{"_id":"5b8d89f142c7924661545e70","slug":"81536002545-varanasi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"लगातार बारिश में बढ़ाई दुश्वारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लगातार बारिश में बढ़ाई दुश्वारी
Updated Tue, 04 Sep 2018 01:12 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ज्ञानपुर। बारिश ने कई वर्षों का रिकार्ड तोड़ दिया है। इस सीजन में अब तक 1120 मिमी. बारिश दर्ज हो चुकी है। जबकि पिछले वर्ष 450 मिमी बारिश पूरे सीजन में हुई थी। रविवार रात 12 बजे से लेकर सोमवार को दोपहर दो बजे तक लगातार बारिश होती रही। इससे कई स्थानों पर भारी जलभराव हो गया और सड़कें कीचड़ से सन गईं। लगातार बारिश से कई स्थानों पर कच्चे मकान गिर गए। कई स्थानों पर पेड़ भी गिर गए। इससे जनजीवन प्रभावित हो गया। सीतामढ़ी में बारिश के कारण एक कुआं बैठ गया। यहां तीन लोग बाल-बाल बच गए। जुलाई के दूसरे पखवारे से मानसून ने जो मेहरबानी दिखानी शुरू की, वह अब भारी पड़ने लगी है। किसानों के लिए भले ही यह बारिश सहूलियत भरी हो, लेकिन, आम लोगों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। तीन दिनों से मामूली अंतराल के बाद लगातार हो रही बारिश सोमवार को दोपहर बाद तक जारी रही। इससे ज्ञानपुर के दुर्गागंज तिराहा, पुरानी कलेक्ट्रेट, भदोही, गोपीगंज समेत अन्य मोहल्लों में पानी भर गया। नगर से लेकर गांव तक सड़कें कीचड़ से सन गईं। कृषि विभाग के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो इस साल की बारिश ने गत दो दशक पुराने रिकार्ड को ध्वस्त कर दिया। उप निदेशक कृषि अरविंद सिंह ने बताया कि तीन सितंबर तक 1120 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से सवा गुना अधिक है। उन्होंने कहा कि अब तक 735 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि 120 फीसदी से अधिक बारिश होने पर जिले को अतिवृष्टि की श्रेणी में रखा जाता है। जिले में अब तक 125 फीसदी बारिश हो चुकी है। 30 सितंबर तक हालात ऐसे ही रहे तो अतिवृष्टि की श्रेणी में जिला आ जाएगा। बारिश से जर्जर हो चुके कच्चे मकान धराशायी हो जा रहे हैं। ज्ञानपुर नगर के बड़ाडीह निवासी विद्याशंकर का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। संयोग था कि उसमें कोई नहीं था। हालांकि मलबे में दबने से घर का सामान नष्ट हो गया। गोपीगंज नगर के वार्ड चार निवासी अनिल विश्वकर्मा का टीनशेड और पक्की दीवार बारिश से गिर गई। इससे परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया। सभासद पति महेश विश्वकर्मा ने प्रशासन से आर्थिक सहयोग की मांग की। सीतामढ़ी संवाददाता के अनुसार, कोइरौना थानाक्षेत्र के नारेपार गड़ेरिया की बारी बस्ती निवासी हंसराज सिंह का पुराना कुआं बारिश के पानी के रिसाव से बैठ गया। कुएं से सट कर उनकी पक्की दालान है, जिसमें हंसराज सिंह सहित उनका पुत्र दीपक सिंह, पोता आर्यन सिंह, पोती सिया सिंह और बच्ची सिंह सोये हुए थे। संयोग था कि सभी बच गए।
विज्ञापन