फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   आशापुर चौराहे पर बनेगा अशोक स्तंभ!

आशापुर चौराहे पर बनेगा अशोक स्तंभ!

Sat, 27 Jul 2013 05:33 AM IST
Varanasi
Varanasi Updated Sat, 27 Jul 2013 05:33 AM IST
विज्ञापन
वाराणसी। आशापुर चौराहे को भव्य रूप देकर वहां से सारनाथ तक की सड़क को चौड़ा किया जाएगा। चौराहे पर राष्ट्रीय प्रतीक चिह्न अशोक चिह्न भी बनेगा। इसके अलावा यहां महात्मा बुद्ध की प्रतिमा भी लगेगी। यह निर्णय वाराणसी विकास समिति की शुक्रवार को खरबूजा शहीद दैनिक जागरण के सभागार में हुई बैठक में लिया गया। समिति की बैठक में बेनियाबाग स्थित मातृ शिशु केंद्र में चिकित्सकों की ड्यूटी लगाकर चिकित्सा कार्य अविलंब शुरू करने, तीर्थयात्रियों व श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दशाश्वमेध से गोदौलिया मार्ग को सुंदर कर इलेक्ट्रिक कार चलाने, भैरवनाथ मंदिर के लिए जाने वाले रास्ते को चौड़ा करने, विजया तिराहे पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा लगाने, चौकाघाट फ्लाईओवर को विस्तार देने, सितंबर से सार्वजनिक स्थलों पर प्रस्तावित शौचालयों का निर्माण कार्य शुरू करने, प्रमुख मार्गों पर सुगम यातायात में अवरोध बने विद्युत खंभों को हटाने सहित कई अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति जताई गई।
विज्ञापन

मंडलायुक्त चंचल कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में इंडो श्रीलंका अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध सभा के अध्यक्ष के सिरी सुमेद थेरो ने महात्मा बुद्ध की प्रथम उपदेश स्थली के महत्व की चर्चा की। साथ ही आशापुर चौराहे की दुर्दशा का जिक्र कर यहां राष्ट्रीय प्रतीक चिह्न अशोक चिह्न व महात्मा बुद्ध की प्रतिमा लगाने का सुझाव दिया। उनका कहना था कि सारनाथ में देश विदेश से हजारों की संख्या में बौद्ध पर्यटक आते हैं लेकिन वहां जाने के लिए आशापुर चौराहे पर कोई दिशा सूचक तक नहीं है। उन्होंने आशापुर चौराहे को भव्य रूप देकर यहां से सारनाथ तक की सड़क चौड़ा करने तथा किनारों पर पाथ वे बनाने का सुझाव दिया। उनका कहना था कि आशापुर को सारनाथ से जोड़ा जाना चाहिए क्योंकि इस चौराहे से बोधगया, लुंबिनी सहित महात्मा बुद्ध से जुड़े अन्य स्थानों के लिए लोग जाते हैं। उनके सुझाव पर समिति के सदस्यों ने सहमति जताई। इसके साथ ही चौराहे को भव्य रूप देने के लिए मंडलायुक्त ने निजी संस्थाओं से सहयोग लेने का सुझाव दिया। इस पर उद्यमी आदर्श झुनझुनवाला ने चौराहे को गोद लेकर भव्य रूप देने तथा सारनाथ की तरफ प्रवेश द्वारा बनाने की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव पर मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने की हिदायत दी।
विज्ञापन

बैठक में कमच्छा पर विद्युत विभाग का भवन पीछे कर कर तिराहे को चौड़ा, अंधरापुल को चौड़ा करने के लिए डिजाइन बनाने के लिए बीएचयू आईआईटी के निदेशक के साथ ही रेलवे को भी पत्र लिखने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा गोदौलिया से लक्सा तथा गिरजाघर चौराहा से रामापुरा मार्ग पर सड़क पर हुए अतिक्रमण हटाने का अभियान जल्द चलाने का सुझाव दिया गया। इस पर जिलाधिकारी व एसएसपी ने समिति के सदस्यों को यथाशीघ्र अभियान चलाने का आश्वासन दिया। मंडलायुक्त ने सामने घाट से रामनगर पुल के निर्माण के लिए वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने के बाद कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को यथाशीघ्र कार्य शुरू कराने की हिदायत भी दी।
विज्ञापन
विज्ञापन


