकसभा प्रभारी अफजाल अंसारी ने कहा कि उमाशंकर के आने से पार्टी और भी मजबूत हो गई है।
अफजाल अंसारी ने कांग्रेस और भाजपा को मौसेरे भाई बताया। अफजाल अंसारी ने कहा कि पहले कांग्रेस ने देश को लूटा और अब भाजपा लूट रही है। जनता इस चुनाव में इन्हें जवाब देगी। सपा-बसपा गठबंधन की आंधी में भाजपा और कांग्रेस का यूपी से सफाया हो जाएगा।
भाजपा ने पिछड़े समाज को छला : उमाशंकर
बसपा के वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर के मुख्य जोन इंचार्ज घनश्याम खरवार ने कहा कि बसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देश पर उत्तर प्रदेश को-ऑपरेटिव यूनियन के चेयरमैन उमाशंकर कुशवाहा को बसपा ज्वाइन कराई गई है।
घनश्याम खरवार ने कहा कि उमाशंकर कुशवाहा के घर वापसी से पार्टी और मजबूत होगी। इस लोकसभा चुनाव को बड़े अंतर से बसपा जीतेगी। पूर्व विधायक उमाशंकर कुशवाहा ने कहा कि पिछड़े वर्ग के सम्मान के लिए मैंने बसपा की सदस्यता ग्रहण की है।
पिछड़ों के हक और सम्मान के लिए मैंने और मेरे समर्थकों ने केशव मौर्या के नेतृत्व में भाजपा में आस्था व्यक्त की थी, लेकिन भाजपा ने हर मोड़ पर पिछड़ों को धोखा दिया और अपमान किया है, इसलिए मैंने घर वापसी का निर्णय लिया।
बता दें कि उमाशंकर कुशवाहा बसपा से गाजीपुर में विधायक रह चुके है। इसके बाद उन्होंने सपा का साथ थाम लिया। विधानसभा चुनाव 2017 के पहले भाजपा में शामिल हुए थें।