यूपी: आजमगढ़ में बैंक सेवा केंद्र से 80 हजार की लूट, एक गिरफ्तार, तीन बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने दिया लूट को अंजाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पवई थाना क्षेत्र के गोधना बाजार स्थित पीएनबी के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक व अन्य लोगों को असलहे से आतंकित कर पांच बदमाशों ने 80 हजार रुपये लूट लिए। पवई पुलिस शुरू में इसे मारपीट की घटना बता रही थी। किंतु देर शाम इस मामले में शामिल एक बदमाश को पुलिस ने दीदारगंज थाना क्षेत्र के गड्ढोपुर गांव के पास हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया बदमाश शैलेंद्र पासी उर्फ बबलू पुत्र रत्तीलाल, कछरा थाना पवई का निवासी है। वह पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया है।
गोधना बाजार स्थित बैंक सेवा केंद्र में केंद्र संचालक मिथिलेश मौर्या निवासी ग्राम गोधना के अलावाबैंक मित्र रामजीत प्रजापति निवासी मैगना के साथ दो ग्राहक मौजूद थे। सुबह साढ़े दस बजे असलहों से लैस तीन बाइक पर सवार पांच बदमाश वहां पहुंचे। उन्हें असलहा निकालते देख रामजीत प्रजापति ने जेब में रुमाल में लपेट कर रखा ढाई लाख रुपया धीरे से कागजों के ढेर में गिरा दिया।
बदमाशों ने सभी को तमंचा सटा कर मिथिलेश के काउंटर में रखे 50 हजार, जेब से 9 हजार, रामजीत के जेब से पांच हजार व 12 हजार का मोबाइल छीन ले गए। जाते समय बदमाशों ने दुकान का शटर गिरा भी दिया। मिथिलेश ने 112 पुलिस को सूचना दी। इसके कुछ ही देर बाद पवई पुलिस मौके पर पहुंच गई और बैंक मित्र मिथिलेश को लेकर थाने चली आई। जहां उसने घटना की तहरीर दिया। वहीं पुलिस इसे लूट की नहीं मारपीट की मामूली घटना बताते हुए लूट के प्रयास की बात कह रही थी।
पुलिस से हुई मुठभेड़ में एक गिरफ्तार, दो फरार
दीदारगंज थाना क्षेत्र के गड्ढोपुर गांव के पास पुलिस से हुई मुठभेड़ में बैंक सेवा केंद्र में हुई लूट में शामिल शातिर अपराधी शैलेंद्र पासी उर्फ बबलू पुत्र रत्तीलाल निवासी कछरा थाना पवई पुलिस की गोली से घायल हो गया।
सीओ जितेंद्र कुमार को बुधवार शाम सूचना मिली कि बैंक सेवा केंद्र पर हुई लूट का अभियुक्त दीदारगंज की तरफ आ रहा है। इस पर पुलिस टीम उसके पीछे लग गई। गड्ढोपुर गांव के पास हुई मुठभेड़ में बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गया।
जबकि उसके दो अन्य साथी मौके से भाग निकले। एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि घायल बदमाश ने गोधना बाजार में हुई घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। यह गैगेस्टर व हिस्ट्रीशीटर भी है और आधा दर्जन से अधिक मुकदमों में वांछित है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
सुबह की मारपीट शाम होते लूट में तब्दील
पवई थाना क्षेत्र के गोधना बाजार स्थित बैंक सेवा केंद्र पर बुधवार की सुबह हुई घटना को पुलिस महकमा दिन भर लूट मानने को तैयार नहीं था। एसपी ग्रामीण से लेकर सीओ व एसओ तक घटना को मारपीट बताने में ही जुटे हुए थे।
वहीं शाम हुई मुठभेड़ में एक बदमाश को घायल कर पकड़ने के बाद पुलिस ने खुद ब खुद बैंक सेवा केंद्र पर सुबह हुई मारपीट की घटना को लूट की घटना बताना शुरू कर दिया और छह से सात घंटे में ही गोधना बाजार की घटना का खुलासा करने का दावा किया जाने लगा है।