गोदौलिया से दशाश्वमेध तक चलेगी इलेक्ट्रिक कार
समिति की बैठक के दौरान एसएसपी अजय मिश्रा ने गोदौलिया से दशाश्वमेध मार्ग को पर वाहनों की आवाजाही के लिए बीच में स्थित डिवाइडर हटाने तथा दोनों तरफ पैदल चलने वाले तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए पाथ वे बनाने सुझाव दिया। उनका कहना था कि यहां देश विदेश से आने वाले तीर्थयात्री दशाश्वमेध घाट, गंगा स्नान व विश्वनाथ मंदिर दर्शन पूजन करने अवश्य जाते हैं। इसको देखते हुए इस मार्ग पर समुचित प्रकाश की व्यवस्था कर गोदौलिया से दशाश्वमेध तक के मार्ग को मॉल रोड के रूप में तब्दील किया जा सकता है। और भव्य रूप दिया जा सकता है। यह चर्चा चल ही रही थी कि इसी बीच तारांकित होटल के संचालक अरविंद अग्रवाल ने विकलांग व वृद्ध तीर्थयात्रियों व श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत गोदौलिया से दशाश्वमेध तक छह से आठ सीटों वाली दो इलेक्ट्रिक कार मुफ्त चलाने का प्रस्ताव समिति के समक्ष रखा। इस प्रस्ताव पर समिति के सदस्यों ने सहमति जताई। मंडलायुक्त के निर्देश पर जिलाधिकारी प्रांजल यादव ने गोदौलिया से दशाश्वमेध मार्ग के लिए प्रस्तावित कार्यों के लिए धनराशि की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया।
भैरवनाथ मार्ग होगा चौड़ा
वाराणसी विकास समिति की बैठक में भैरवनाथ मंदिर जाने वाले को चौड़ा करने पर भी विचार किया गया। बैठक में उद्यमी मयंक माहेश्वरी ने वाहनों की पार्किगिं के लिए जगह उपलब्ध कराने, विशेश्वरगंज से भैरवनाथ मार्ग पर सड़क किनारे पांच फीट तथा मछोदरी मार्ग पर दाहिनी तरफ 108 फीट लंबाई में 15 से 20 फीट जगह उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा। उनका कहना था कि इससे मार्ग की चौड़ाई तो बढ़ेगी ही, साथ ही यातायात व्यवस्था में भी सुधार होगा। इस प्रस्ताव पर भी सदस्यों ने सहमति जताई। मंडलायुक्त ने विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे जिलाधिकारी प्रांजल यादव को उद्यमी द्वारा जमीन उपलब्ध कराने के बदले की जा रही मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार कर आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा।
थानों, पुलिस चौकियों के पास बनेंगे शौचालय
समिति की बैठक के दौरान सदस्यों ने यहां आने वाले पर्यटकों व तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए शहर में सार्वजनिक जगहों पर शौचालयों के निर्माण का सुझाव दिया। इस सुझाव के दृष्टिगत एसएसपी अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि समाजसेवी संस्थाएं व उद्यमी सहयोग के लिए आगे आएं तो जिले के सभी थानों व पुलिस चौकियों के पास शौचालयों के निर्माण के लिए जगह उपलब्ध करा सकते हैं। उनके इस प्रस्ताव पर सदस्यों ने सहमति जताई। इस मसले पर चर्चा के दौरान नगर आयुक्त आरपी सिंह ने बताया कि शहर में जापानी एजेंसी जायका के सहयोग से 205 शौचालयों के निर्माण की योजना है। इसमें से 76 शौचालयों के लिए जगह चिह्नित कर ली गई है। इसमें से 45 शौचालयों के निर्माण के लिए 30 अगस्त को टेंडर आमंत्रित किया गया है। उन्होंने सितंबर से शौचालयों के निर्माण का कार्य शुरू होने की बात भी कही। कुछ उद्यमियों ने अपने खर्च पर महिलाओं के लिए शौचालयों का निर्माण कराने का प्रस्ताव रखा और इसके लिए नगर आयुक्त से जगह उपलब्ध कराने की मांग की।
शिवपुर बाईपास पर बनेगा प्रवेश द्वार
समाजसेवी व निजी अस्पताल के संचालक अंशुमान राय ने शिवपुर बाईपास पर भव्य प्रवेश द्वार बनाने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने जगह उपलब्ध कराने पर शिवपुर तिराहे पर वाटर फाउंटेन युक्त ग्रीन आईलैंड बनाने का प्रस्ताव भी दिया। इस प्रस्ताव के दृष्टिगत मंडलायुक्त ने नगर आयुक्त को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
मछोदरी में बनेगा चिल्ड्रेन पार्क
समिति की बैठक में रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल के अध्यक्ष जयप्रकाश मुंदड़ा ने एक प्राथमिक विद्यालय गोद लेने तथा चिल्ड्रेन पार्क बनाने का प्रस्ताव रखा। इस पर नगर आयुक्त निगम मछोदरी पार्क को चिल्ड्रेन पार्क के रूप में तब्दील करने का सुझाव दिया। साथ ही इसके लिए उन्होंने जयप्रकाश से कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए प्रस्ताव भी मांगा। उन्होंने गोद लेने के लिए विद्यालय का नाम जल्द बताने का आश्वासन भी दिया।

78 लाख खर्च कर हटेंगे पांच प्रमुख मार्गों पर लगे खंभे
सड़कों को चौड़ा करने में आड़े आ रहे बिजली के खंभों को हटाने के लिए 78 लाख रुपये की कार्ययोजना बनाई गई है। यह जानकारी वाराणसी विकास समिति की बैठक में आए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निदेशक (तकनीकी) एमएल शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि ककरमत्ता पुल के पास, रथयात्रा-दशाश्वमेध, दुर्गाकुंड-गुरुधाम कालोनी, सिगरा-महमूरगंज तथा लहरतारा से सामने घाट मार्ग पर सड़कों को चौड़ा करने में आड़े आ रहे बिजली के खंभों व ट्रांसफार्मरों को हटाकर किनारे के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना स्वीकृत हो गई है। जल्दी ही कार्य शुरू किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed