वाराणसी में हादसा: छठ पूजा के लिए मायके जा रही महिला की मौत, बेटा घायल; दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर
छठ पूजा पर आजमगढ़ स्थित मायके जाने के लिए बेटे के साथ निकलीं भदोही निवासी मीरा उपाध्याय (45) की शनिवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। मिर्जामुराद के बिहड़ा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में मां-बेटे घायल हुए थे। ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मीरा ने दम तोड़ दिया।
विस्तार
छठ पूजा पर मायके जाने की तैयारी थी। वर्षों से मायके में छठी मइया की पूजा करने वाली मीरा उपाध्याय शनिवार को बेटे के साथ घर से निकलीं, लेकिन रास्ते में हुए सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा गांव के समीप वाराणसी-प्रयागराज हाईवे के अंडरपास के उत्तर सर्विस मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में मीरा (45) और उनका बेटा कृष्ण उपाध्याय उर्फ शिवम गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मीरा की मौत हो गई, जबकि बेटा घायल है।
भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव निवासी मीरा उपाध्याय पत्नी अशोक उपाध्याय शनिवार सुबह करीब 10 बजे बेटे के साथ बाइक से कछवां रोड की तरफ आ रही थीं। उन्हें आजमगढ़ जिले के भगवानपुर गांव स्थित मायके जाना था। छठ पूजा में शामिल होने के लिए वह बेटे के साथ कछवां रोड पर आजमगढ़ जाने वाली रोडवेज बस पकड़ने निकली थीं। इसी दौरान बिहड़ा गांव के पास अंडरपास के उत्तरी सर्विस मार्ग पर सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई।
परिजनों में कोहराम
टक्कर इतनी तेज थी कि मां-बेटे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार लोगों को हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद वे अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों घायलों को ट्रामा सेंटर भिजवाया। वहां इलाज के दौरान मीरा ने दम तोड़ दिया।
परिजनों के अनुसार, मीरा कई वर्षों से अपने मायके में छठ पूजा करती आ रही थीं। इस बार भी पर्व मनाने के लिए वह मायके जाने की तैयारी में थीं, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दूसरी बाइक को कब्जे में ले लिया है। फरार बाइक सवारों की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
