एयर शो को लेकर प्रशासन गंभीर: महापौर, डीएम और नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
वाराणसी में भारतीय वायुसेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ पर होने वाले एयर शो की तैयारियों का महापौर अशोक कुमार तिवारी, डीएम सत्येंद्र कुमार और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जायजा लिया। नमो घाट से ब्रह्मघाट तक पैदल निरीक्षण के दौरान सफाई, रोशनी, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, पीए सिस्टम, दिशा-सूचक बोर्ड और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था परखी गई।
विस्तार
भारतीय वायुसेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में वाराणसी में होने वाले भव्य एयर शो की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन के दौरान लाखों दर्शकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नमो घाट से ब्रह्मघाट तक पैदल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गंगा किनारे घाटों, संपर्क मार्गों और गलियों में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह भी मौजूद रहे।
पीए सिस्टम और दिशा-सूचक बोर्ड से मिलेगी मदद
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर लगाए जा रहे दिशा-सूचक साइनेज बोर्ड, पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम, मोबाइल टॉयलेट और डस्टबिन की व्यवस्था की समीक्षा की। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य दर्शकों को रास्तों की जानकारी देने, जरूरी घोषणाएं करने और साफ-सफाई बनाए रखने में मदद करना है।
महापौर और प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। एयर शो के दौरान देश-विदेश और विभिन्न जिलों से आने वाले दर्शकों, पर्यटकों और वीवीआईपी अतिथियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
सुरक्षा और मेहमाननवाजी पर विशेष जोर
अधिकारियों ने घाटों और आसपास के मार्गों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया। साथ ही भीड़ नियंत्रण, रोशनी और स्वच्छता के इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के अभियंता, जोनल अधिकारी और नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।