एबीवीपी ने फूंका तेलंगाना सरकार का पुतला, दुष्कर्म और हत्या के आरोपियों को मौत की सजा देने की मांग
हैदराबाद की घटना ने सभी को हैरान कर दिया है। जगह-जगह इस घटना का विरोध हो रहा है। वहीं लोग इस घटना को अंजाम देने वालों को मौत की सजा देने की मांग कर रहे हैं। वाराणसी में भी एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने तेलंगाना सरकार का पुतला जलाकर आरोपियों को मृत्युदंड देने की मांग की है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मैदागिन चौराहे पर हैदराबाद में युवा महिला पशुचिकित्सक(27) के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसे जिंदा जला कर की गई हत्या के विरोध में तेलंगाना सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान एबीवीपी काशी महानगर इकाई के कार्यकर्ताओं ने तेलंगाना के गृह मंत्री के बेतुके बयान की निंदा की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि जहां एक ओर मदद मांगने के नाम पर महिला चिकित्सक के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसे हैवानों ने जिंदा जला दिया, वहीं तेलंगाना के गृह मंत्री का कहना है कि महिला डॉक्टर अपने घर के बजाय पुलिस को भी फोन कर सकती थी। इस बयान से तेलंगाना सरकार की मानसिकता साफ नजर आती है।
पीड़िता के परिजनों को न्याय दिलाने के बजाय तेलंगाना सरकार मामले की लीपापोती में लगी हुई है। एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने दोषियों को मौत की सजा देने की मांग की है। सरकार इस घटना के आरोपियों को मृत्युदंड देने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामले की सुनवाई करे और जल्द आरोपियों को मृत्युदंड की सजा सुनाए। पुतला दहन मुख्य रूप से आशीष सिंह, स्वतंत्र सिंह, शुभम कुमार सेठ, शानू, मनोज, अंकित सेठ, मनीष, सौरव सोनकर, आयुष राजपूत, अंकित सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल थें।
हैदराबाद में कुछ लोगों ने एक युवा महिला पशुचिकित्सक(27) के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया और फिर उसे जिंदा ही जला दिया। इसके बाद उसकी अधजली लाश को पुल से नीचे फेंक दिया गया।