इग्नू का दीक्षांत समारोह: 4161 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां, पीजी में सबसे ज्यादा 2215; जानें खास
IGNOU Convocation: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह 7 अप्रैल को बीएचयू परिसर में होगा। 4,161 छात्र-छात्राओं को उपाधि दी जाएगी। मुख्य समारोह नई दिल्ली में होगा, जहां सीपी राधाकृष्णन मेधावियों को डिग्री प्रदान करेंगे।
विस्तार
Varanasi News: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय नई दिल्ली (इग्नू) का 39वां दीक्षांत समारोह सात अप्रैल को आयोजित किया गया। बीएचयू परिसर स्थित क्षेत्रीय केंद्र से जुड़े वाराणसी समेत 19 जिलों के अध्ययन केंद्रों पर पढ़ने वाले 4161 विद्यार्थियों को उपाधियां मिलेंगी।
इग्नू मुख्यालय नई दिल्ली में होने वाले मुख्य समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मेधावियों को डिग्री देंगे जबकि बीएचयू परिसर में होने वाले इस आयोजन में इग्नू क्षेत्रीय केंद्र निदेशक सहित अन्य अतिथि मौजूद रहेंगे।
इग्नू के देश भर में 39 क्षेत्रीय केंद्र हैं, इसमें वाराणसी का क्षेत्रीय केंद्र बीएचयू कैंपस में हैं। यहां से वाराणसी के साथ ही गाजीपुर, जौनपुर, मऊ, गोरखपुर सहित 19 जिलों के विश्वविद्यालय/महाविद्यालय में चलने वाले अध्ययन केंद्र की निगरानी होती है। इधर, दीक्षांत समारोह में उपाधि पाने वाले मेधावियों की सूची तैयार करवाई जा रही है। वाराणसी में यह आयोजन इग्नू क्षेत्रीय केंद्र के पास मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र में मनाया जाएगा।
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र निदेशक डॉ. उपेंद्र नभ त्रिपाठी ने बताया कि सात अप्रैल को बीएचयू में होने वाले समारोह में क्षेत्रीय केंद्र के तहत अध्ययन केंद्रों पर पढ़ने वाले 4,161 विद्यार्थी उपाधि पाएंगे। इसमें सबसे अधिक 2215 परास्नातक, 1379 स्नातक, 440 डिप्लोमा और 127 सर्टिफिकेट के छा़त्र-छात्रा का नाम शामिल है।
बताया कि दीक्षांत समारोह में वैसे छात्रों को शामिल किया गया है जिन्होंने दिसंबर 2024 और जून 2025 में किसी भी पाठ्यक्रम में परीक्षा पास की हो, वैसे छात्र अपनी उपाधि (डिग्री) के लिए विश्वविद्यालय की ओर से तैयार कराए गए लिंक पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इससे जुड़ी विस्तृत जानकारी बीएचयू कैंपस स्थित इग्नू क्षेत्रीय केंद्र से ली जा सकती है।
क्षेत्रीय केंद्र से जुड़े हैं ये जिले
वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, चंदौली, सुल्तानपुर, बलिया, जौनपुर, आजमगढ़, संतरविदासनगर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, गाजीपुर, देवरिया, कुशीनगर, मऊ, सोनभद्र, अंबेडकरनगर, खलीलाबाद और महराजगंज।